दो लड़कियों ने एक फीट लंबे चाकू से मचाया आतंक
दो लड़कियों ने एक फीट लंबे चाकू से मचाया आतंक Social Media
क्राइम एक्सप्रेस

इंदौर : दो लड़कियों ने एक फीट लंबे चाकू से मचाया आतंक

Author : Pradeep Chauhan

इंदौर, मध्य प्रदेश। राजवाड़ा जैसे व्यस्त इलाके में रविवार अल सुबह गुरुद्वारा इमली साहेब से अरदास कर लौट रही दो महिलाओं को एक्टिवा सवार दो लड़कियों ने टक्कर मारी और विवाद किया। महिलाओं ने विरोध किया तो इन लड़कियों ने करीब एक फीट लंबा चाकू निकालकर डराना धमकाना शुरु कर दिया। इन लड़कियों ने करीब आधा घंटे तक इलाके में आतंक मचाया। कुछ लोग बीच बचाव के लिए आए तो इन लड़कियों ने उन्हें भी धमकाना शुरु कर दिया। इसके बाद आसपास के कई लोग वहां पहुंचे दोनों लड़कियों को घेरकर पुलिस के हवाले किया। पुलिस इन लड़कियों का आपराधिक रिकार्ड चैक कर रही है। पता चला है कि कुछ दिनों पहले पलासिया में 56 दुकान पर इन दोनों लड़कियों ने एक युवती से मारपीट की थी उसका विडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था।

सूत्रों के मुताबिक जनता कालोनी निवासी गुरुप्रीत पति तरणजीतसिंह कौर एवं एक अन्य महिला गुरुद्वारे से अरदास कर दो पहिया वाहन से घर लौट रही थी। राजवाड़े से खजूरी बाजार के बीच इनके दो पहिया वाहन को एक्टिवा सवार दो लड़कियों ने टक्कर मार दी और विवाद करने लगी। जब इनका विरोध किया तो दोनों लड़कियों ने एक फीट लंबा चाकू निकाल लिया वे लूट के लिए ये हरकत कर रही थीं। इन दोनों लड़कियों ने मार्निंग वाक पर निकले कई लोगों को चाकू दिखाकर लूटने की कोशिश भी की थी। पुलिस को सूचना मिली उसके बाद आम जनता की मदद से इन दोनो लड़कियों को पुलिस ने पकड़ लिया। सराफा थाने में इनके खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। एएसपी राजेश व्यास ने बताया कि दोनो लड़कियों का आपराधिक रिकॉर्ड चैक किया जा रहा है। इनके खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। इनके पास से एक फीट लंबा चाकू और कुछ ब्लैड भी मिली हैं। पुलिस को आशंका है कि इन दोनों लड़कियों ने इसके अलावा भी वारदातें की हैं। एएसपी ने आम जनता से अपील की है कि यदि वे इन दोनों लड़कियों की लूट या अन्य वारदात का शिकार हुए हों तो तत्काल पुलिस को सूचना दें। बताते हैं कि ये दोनों लड़कियां नशे की आदी हैं और इन्होंने अपना खुद का गैंग बना रखा है। आधा दर्जन से ज्यादा लडकियां इनकी गैंग में शामिल हैं। ये रात को हथियारबंद होकर लूट की वारदात के लिए सड़कों पर निकलती हैं। अभी तक ये गैंग कई वारदात कर चुका है।

ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस वाट्सऐप चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। वाट्सऐप पर Raj Express के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।

SCROLL FOR NEXT