राष्ट्रपति चुनाव में द्रौपदी मुर्मू को बसपा का समर्थन
राष्ट्रपति चुनाव में द्रौपदी मुर्मू को बसपा का समर्थन Social Media
भारत

राष्ट्रपति चुनाव में द्रौपदी मुर्मू को बसपा का समर्थन, मायावती ने किया ऐलान

Sudha Choubey

लखनऊ, भारत। राष्ट्रपति चुनाव के लिए दो उम्मीदवार मैदान में हैं। एनडीए की तरफ से द्रौपदी मुर्मू (Draupadi Murmu) को उम्मीदवार चुना गया है। देश की सबसे महत्वपूर्ण राजनीतिक पार्टियों में से एक बहुजन समाज पार्टी (Bahujan Samaj Party) ने द्रौपदी मुर्मू की उम्मीदवारी का समर्थन किया है। आज शनिवार को बीएसपी चीफ मायावती (Mayawati) ने मुर्मू को राष्ट्रपति चुनाव में समर्थन का ऐलान किया है।

मायावती ने किया ऐलान:

आज शनिवार को बीएसपी चीफ मायावती ने द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति चुनाव में समर्थन का ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि, "हमारी पार्टी ने आदिवासी समाज को अपने मूवमेंट का खास हिस्सा मानते हुए द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति पद के लिए अपना समर्थन देने का निर्णय लिया है।"

उन्होंने आगे कहा कि, "हमने यह अति महत्वपूर्ण फैसला BJP और NDA के पक्ष या फिर विपक्षी पार्टी के विरोध में नहीं लिया है, बल्कि अपनी पार्टी के मूवमेंट को ध्यान में रखते हुए एक आदिवासी समाज की योग्य और कर्मठ महिला को देश की राष्ट्रपति बनाने के लिए यह फैसला लिया है।"

बीएसपी चीफ मायावती ने कहा कि, "ममता बनर्जी ने राष्ट्रपति चुनाव के लिए एक विपक्षी उम्मीदवार का चयन करने के लिए, 15 जून को बुलाई गई बैठक में केवल चयनित पार्टियों को आमंत्रित किया और जब शरद पवार ने 21 जून को एक बैठक बुलाई, तो बसपा को आमंत्रित नहीं किया गया था। यह उनके जातिवाद के उद्देश्यों को दर्शाता है।"

मायावती ने कहा, "बसपा गरीब और दलित की पार्टी है। बीजेपी ने राष्ट्रपति के चुनाव में बातचीत का केवल दिखावा किया। जबकि शरद पवार और ममता बनर्जी ने विपक्ष की बैठक में बीएसपी को नहीं बुलाया, जो राष्ट्रपति चुनाव को लेकर था, लेकिन हमारी पार्टी जुमलेबाजी नहीं करती है। हम लोग मानतवादी सोच के हैं।"

आपको बता दें कि, द्रौपदी मुर्मू ने प्रधानमंत्री मोदी और पार्टी के शीर्ष नेताओं की मौजूदगी में शुक्रवार को नामांकन पत्र दाखिल किया। इस दौरान प्रधानमंत्री के अलावा अमित शाह, राजनाथ सिंह, जेपी नड्डा भी मौजूद रहे। वहीं, विपक्ष की तरफ से उम्मीदवार यशवंत सिन्हा 27 जून को नामांकन कर सकते हैं।

ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस वाट्सऐप चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। वाट्सऐप पर Raj Express के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।

SCROLL FOR NEXT