COVID-19: भारत में दूसरी मौत का मामला
COVID-19: भारत में दूसरी मौत का मामला Social Media
दिल्ली

COVID-19: भारत में दूसरी मौत का मामला, वायरस का प्रकोप जारी

Author : Sudha Choubey

राज एक्सप्रेस। कोरोना वायरस के प्रकोप ने दुनियाभर में कोहराम मचा रखा है। कोरोना वायरस से भारत में दूसरी मौत का मामला सामने आया है। कोरोना वायरस के कारण देश की राजधानी दिल्ली में 68 साल की एक महिला ने कोरोना वायरस के संक्रमण के बाद 13 मार्च को राम मनोहर लोहिया अस्पताल में दम तोड़ दिया।

जानकारी के मुताबिक :

जानकारी के मुताबिक, महिला वेस्ट दिल्ली की रहनेवाली थी। उसका बेटा भी कोरोना वायरस से ग्रसित है और जांच में COVID-19 की पुष्टि हुई है। महिला का बेटा स्वीटजरलैंड और इटली की यात्रा से लौटा था। वह 5 फरवरी से लेकर 22 फरवरी तक इन दोनों देशों की यात्रा पर था। 23 फरवरी को वह विदेश यात्रा से लौटा था। 7 मार्च को खांसी और बुखार के बाद मां और बेटे दोनों की जांच कराई गई। जांच में दोनों को COVID-19 की पुष्टि हुई थी।

इससे पहले कल कोरोना वायरस से भारत में पहली मौत की खबर आई थी। यह कर्नाटक के कलबुर्गी का मामला था जहां 76 साल के एक बुजुर्ग ने संक्रमण के बाद इलाज के दौरान दम तोड़ दिया था। यह शख्स सऊदी अरब से लौटा था।

स्थगित हुई RSS की बेंगलुरु बैठक :

कोरोना वायरस के कारण राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) ने अपने अखिल भारतीय प्रतिनिधि सभा (ABPS) को स्थगित कर दिया, जो बेंगलुरु, कर्नाटक में होने वाली थी। तेजी से फैल रहे इस वायरस को रोकने के लिए कई राज्यों ने स्कूलों, कॉलेजों, सिनेमाघरों को बंद कर दिया है और ज्यादातर सार्वजनिक कार्यक्रम भी रद्द कर दिए गए हैं।

11 राज्यों तक फैला कोरोना :

देश में दिल्ली, कर्नाटक, महाराष्ट्र और केरल सहित 11 राज्यों या केन्द्र शासित प्रदेशों में कुल 82 लोगों में कोरोना वायरस संक्रमण की पुष्टि हुई है। ओडिशा कैबिनेट ने इस घातक वायरस के प्रसार को रोकने के लिए कोविड 19 नियम 2020 को आज मंजूरी दी। मणिपुर सरकार ने भी इस सिलसिले में नियम जारी किए हैं।

पूरी दुनिया में कोरोना वायरस के 5 हजार मामले :

आपको बता दें कि, कोरोना वायरस से मरने वालों की संख्या पूरी दुनिया में 5 हजार के पार पहुंच चुकी है। भारत में कोरोना वायरस से करीब 83 मामले सामने आ चुके हैं। भारत में दूसरी, जबकि सूडान, यूक्रेन और नॉर्वे में इस वायरस के कारण पहली मौत हुई है। घाना, केन्या, इथियोपिया, सेंट विंसेंट और ग्रेनेडाइंस ने अपने क्षेत्रों में इसके पहले मामलों की पुष्टि की है।

हाल ही में स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने बताया कि, कोरोना वायरस स्वास्थ्य आपात स्थिति नहीं है और इससे भयभीत होने की जरूरत नहीं है। उन्होंने बताया कि, सात और कोरोना वायरस के मरीज ठीक हो चुके हैं और उन्हें जल्द ही अस्पताल से छुट्टी दे दी जाएगी जबकि 71 मरीजों की हालत स्थिर है।

ताज़ा ख़बर पढ़ने के लिए आप हमारे टेलीग्राम चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। @rajexpresshindi के नाम से सर्च करें टेलीग्राम पर ।

ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस वाट्सऐप चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। वाट्सऐप पर Raj Express के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।

SCROLL FOR NEXT