एक सेल्स पर्सन से लेकर देश की वित्तमंत्री तक,
एक सेल्स पर्सन से लेकर देश की वित्तमंत्री तक, Social Media
भारत

एक सेल्स पर्सन से लेकर देश की वित्तमंत्री तक, दिलचस्प रहा है निर्मला सीतारमण का सफ़र

Vishwabandhu Pandey

राज एक्सप्रेसस। आज देश की वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण अपना 63वां जन्मदिन मना रही हैं। बतौर वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण चार बार देश का आम बजट पेश कर चुकी हैं। यहीं नहीं निर्मला सीतारमण, इंदिरा गांधी के बाद भारत के रक्षा मंत्री का पद संभालने वाली दूसरी महिला भी हैं। शायद बहुत कम लोग जानते होंगे कि भारत का इतना महत्वपूर्ण पद संभालने वाली निर्मला सीतारमण किसी समय एक सेल्सवूमन हुआ करती थीं। निर्मला सीतारमण का एक सेल्सवूमन से देश की वित्तमंत्री बनने का सफ़र बड़ा दिलचस्प रहा है। तो चलिए जानते हैं उनके जीवन से जुड़ी ख़ास बातें।

मदुरै में हुआ जन्म :

निर्मला सीतारमण का जन्म 18 अगस्त 1959 को तमिलनाडु के मदुरै में एक मध्यमवर्गीय परिवार में हुआ था। उनके पिता नारायण सीतारमण रेलवे में काम करते थे। सीतारमण बचपन से ही पढ़ने में बहुत होशियार थीं। उन्होंने सीतालक्ष्मी रामास्वामी कॉलेज से अर्थशास्त्र में बीए किया है। साथ ही जेएनयू से मास्टर्स और एमफिल की पढ़ाई की।

जेएनयू में हुआ प्यार :

निर्मला सीतारमण जेएनयू में पढ़ाई के दौरान प्रभाकर के करीब आई। दोनों की दोस्ती जल्द ही प्यार में बदल गई। साल 1986 में दोनों ने शादी कर ली। प्रभाकर और निर्मला की एक बेटी भी है, जिसका नाम पराकला वांगमयी है।

लंदन में बनी सेल्सवूमन :

शादी के बाद सीतारमण अपने पति के साथ लंदन शिफ्ट हो गईं। वहां उन्होंने एक होम डेकोर स्टोर में सेल्सवुमन के तौर पर काम किया। इसके अलावा सीतारमण ने बीबीसी वर्ल्ड सर्विस और एक ऑडिट फर्म में रिसर्च मैनेजर के पद पर भी काम किया है।

2008 में रखा राजनीति में कदम :

साल 1991 में सीतारमण लंदन से वापस भारत आ गईं। वह साल 2003 से 2005 तक राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष रहीं। साल 2006 में सीतारमण भाजपा में शामिल हो गईं। भाजपा ने उन्हें पार्टी का प्रवक्ता बनाया। साल 2014 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें अपनी कैबिनेट में राज्यमंत्री बनाया। साल 2017 में उन्हें रक्षामंत्री की जिम्मेदारी दी गई, जबकि साल 2019 में उन्होने वित्तमंत्री का पद संभाला।

ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस वाट्सऐप चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। वाट्सऐप पर Raj Express के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।

SCROLL FOR NEXT