प्रदेश कार्यालय में आयोजित हुआ आदिकवि वाल्मीकि जयंती कार्यक्रम
प्रदेश कार्यालय में आयोजित हुआ आदिकवि वाल्मीकि जयंती कार्यक्रम Social Media
मध्य प्रदेश

महर्षि वाल्मीकि के रामायण में दिए संदेश का अनुसरण कर रही भाजपा : विष्णुदत्त शर्मा

राज एक्सप्रेस

भोपाल, मध्यप्रदेश। महर्षि वाल्मीकि ने जो संदेश रामायण के माध्यम से विश्व को दिया है, भाजपा उसी का अनुसरण कर रही है। भाजपा हमेशा से संतों के बताए मार्ग और सिद्धांतों पर चलती रही है तथा आगे भी चलती रहेगी। यह बात भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने बुधवार को प्रदेश कार्यालय में आयोजित आदिकवि वाल्मीकि जयंती कार्यक्रम में महर्षि वाल्मीकि के पूजन के बाद मीडिया से चर्चा करते हुए कही।

आदिकवि महर्षि वाल्मीकि की जयंती पर मुख्य कार्यक्रम पार्टी के प्रदेश कार्यालय दीनदयाल परिसर में हुआ। प्रदेश कार्यालय में आयोजित समारोह में पार्टी प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने सर्वप्रथम भगवान राम, जानकी तथा लक्ष्मण के चित्रों पर माल्यार्पण कर रामायण की पूजा की। इसके बाद महर्षि वाल्मिकी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उनकी पूजा-अर्चना की। प्रदेश अध्यक्ष महर्षि वाल्मिकी एवं श्री रामचंद्र जी की शोभायात्रा में भी शामिल हुए। जिसके उपरांत शोभायात्रा नगर भ्रमण के लिए रवाना हुई। कार्यक्रम के दौरान जानकी सेना संगठन द्वारा मधुर भजनों एवं सुंदरकांड की प्रस्तुति दी गई।

महर्षि वाल्मीकि के बताए रास्ते पर चलने का हम संकल्प लेते हैं :

कार्यक्रम के बाद मीडिया से चर्चा करते हुए विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि ने जो संदेश रामायण के माध्यम से संपूर्ण विश्व को दिया है, हम सब लोग उन्हीं के बताए मार्गों पर आगे बढ़ रहे हैं। आज आदिकवि वाल्मीकि जी की जयंती पर हम इस रास्ते पर चलते रहने का संकल्प भी लेते हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी महर्षि वाल्मीकि की जयंती को हमेशा से मनाती आ रही है, लेकिन इस बार इस आयोजन को प्रदेश भर में भव्यता प्रदान की गई है। संपूर्ण मध्यप्रदेश सहित देशभर में महर्षि वाल्मिकी जयंती को धूमधाम से मनाया गया है। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा हमेशा से धार्मिक संतों के बताए गए मार्ग और सिद्धांतों पर चलती आई है और आगे भी चलती रहेगी। प्रदेश अध्यक्ष ने सभी प्रदेशवासियों को वाल्मीकि जयंती की बधाई और शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम के दौरान जानकी सेना संगठन के संस्थापक महामंडलेश्वर पुरूषोत्तम दास जी, वाल्मीकि संत मिट्ठूलाल महाराज, पार्टी के प्रदेश कार्यालय मंत्री डॉ. राघवेंद्र शर्मा, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी नरेंद्र शिवाजी पटेल, प्रदेश प्रवक्ता नेहा बग्गा, जिला अध्यक्ष सुमित पचौरी तथा वाल्मीकि समाज एवं अनुसूचित जाति मोर्चा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।

ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस वाट्सऐप चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। वाट्सऐप पर Raj Express के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।

SCROLL FOR NEXT