जवानों का किया सम्मान
जवानों का किया सम्मान Social Media
मध्य प्रदेश

CM ने विजय दिवस पर शहीदों को दी श्रद्धांजलि, जवानों का किया सम्मान

Author : Priyanka Yadav

राज एक्सप्रेस। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ ने आज यहां शौर्य स्मारक में 1971 के भारत और पाकिस्तान युद्ध के विजय दिवस पर अमर शहीदों को श्रृद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा है कि, भारत न पहले कमजोर था और न ही आज कमजोर है।

मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा

मुख्यमंत्री कमलनाथ ने जनता को विजय दिवस का संदेश जारी करते हुए कहा कि, इस अवसर पर हम सब को यह याद रखना चाहिए कि, सभी नागरिकों को, चाहे वे किसी भी मजहब, जाति अथवा पंथ को मानने वाले हों, सबका यह कर्तव्य है कि, राष्ट्र की एकता और अखंडता को मजबूत बनाएं। अपने शहीदों का गुणगान करें। हम सब भारत के विकास, खुशहाली और अमन-चैन के लिए मिलकर प्रयास करें।

मुख्यमंत्री ने विजय दिवस संदेश में कहा

सन 1971 का भारत-पाकिस्तान युद्ध एक सैन्य संघर्ष था। यह संघर्ष 3 दिसंबर 1971 को शुरू हुआ और 16 दिसंबर को ढाका में पाक सेना के समर्पण के साथ समाप्त हुआ। उन्होंने कहा कि, इस युद्ध की शुरुआत में पाकिस्तान ने भारत की वायुसेना के 11 स्टेशनों पर हवाई हमले किये। इसमें भारतीय सेना का पाकिस्तान से पूर्वी और पश्चिमी मोर्चे पर संघर्ष हुआ।

भारतीय सेना ने पाक सेना को दोनों मोर्चे पर परास्त किया। हताश पाकिस्तानी सेना आत्मसमर्पण के लिए मजबूर हुई। इसी के साथ पूर्वी पाकिस्तान नए ‘बांग्लादेश’ के रूप में स्थापित हुआ। उन्होंने कहा कि, इसी जीत को हम आज विजय दिवस के रूप में मनाते हैं। उन्होंने कहा कि, यह युद्ध तत्कालीन प्रधानमंत्री स्वर्गीय श्रीमती इंदिरा गांधी के सशक्त नेतृत्व और अद्वितीय राष्ट्रवाद की अद्भुत मिसाल होने के साथ भारतीय जांबाज सैनिकों के अदम्य शौर्य का भी प्रतीक है। इस युद्ध में पाकिस्तान के 93 हजार सैनिक घुटने टेकने पर मजबूर हुए और उन्हें आत्मसमर्पण करना पड़ा।

कमलनाथ ने कहा कि, उस समय के अधिकांश पश्चिमी देश और महाशक्ति अमेरिका भारत को पाकिस्तान के विरुद्ध कुछ नहीं करने के लिए खुले आम धमका रहे थे। तब श्रीमती गांधी का ही साहस था, जिन्होंने पाकिस्तान को सशस्त्र संघर्ष में सबक सिखाया और भारत की प्रभुता स्थापित की। उनकी असाधारण सूझबूझ और सैन्य बलों के अदम्य शौर्य ने देशवासियों को जिस तरह हर्षित और गौरवान्वित किया, वह बेमिसाल था। मुख्यमंत्री ने तत्कालीन प्रधानमंत्री श्रीमती गांधी द्वारा 16 दिसंबर 1971 को संसद में दिए गए वक्तव्य का प्रमुख अंश को भी दोहराया।

सन1971 की इस जीत ने भारत को एक अंतर्राष्ट्रीय शक्ति के रूप में स्थापित किया। इससे देश की तत्कालीन प्रधानमंत्री श्रीमती गांधी को पूरे विश्व में दृढ़ता के साथ निर्णय लेने वाली‘आयरन लेडी‘ के रूप में पहचान मिली।
मुख्यमंत्री कमलनाथ

CM कमलनाथ ने शौर्य स्मारक परिसर में स्थित शौर्य स्तंभ के समक्ष श्रद्धासुमन अर्पित किये। कार्यक्रम में सामान्य प्रशासन मंत्री, भोपाल गैस त्रासदी राहत एवं पुनर्वास मंत्री, जनसम्पर्क मंत्री, मुख्य सचिव, ब्रिगेडियर उपस्थित थे। मुख्यमंत्री ने श्री पैठिया को वर्ष 1971 के युद्ध में विशेष योगदान के लिये सम्मानित किया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने वर्ष 1971 के युद्ध के सैन्य अधिकारियों और जवानों को सम्मान प्रतीक और शाल प्रदान कर सम्मानित किया।

ताज़ा ख़बर पढ़ने के लिए आप हमारे टेलीग्राम चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। @rajexpresshindi के नाम से सर्च करें टेलीग्राम पर।

ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस वाट्सऐप चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। वाट्सऐप पर Raj Express के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।

SCROLL FOR NEXT