महंगाई पर फूटा कांग्रेस का आक्रोश
महंगाई पर फूटा कांग्रेस का आक्रोश अशोकनगर, संवाददाता
मध्य प्रदेश

Ashoknagar : महंगाई, भ्रष्टाचार, लापरवाही पर फूटा कांग्रेस का आक्रोश

राज एक्सप्रेस

नईसरांय, मध्यप्रदेश। महंगाई, बिजली कम्पनी की लापरवाही और अतिवृष्टि से बर्बाद हुई फसलों का मुआवजा नहीं मिलने से कांग्रेस का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। पार्टी द्वारा रोजाना जिला मुख्यालय सहित जिलेभर में प्रदर्शन, धरना और आंदोलन का सिलसिला जारी है। सोमवार को नईसरांय में आक्रोश फूटा। क्षेत्रीय विधायक गोपाल सिंह चौहान के नेतृत्व में पावर हाउस से तहसील कार्यालय तक डेढ़ किलोमीटर पैदल मार्च निकालकर नायब तहसीलदार मयंक खेमरिया को राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा गया। बस स्टैंड पावर हाउस के पास सभा रखी गई। जिसमें विधायक गोपाल सिंह चौहान ने कहा कि यह सरकार केवल लागों को गुमराह कर रही है। भाजपा सरकार के शासनकाल में महंगाई इतनी बढ़ गई है कि महगाई ने आम आदमी की कमर तोड़ कर रख दी है। अतिवृष्टि से किसानों की खरीफ फसल नष्ट हो गई है। जिसका सर्वे प्रशासन के द्वारा किया जा रहा है। लेकिन पटवारी सर्वे में 40 प्रतिशत नुकसान बता रहे हैं। जबकि अतिवृष्टि से किसानों की फसल पूर्ण नष्ट हो चुकी है। ज्ञापन के माध्यम से कहा गया कि विद्युत मंडल द्वारा बढ़े हुए बिलों को वापस लिया जाए। मनमाने बढ़े हुए बिलों की जांच की जाए। ग्रामीण क्षेत्रों में विद्युत व राजस्व विभाग के शिविर लगाए जाएं।

बढ़े हुए पेट्रोल व डीजल के दाम वापस लिए जाएं

सोयाबीन की अंतर योजना की राशि तत्काल खातों में डाली जाए। बढे हुए पेट्रोल व डीजल के दाम वापस लिए जाएं। पूर्व की कांग्रेस सरकार के द्वारा किसानों को जिस तरह दो लाख रुपये का कर्ज माफ किया जा रहा था एवं भाजपा सरकार के द्वारा रोक लगा दी गई वह कर्ज माफ किया जाए। धरना प्रदर्शन को जिला अध्यक्ष हरिसिंह रघुवंशी, सरपंच नफीसउद्दीन, मलकीत सिंह, महेंद्र शर्मा, किसान कांग्रेस जिला अध्यक्ष सुखभान सिंह यादवए ब्लॉक किसान अध्यक्ष रीतेश रघुवंशी, राजा भैया यादव, कांग्रेस ब्लॉक के उपाध्यक्ष शिशुपाल सिंह नईसराय, कृष्णपाल यादवए कुशवाह, दिलीप सेन, प्रदीप अग्रवाल आदि के साथ ही जिले के कांग्रेस पदाधिकारी शामिल हुए। धरना प्रदर्शन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ क्षेत्र के किसान भी शामिल हुए पैदल मार्च में कार्यकर्ताओं के द्वारा भाजपा के खिलाफ नारे लगाते चल रहे थे। कांग्रेस के पैदल मार्च में दो सैकड़ा से भी अधिक किसान शामिल हुए। कार्यक्रम का संचालन रीतेश रघुवंशी के द्वारा किया गया।

मुआवजे पर बढ़ रही है नाराजगी

बता दें कि अशोकनगर जिले में अगस्त महीने में भारी बारिश हुई है। जिसकी वजह से कई घर धराशायी हुए। इसके अलावा क्षेत्र में खरीफ की फसलों को भारी नुकसान हुआ है। लेकिन अब किसानों के खेतों का सर्वे नहीं हुआ है। वहीं लोगों मकानों का मुआवजा मांगने के लिए कई चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।

जनता की सुनवाई के लिए कोई कदम नहीं उठाया

अतिवृष्टि का असर इतना है कि जिन मकानों में पानी भर गया था उनके धराशायी होने का सिलसिला अब भी जारी है। रविवार को भी शाढ़ौरा क्षेत्र में इस तरह का हादसा सामने आया है। वहीं मुंगावली, चंदेरी और ईसागढ़ ब्लॉक में लगातार मकान गिरने की खबरें आ रही हैं। लेकिन प्रशासन लोगों को धैर्य रखने की तसल्ली भी नहीं दे रहा है। इसकी वजह से लोगों में आक्रोश बढ़ रहा है और कांग्रेस इसका फायदा उठाते हुए लगातार सरकार को घेर रही है। लेकिन शासन द्वारा अब तक जनता की सुनवाई के लिए कोई कदम नहीं उठाया जा रहा है। जिससे आक्रोश बढ़ता जा रहा है।

ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस वाट्सऐप चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। वाट्सऐप पर Raj Express के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।

SCROLL FOR NEXT