Fire in two transformer factories in Govindpura Bhopal
Fire in two transformer factories in Govindpura Bhopal Social Media
मध्य प्रदेश

भोपाल : गोविंदपुरा में ट्रांसफार्मर की दो फैक्ट्रियों में लगी भीषण आग

Author : Kavita Singh Rathore

हाइलाइट्स :

  • देर रात ऑयल टैंकर और गैस सिलेंडर में होते रहे विस्फोट

  • आसपास की झुग्गियां भी चपेट में आईं

  • 50 से अधिक दमकलें भी आग पर नहीं पा सकीं काबू

भोपाल, मध्य प्रदेश। एक तरफ भारत में कोरोना ने फिर से पैर पसारता चला जा रहा है। इसी बीच देशभर से आये दिन छोटी-बड़ी दुर्घटनाओं की खबरें भी सामने आ ही रही हैं। पिछले दिनों लगातार अलग-अलग राज्यों से किसी न किसी हादसे की खबर सामने आती रही हैं। वहीं, अब मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल की ट्रांसफार्मर की दो फैक्ट्रियों में अचानक आग लगने की खबर सामने आई है। इस भयानक आग से दो करोड़ की क्षति होने का अनुमान है।

ट्रांसफार्मर की दो फैक्ट्रियों में लगी आग :

दरअसल, मंगलवार की देर रात राजधानी भोपाल के गोविंदपुरा औद्योगिक क्षेत्र के टू आई सेक्टर में स्थित ट्रांसफार्मर की दो फैक्ट्रियों में अचानक ही आग लग गई। इस भयानक आग से आसपास के इलाके में भगदड़ मच गई। खबरों की मानें, तो फैक्ट्री में आग लगते ही गहरा काला धुआं निकलने लगा जो, आसपास के इलाके मे फैल गया। इस घटना का का एक वीडियो सामने आया है। जो वायरल हो रहा है। हालांकि, आग लगने के तुरंत बाद ही इसकी जानकारी दमकल विभाग को दे दी गई। जिससे राहत- बचाव कार्य कुछ ही देर में शुरू कर दिया गया। फिलहाल बचाव का कार्य जारी है।

कैसे हुई घटना :

आसपास के लोगों का कहना है कि, इन फैक्ट्रियों के आयल टैंक में ब्लास्ट होने से यह आग लगी है। फैक्ट्री में लगी आग इतनी भीषण थी कि, बगल वाली ट्रांसफार्मर फैक्ट्री भी इस आग की चपेट में आ गई। आग बढ़ते-बढ़ते आसपास की झुग्गियों तक जा पहुंची। हालांकि, इस आग से किसी की जान के नुकसान की कोई जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन ऐसा अनुमान लगाया जा रहा है कि, इस आग से लगभग दो करोड़ रुपए का नुकसान हुआ है। आग की भयावहता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि, फतेहगढ़, पुल बोगदा, पुलिस फायर सर्विस और गोविंदपुरा फायर स्टेशन से पहुंची करीब 50 से अधिक दमकलें भी आग पर काबू नहीं पा सकी थीं।

थाना प्रभारी ने बताया :

मामले की जांच कर रहे अशोका गार्डन थाना प्रभारी का कहना है कि, 'ढाई घंटे बाद भी आग पर काबू नहीं पाया जा सका है। ट्रांसफार्मर बनाने की दोनों फैक्ट्रियां पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी हैं। इसके बाद भी आग की भीषणता कम होती दिखाई नहीं दे रही है। हादसे के समय दोनों फैक्ट्रियों में कर्मचारी काम कर रहे थे लेकिन कर्मचारियों को सकुशल बाहर निकाल लिया गया था।'

थाना प्रभारी आलोक श्रीवास्तव ने बताया कि, 'मंगलवार रात करीब साढ़े 9 बजे औद्योगिक क्षेत्र स्थित अवध ट्रांसफॉर्मर कंपनी में आयल टैंकर में धमाके के साथ भीषण आग भड़क उठी। फैक्ट्री में ट्रांसफार्मर में इस्तेमाल किए जाने वाले ऑयल के कई टैंकर रखे हुए थे। इसके अलावा ऑक्सीजन के सिलेंडर भी बड़ी मात्रा में फैक्ट्री में रखे थे। हालांकि आग लगने की सूचना मिलने के कुछ देर बाद ही फायर ब्रिगेड की दमकल मौके पर पहुंच गई थी लेकिन फैक्ट्री में रखे ऑयल टैंकर और ऑक्सीजन के सिलेंडरों में लगातार हो रहे विस्फोटों से आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया।'

फैक्ट्रियों में रखे थे ऑयल टैंकर और ऑक्सीजन सिलेंडर :

ट्रांसफॉर्मर फैक्ट्री में लगी आग ने तेज हवा के साथ बगल वाली वेस्टर्न ट्रांसफॉमर फैक्ट्री को भी चपेट में ले लिया दोनों ही फैक्ट्रियों में ऑयल टैंकर और ऑक्सीजन सिलेंडर बड़ी मात्रा में रखे थे। फैक्ट्रियों में हुए इस ब्लास्ट से आसपास के इलाके में दहशत फैल गई। देर रात करीब सवा 12 बजे तक अलग-अलग फायर स्टेशनों से 50 से अधिक दमकल मौके पर पहुंच गई थीं। बावजूद इसके आग पर काबू नहीं पाया जा सका। दोनों फैक्ट्रियां जलकर पूरी तरह खाक हो गई। देर रात तक फैक्ट्रियों में धमाके होते रहे और आसमान छूती आग की लपटें निकलती रहीं।

दो करोड़ का नुकसान :

इंडस्ट्रियल एरिया एसोसिएशन के सचिव विजय गौर ने बताया कि, 'हादसे में करीब दो करोड़ रुपए का नुकसान हुआ है। एक फैक्ट्री नीरज शुक्ला और अमित पांडे की है और दूसरी फैक्ट्री किसी सिंह की है जो इंदौर के रहने वाले हैं। फतेहगढ़ फायर स्टेशन से मिली जानकारी के मुताबिक रात 10 बजकर एक मिनट पर किसी खरे नामक व्यक्ति ने अवध ट्रांसफॉमर्स फैक्ट्री में आग लगने की सूचना दी थी।'

ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस वाट्सऐप चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। वाट्सऐप पर Raj Express के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।

SCROLL FOR NEXT