MP में पहला विश्व स्तरीय गोल्फ कोर्स 220 करोड़ की लागत से बनेगा
MP में पहला विश्व स्तरीय गोल्फ कोर्स 220 करोड़ की लागत से बनेगा  Social Media
मध्य प्रदेश

MP में पहला विश्व स्तरीय गोल्फ कोर्स 220 करोड़ की लागत से बनेगा

Rishabh Jat

राज एक्सप्रेस। मध्यप्रदेश सरकार के अनुसार प्रदेश में निवेश के लिए तैयार किए गए वातावरण के परिणाम आने शुरू हो गए हैं। विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल साँची के पास ग्राम निनोद में 220 करोड़ रूपये लागत से 27 हॉल का विश्व-स्तरीय गोल्फ कोर्स सह-रिसॉर्ट एवं होटल बनाया जाएगा। मुख्यमंत्री कमल नाथ ने आज मंत्रालय में वेस्ले ग्रुप के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डोरियन मुलेन्स को स्वीकृति पत्र (लेटर ऑफ अवार्ड) सौंपा।

मुख्यमंत्री कमल नाथ से आज वेस्ले ग्रुप के प्रतिनिधि मंडल ने मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने कहा कि, प्रदेश में निवेश के नए अवसर के लिए सरकार अपनी नीतियों को उदार बनाने के साथ ही रोजगार प्रधान निवेश को प्रोत्साहित करेगी। मध्यप्रदेश में पर्यटन के क्षेत्र में निजी निवेश को आकर्षित करने के लिए पर्यटन नीति (2016) को संशोधित कर 2019 में अल्ट्रा मेगा परियोजना का प्रावधान जोड़ा गया है। इसके परिणाम स्वरूप ही वेस्ले ग्रुप ने निनोद गाँव में 70.718 हेक्टेयर में विश्व-स्तरीय गोल्फ कोर्स, होटल रिसॉर्ट एवं कन्वेशन सेंटर एवं हेलीपेड के निर्माण का प्रस्ताव दिया था।

मुख्यमंत्री कमल नाथ ने वेस्ले ग्रुप के प्रस्ताव को स्वीकृत कर लेटर ऑफ अवार्ड वेस्ले ग्रुप को सौंपा है। इस परियोजना से 310 लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार प्राप्त होगा। पर्यटन नीति के प्रावधानों के अनुरूप इसमें से 247 पदों पर मध्यप्रदेश के मूल निवासियों को नियुक्ति दी जाएगी। बता दें मध्य प्रदेश सरकार लगतार प्रदेश में निवेश की ओर काफी ध्यान दे रही है। कुछ दिन पहले इंदौर में सबमिट भी सरकार द्वारा आयोजित किया गया था। जिसमे देश दुनिया के उद्योगपति भी शामिल हुए थे। इसी प्रकार के प्रोजेक्ट्स अगर प्रदेश में आते हैं तो मध्य प्रदेश के युवाओ के रोजगार के लिए अच्छा विकल्प होगा।

ताज़ा ख़बर पढ़ने के लिए आप हमारे टेलीग्राम चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। @rajexpresshindi के नाम से सर्च करें टेलीग्राम पर।

ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस वाट्सऐप चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। वाट्सऐप पर Raj Express के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।

SCROLL FOR NEXT