कमलनाथ ने शिवराज सिंह पर साधा निशाना
कमलनाथ ने शिवराज सिंह पर साधा निशाना Raj Express
मध्य प्रदेश

यदि शिवराज किसान के बेटे हैं तो वे बताएं उन्होंने किसानों की कर्जमाफी क्यों रोकी:कमलनाथ

राज एक्सप्रेस

भोपाल, मध्यप्रदेश। यदि शिवराज किसान के बेटे हैं तो वे बताएं कि उन्होंने मेरी सरकार की किसानों की कर्जमाफी क्यों रोकी, मोदी जी बताएं यदि उपक्रम घाटे में चल रहे हैं तो उद्योगपति उसे खरीद क्यों रहे हैं और यदि फायदे में हैं तो उसे सरकार बेच क्यों रही है। यह बात प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष कमलनाथ ने गुरूवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय परिसर में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की राष्ट्रीय समन्वयक एवं प्रदेश कांग्रेस की प्रवक्ता नूरी खान द्वारा 15 अगस्त से बाबा महाकाल की नगरी उज्जैन से प्रारंभ की गई अगस्त क्रांति यात्रा के समापन के दौरान देश एवं प्रदेश की सरकार से पूछी है।

नाथ ने कहा कि आज हमारी संस्कृति पर आक्रमण हो रहा है। विभाजन की राजनीति हो रही है। आज सत्ता में बैठे लोगों द्वारा देश की संपत्ति को बेचने का काम किया जा रहा है, संविधान के साथ छेड़छाड़ कर लोकतंत्र की हत्या की जा रही है। उन्होंने कहा कि यदि शिवराज किसान के बेटे हैं तो वे बताएं कि उन्होंने मेरी सरकार की किसानों की कर्जमाफी क्यों रोकी, मोदी जी बताएं यदि उपक्रम घाटे में चल रहे हैं तो उद्योगपति उसे खरीद क्यों रहे हैं और यदि फायदे में हैं तो उसे सरकार बेच क्यों रही है।

आज देश के सामने सबसे बड़ी चुनौती है नौजवानों को रोजगार की, आज नई पीड़ी में एक तड़प है, वह हाथ में काम चाहता है। जो लोग आज देश और प्रदेश में सत्ता पर काबिज हैं वे लोग रोजगार की बात नहीं करेंगे, युवाओं की बात नहीं करेंगे, महिला अत्याचार को रोकने की बात नहीं करेंगे, किसानों की बात नहीं करेंगे। केवल मुद्दों से ध्यान भटकाने की बात करेंगे। कांग्रेस पार्टी महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वाभिमान की रक्षा के लिए प्रदेश में व्याप्त भ्रष्टाचार, अनियमितताओं के विरूद्ध भाजपा सरकार के खिलाफ हर तरह से संघर्ष करेगी।

पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश पचौरी ने कहा कि आज के इस दौर में युवा जोश के साथ नूरी खान ने उज्जैन से भोपाल तक पदयात्रा कर इतिहास रचा है। देश में महंगाई बढ़ रहीं, अत्याचार बढ़ रहे हैं, फिर भी भाजपा सरकार सोई हुई है। आज इस यात्रा से भाजपा को उखाड़ फेंकने का शंखनाद हुआ है।

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की राष्ट्रीय समन्वयक नूरी खान ने कहा कि भाजपा राज में आज महिलाएं सुरक्षित नहीं है, कोरोना महामारी के कारण लाखों लोगों की रोजी-रोटी छिन गई, महंगाई चरम पर है।

सुश्री खान ने समूचे कांग्रेसजनों से आव्हान किया कि सत्ता में बैठी भाजपा सरकार के विरूद्ध गांधीवादी तरीके से अपना विरोध दर्ज कराए, भाजपा के खिलाफ अपनी आवाज को बुलंद करें और भाजपा की असफलता, जनविरोधी नीतियों को उजागर कर जनता पहुंचाए। कांग्रेस पार्टी का साथ देकर फिर कमलनाथ के नेतृत्व में 2023 में कांग्रेस की सरकार बनाने के लिए संकल्पित हो जाए।

समापन अवसर पर पूर्व मंत्रीगण सज्जन सिंह वर्मा, पीसी शर्मा, एनपी प्रजापति, असम के पूर्व मंत्री रकीब उद्दीन, महामंत्री राजीव सिंह, विधायक कुणाल चौधरी, महिला कांग्रेस अध्यक्ष डॉ अर्चना जायसवाल, मीडिया समन्वयक नरेन्द्र सलूजा, मीडिया उपाध्यक्ष भूपेन्द्र गुप्ता, केके मिश्रा, महिला कांग्रेस प्रभारी विभा पटेल, जिला शहर कांग्रेस अध्यक्ष कैलाश मिश्रा, अरूण श्रीवास्तव, प्रवक्तागण जेपी धनोपिया आदि मंचासीन थे।

ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस वाट्सऐप चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। वाट्सऐप पर Raj Express के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।

SCROLL FOR NEXT