MP विस का मानसून सत्र 2022
MP विस का मानसून सत्र 2022 Social Media
मध्य प्रदेश

MP विस का मानसून सत्र 2022: दूसरे दिन सदन में पोषण आहार मामले में जोरदार हंगामा

Priyanka Yadav

मध्यप्रदेश। एमपी विधानसभा का पांच दिवसीय मानसून सत्र का आज दूसरा दिन है। मध्य प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र के दूसरे दिन मध्य प्रदेश विधानसभा में पोषण आहार को लेकर जमकर बहस हुई। इस दौरान कांग्रेस विधायक और पीडब्ल्यूडी मंत्री भार्गव के बीच तीखी बहस हुई, हंगामे के बीच विधानसभा की कार्यवाही गुरुवार तक के लिए स्थगित कर दी गई है।

मध्यप्रदेश विधानसभा में हुआ हंगामा :

बता दें, मध्यप्रदेश के कथित पोषण आहार घोटाले के मामले में आज विधानसभा में मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ने जबर्दस्त हंगामा करते हुए अध्यक्ष के आसन के समक्ष धरना देकर राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की है। प्रश्नकाल के फौरन बाद कार्यवाही शुरु होने पर अध्यक्ष गिरीश गौतम ने वक्तव्य के लिए मुख्यमंत्री शिवराज का नाम पुकारा। जिस पर नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह ने तत्काल ही आपत्ति जताई। डॉ. सिंह ने कहा कि, जिस विषय पर विपक्ष के एक दर्जन सदस्यों ने स्थगन प्रस्ताव की सूचना दी है, उस पर चर्चा कराए बगैर मुख्यमंत्री वक्तव्य नहीं दे सकते हैं।

पोषण आहार मामले में भ्रम फैलाए जा रहे हैं : CM

मुख्यमंत्री ने अध्यक्ष से कहा कि पोषण आहार मामले में भ्रम फैलाए जा रहे हैं। सदन के माध्यम से जनता के सामने स्थिति स्पष्ट की जानी चाहिए। वहीं संसदीय कार्य मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा और लोक निर्माण विभाग मंत्री गोपाल भार्गव ने कहा कि मुख्यमंत्री या मंत्री सदन में किसी भी विषय पर वक्तव्य दे सकते हैं, लेकिन नेता प्रतिपक्ष डॉ. सिंह और अन्य विपक्षी सदस्यों ने फिर वक्तव्य देने का विरोध करते हुए कहा कि, जिस विषय पर स्थगन प्रस्ताव आया है, उस विषय पर वक्तव्य का राज्य विधानसभा में एक भी उदाहरण नहीं है। इस मुद्दे को लेकर विपक्षी कांग्रेस के सदस्यों ने जमकर हंगामा किया और सत्तारूढ़ दल भाजपा और कांग्रेस के सदस्यों के बीच आरोप प्रत्यारोप का दौर भी चला।

दूसरी ओर CM ने नारेबाजी के बीच ही अपना वक्तव्य पढ़ने की औपचारिकता पूरी की। वक्तव्य के बाद अध्यक्ष गौतम ने कार्यसूची में शामिल सभी कार्य नारेबाजी के बीच ही पूरी करने की औपचारिता पूर्ण की, जिसमें वित्त वर्ष 2022-23 का प्रथम अनुपूरक अनुमान (अनुपूरक बजट) पेश करने का कार्य भी शामिल है। चार विधेयक भी संबंधित विभागों के मंत्रियों ने पेश किए। इसके बाद अध्यक्ष गौतम ने लगभग डेढ़ बजे सदन की कार्यवाही गुरुवार सबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई है। इसके पहले कांग्रेस के एक विधायक के कथित अपमान को लेकर भी प्रश्नकाल में हंगामा हुआ और कार्यवाही दो बार स्थगित हुई।

पहले दिन विधायक कंधे पर लहसुन की बोरियां रख कर लाए थे :

बताते चले कि, कल से एमपी की 15वीं विधानसभा का मानसून सत्र आज से प्रारंभ हुआ, जो पांच दिनों तक चलेगा। सत्र के पहले दिन आज सदन में दिवंगत पूर्व सदस्यों और गणमान्य नागरिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की गयी थी। वहीं मध्यप्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र के पहले दिन विधायक कंधे पर लहसुन की बोरियां रख कर लाए थे।

ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस वाट्सऐप चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। वाट्सऐप पर Raj Express के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।

SCROLL FOR NEXT