टल सकता है प्रियंका गांधी का मध्यप्रदेश दौरा
टल सकता है प्रियंका गांधी का मध्यप्रदेश दौरा Social Media
मध्य प्रदेश

भोपाल : टल सकता है प्रियंका गांधी का मध्यप्रदेश दौरा

Author : राज एक्सप्रेस

भोपाल, मध्य प्रदेश। प्रदेश की मंत्री और डबरा से भाजपा प्रत्याशी इमरती देवी को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ की टिप्पणी से उपजे विवाद ने कांग्रेस के रणनीतिकारों को उपचुनाव से जुड़ी रणनीति में बदलाव के लिए मजबूर कर दिया है। अब उन्हें योजनाओं पर पुनर्विचार करना पड़ रहा है। महत्वपूर्ण बदलाव का संकेत कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के प्रदेश दौरे को लेकर है।

सूत्रों का कहना है कि उनका दौरा रद्द किया जा सकता है, क्योंकि भाजपा इमरती देवी को लेकर दिए गए बयान पर लगातार हमलावर है और महिला अस्मिता से जुड़ा मुद्दा होने के कारण प्रियंका से सीधा सवाल होना भी तय है। गौरतलब है कि कांग्रेस की ओर से नवरात्र में प्रियंका के मध्य प्रदेश आने के कार्यक्रम को अंतिम रूप दे दिया गया था। प्रियंका दतिया में मां पीतांबरा पीठ के दर्शन करने के लिए आने वाली थीं। उनके कार्यक्रम को इस प्रकार तय किया गया था कि वे ग्वालियर-चंबल संभाग के उपचुनाव वाले चार से पांच विधानसभा क्षेत्रों से होकर गुजरतीं। उनके कार्यक्रम को रोड शो की तरह बनाकर कांग्रेस उपचुनाव में गांधी परिवार के सदस्य को मतदाताओं के सामने लाती, लेकिन कमल नाथ की टिप्पणी के बाद जारी विवाद ने पार्टी नेताओं को पुनर्विचार करने को विवश कर दिया है। हालांकि कांग्रेस की ओर से अधिकृत तौर पर यही कहा जा रहा है कि प्रियंका गांधी के दौरे को लेकर प्रदेश कांग्रेस की तैयारी पूरी है। इधर मप्र कांग्रेस के उपचुनाव के मीडिया प्रभारी केके मिश्रा का कहना है कि अभी तक आधिकारिक तौर पर ऐसी कोई सूचना नहीं है कि प्रियंका गांधी नहीं आ रही हैं। हमारी ओर से उनके दौरे की तैयारी पूरी है।

ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस वाट्सऐप चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। वाट्सऐप पर Raj Express के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।

SCROLL FOR NEXT