पथरीले रास्ते नंगे पैर दर्शन को जाएंगे श्रद्धालु
पथरीले रास्ते नंगे पैर दर्शन को जाएंगे श्रद्धालु Ganesh Dange
मध्य प्रदेश

प्रशासन की गलती-पथरीले रास्ते नंगे पैर दर्शन को जाएंगे श्रद्धालु

Author : Ganesh Dunge

राज एक्सप्रेस। रेणुका माता मंदिर रोड का निर्माण शिकारपुरा थाने से बोहरडा फाटे तक किया गया है। बीच में रेणुका कृषि उपज मंडी के पहले गेट से छोटी रेणुका माता मंदिर तक रोड अधूरा है। बीच में पुलिया है। रास्ता पथरीला है। मिट्टी पड़ी है। बारिश से कीचड़ हो रहा है। नवरात्रि 29 सितंबर से शुरू हो रही है। इसी दिन से रेणुका माता के दर्शन करने के लिए श्रद्धालु नंगे पैर जाएंगे। उन्हें अधूरे रोड के कारण दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा। नंगे पैर कीचड़ और पत्थर, कंकरों पर चलकर जाना होगा।

विभाग ने नहीं दिखाई गंभीरता

बावजूद इसके रोड निर्माण में लापरवाही बरती जा रही है। पूरा रोड बना दिया है, लेकिन लगभग 200 मीटर का हिस्सा अधूरा छोड़ दिया गया है। इस रोड का निर्माण लोक निर्माण विभाग ठेका देकर करवा रहा है। विभाग को पता है कि हर साल रेणुका माता के दर्शन करने के लिए नवरात्रि में हजारों यात्री नौ दिन तक जाते हैं। इसके बाद भी विभाग ने गंभीरता नहीं दिखाई। काम पूरा नहीं करवाया है। शहरवासियों ने कहा नवरात्रि से पहले अधूरे रोड का निर्माण पूरा किया जाना चाहिए। हाल में इस रोड पर पांडारोल नाले पर पुलिया का निर्माण किया गया है।

बारिश से कीचड़ और फिसलन

इस पुलिया पर मिट्टी पड़ी है। बारिश से कीचड़ और फिसलन हो रही है। पुलिया पर रेलिंग भी नहीं है। पुलिया की चौड़ाई ज्यादा नहीं है। हर दिन पुलिया से हजारों वाहनों की आवाजाही हो रही है। यहां पर दुर्घटना का अंदेशा रहता है। थोड़ा भी संतुलन बिगड़ा तो वाहन चालक सीधे नाले में गिरेगा। इससे बड़ी दुर्घटना हो सकती है। नवरात्री के दौरान चहल-पहल ज्यादा रहेगी।नवरात्रि केबाद दशहरा पर रावण दहन देखने के लिए भी हजारों लोग पहुंचेंगे। पुलिया के कारण दुर्घटना हो सकती है। रेणुका माता मंदिर के सामने मैदान में ही रावण दहन होता है।

जिलेभर की सड़कों के निर्माण में कोताही बरती जा रही है, लोक निर्माण विभाग द्वारा जिलेभर में सड़कों का निर्माण किया जा रहा है। सभी सड़कों के निर्माण में लापरवाही हो रही है। शाहपुर से फोपनार रोड का निर्माण शुरू हुए लगभग दो साल से ज्यादा हो चुके हैं। अब तक काम पूरा नहीं हुआ है। अधूरे रोड के कारण लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सिंधी बस्ती से गणपति नाका थाना फोरलेन की हालत खराब हो गई। रोड पूरा उखड़ गया है। इसके अलावा सिंधी बस्ती से मोहम्मदपुरा फोरलेन भी उखडऩे लगा है। काम अधूरे पड़े हैं।

ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस वाट्सऐप चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। वाट्सऐप पर Raj Express के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।

SCROLL FOR NEXT