आखिर क्यों हैं चचा जान दिग्विजय सिंह को हिन्दुत्व से इतनी नफरत
आखिर क्यों हैं चचा जान दिग्विजय सिंह को हिन्दुत्व से इतनी नफरत Syed Dabeer Hussain - RE
मध्य प्रदेश

खोज का विषय, आखिर क्यों हैं चचा जान दिग्विजय सिंह को हिन्दुत्व से इतनी नफरत

राज एक्सप्रेस

भोपाल, मध्यप्रदेश। हिन्दू, हिंदुत्व और संघ को लेकर विवादित बयानों के सहारे हमेशा सुर्खियों में रहने के आदि दिग्विजय सिंह को है उपचार की जरूरत। गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने कांग्रेस के आलाकमान को सलाह दी है कि वह दिग्गी का उपचार कराएं अन्यथा वह कांग्रेस को पूरा डूबा कर ही मानेंगे। डॉ. मिश्रा ने कहा कि यह शोध का विषय हो गया है कि आखिरकार दिग्विजय सिंह को हिंदू और हिंदुत्व से इतनी नफरत और वैमनस्यता क्यों है?

डॉ. मिश्रा ने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ को बदनाम करने के लिए दिग्विजय सिंह नित नए हथकंडे अपनाते रहते हैं। अब उन्होंने संघ और हिंदुत्व को बदनाम करने के लिए देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू को भी घसीटने में परहेज नहीं किया है। दिग्विजय सिंह ने 1958 में नेहरू द्वारा दिए गए अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की बैठक में दिए गए भाषण के हवाले से ट्वीट कर हिंदुत्व और आरएसएस को कटघरे में खड़ा करते हुए अप्रत्यक्ष रूप से भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधा है। इससे यह भी साबित होता है कि दिग्विजय कभी भी कुछ भी कर सकते हैं। डॉ. मिश्रा ने कहा कि कभी दिग्विजय सिंह राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और देश के वर्तमान गृहमंत्री अमित शाह की प्रशंसा के पुल बांध देते हैं तो कभी कटघरे में खड़ा कर देते हैं। लगता है दिग्विजय सिंह ने बची-खुची कांग्रेस को भी पूरी तरह से रसातल में पहुंचा देने की कसम खा ली है।

गृह मंत्री डॉ. मिश्रा ने कहा कि दिग्विजय सिंह ने अब देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू का सहारा लेकर अपरोक्ष रूप से भाजपा को सांप्रदायिकता फैलाने वाली पार्टी बताया है। डॉ. मिश्रा ने कहा कि चचा जान चाह कर भी हिन्दू, हिंदुत्व व संघ से नफरत ज्यादा दिन छिपा नहीं पाते हैं। अब उन्होंने नेहरू के एक भाषण का उल्लेख करते हुए बहुसंख्यक वर्ग यानी हिन्दुओं को अधिक साम्रदायिक बताया है। हालांकि उन्होंने अंग्रेजी में ट्वीट किया है ताकि ज्यादा लोगों को समझ नहीं आए, लेकिन इस ट्वीट ने उनकी हिन्दू विरोधी मानसिकता एक बार फिर सामने ला दी है। डॉ. मिश्रा ने कहा कि यह पहली बार नहीं है कि दिग्विजय सिंह हिन्दुओं के खिलाफ बोला हो लेकिन इस बार उन्होंने प्रधानमंत्री स्व. नेहरू का भी इसके लिए उपयोग कर पूरी कांग्रेस को ही कटघरे में खड़ा कर दिया है।

ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस वाट्सऐप चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। वाट्सऐप पर Raj Express के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।

SCROLL FOR NEXT