धोनी के बेकाबू प्रशंसकों पर लाठीचार्ज
धोनी के बेकाबू प्रशंसकों पर लाठीचार्ज Social Media
राजस्थान

धोनी के बेकाबू प्रशंसकों पर लाठीचार्ज

Author : राज एक्सप्रेस

राज एक्सप्रेस। राजस्थान में जालौर जिले के सांचौर उपखंड में एक स्कूल का लोकार्पण करने आये भारतीय टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के कार्यक्रम में प्रशंसकों के बेकाबू होने पर पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा।

सूत्रों ने बताया कि धोनी दोपहर में जालौर आये थे। राजस्थान गुजरात सीमा पर स्थित नैनवा में उनका जोरदार स्वागत किया गया। इसके बाद वह सड़क मार्ग से जाखल पहुंचे। उनके आने की सूचना पर वहां बड़ी संख्या में उनके प्रशंसक एकत्रित हो गये।

सूत्रों ने बताया कि धोनी ने वहां भामाशाह की ओर से बनाये गये विद्यालय का लोकार्पण किया। इसी दौरान उनसे मिलने के लिये प्रशंसक धक्कामुक्की करने लगे। देखते ही देखते भीड़ अनियंत्रित हो गयी। पुलिस ने उन्हें धोनी से दूर करने का प्रयास किया, लेकिन प्रशंसक माने नहीं। इस पर पुलिस ने उन पर लाठियां बरसा दी जिससे भगदड़ मच गयी। बाद में पुलिस ने उन्हें खदेड़ दिया।

इससे पहले जाखल निवासी भामाशाह ने गांव में संघवी तीजा बेन मिश्रीमल कटारिया राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के नये भवन का निर्माण करवाया। इसका उद्घाटन धोनी, राजस्थान के वन एवं पर्यावरण मंत्री सुखराम विश्नोई और सांसद देवजी पटेल ने किया।

बता दें भारतीय टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट से 15 अगस्त 2020 को सन्यास ले लिया था। महेंद्र सिंह धोनी ने अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण 23 दिसंबर 2004 को बांग्लादेश के खिलाफ किया था।

डिस्क्लेमर : यह आर्टिकल न्यूज एजेंसी फीड के आधार पर प्रकाशित किया गया है। इसमें राज एक्सप्रेस द्वारा कोई संशोधन नहीं किया गया है।

ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस वाट्सऐप चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। वाट्सऐप पर Raj Express के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।

SCROLL FOR NEXT