जोशीमठ में सीजन की पहली बर्फबारी शुरू
जोशीमठ में सीजन की पहली बर्फबारी शुरू Social Media
भारत

जोशीमठ में सीजन की पहली बर्फबारी शुरू, जनता की बढ़ी मुश्किलें

Sudha Choubey

उत्तराखंड, भारत। उत्तराखंड का जोशीमठ इस समय काफी मुश्किलों का सामना कर रहा है। पहले से ही भू-धंसाव से जूझ रहे जोशीमठ फिर रात भर से हो रही बारिश और फिर आज शुक्रवार को शुरू हुई बर्फबारी कई मुश्किलें पैदा कर सकता है। जोशीमठ में शुरू हुई बर्फबारी के चलते पूरा इलाका बर्फ की सफेद चादर से ढंक गया है। ठंड और बर्फबारी के कारण लोग अपने घरों से बाहर निकलने में भी डर रहे हैं।

बता दें कि, उत्तराखंड के जोशीमठ में आज सुबह 4 बजे से ही जमकर बर्फबारी हो रही है। जोशीमठ के सुनील, परसारी, नोग, डांडो, अपर बाजार, सहित पैंका, रविग्राम, मनोटी, लामारी, गांव में भी बर्फ की सफेद चादर बिछ गई है। बता दें, उत्तराखंड मौसम विभाग ने बीते दिन गुरुवार को राज्य में 24 से 27 जनवरी को भारी बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी होने का अलर्ट जारी किया था। मौसम विभाग ने इसके लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग ने जताई बर्फबारी की संभावना:

जानकारी के लिए बता दें कि, मौसम विभाग ने उत्तरकाशी और पिथौरागढ़ में भी बर्फबारी की संभावना जताई है। मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, मुक्तेश्वर में लगातार दूसरे दिन न्यूनतम तापमान एक डिग्री दर्ज किया गया। बता दें, चमौली जिले में औली, जोशीमठ, बद्रीनाथ, हेमकुंड, सहित, नीति माणा घाटी में बर्फबारी हुई।

नजर बनाए हुए है केंद्रीय मंत्रालय:

वहीं, जोशीमठ में ताजा हाल पर केंद्रीय गृह मंत्रालय लगातार नजर बनाए हुए है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से इस बारे में जानकारी ली थी। सीएम पुष्कर सिंह धामी ने जोशीमठ का दौरा किया था। उन्होंने कहा था कि, एक के बाद एक भूस्खलन और दरारों से प्रभावित करीब तीन हजार परिवारों के लिए राहत पैकेज जारी कर दिये गये हैं।

ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस वाट्सऐप चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। वाट्सऐप पर Raj Express के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।

SCROLL FOR NEXT