पहली गोली मारने वाला उस्मान भी एनकाउंटर में ढेर
पहली गोली मारने वाला उस्मान भी एनकाउंटर में ढेर Social Media
उत्तर प्रदेश

उमेश पाल हत्याकांड में पुलिस की बड़ी कार्यवाई, पहली गोली मारने वाला उस्मान भी एनकाउंटर में ढेर

Sudha Choubey

प्रयागराज, भारत। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में 24 फरवरी को हुए, उमेश पाल हत्याकांड में पुलिस को दूसरी सफलता मिली है। पुलिस ने एक्शन लेते हुए दूसरा एनकाउंटर भी कर दिया है। उमेश पाल को पहली गोली मारने वाला विजय कुमार उर्फ उस्मान चौधरी एनकाउंटर में मारा गया है। पहले खबर आई थी कि, एककाउंटर में वह घायल हो गया है और उसे अस्पताल में भर्ती किया गया है, लेकिन अब उसके मारे जाने की पुष्टि कर दी गई है। उमेश पाल हत्याकांड में उत्तर प्रदेश पुलिस इससे पहले भी एक एनकाउंटर कर चुकी है, जिसमें पुलिस ने अतीक अहमद के करीबी अरबाज को मार गिराया था।

बताया जा रहा है कि, प्रयागराज के कौंधियारा इलाके में ये मुठभेड़ हुई। इस दौरान उस्मान चौधरी को गोली लग गई। उसे घायल अवस्था में इलाज के लिए एसआरएन अस्पताल ले जाया गया, हालांकि, रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, विजय कुमार ने कुछ सालों पहले ही धर्मपरिवर्तन कराया था और उस्मान बन गया था। पहले सीसीटीवी फुटेज से उस्मान चौधरी की पहचान नहीं हो पाई थी। इसलिए एफआईआर में उसका नाम नहीं था। उस्मान चौधरी पर 50 हजार का इनाम घोषित किया गया था। जबकि जिन शूटरों की पहचान हो चुकी है, उन पर 2.5 लाख का इनाम घोषित किया गया है।

प्रयागराज के स्वरूप रानी नेहरू अस्पताल के डॉ. बद्री विशाल सिंह ने बताया कि, "उस्मान को जब लाया गया था तो उसकी मृत्यु हो चुकी थी। हमने उसका ECG और अन्य जांच कराकर हमने उसे मृत घोषित किया और उसके शरीर को शव गृह भेजा। उसको गोली लगी थी।"

आपको बता दें कि, प्रयागराज में 24 फरवरी को उमेश पाल और उसके दो गनर्स की बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। उमेश पाल राजूपाल हत्याकांड में गवाह थे। उमेश के गाड़ी से उतरते ही बदमाशों ने उनकी पर फायरिंग कर दी थी। इस दौरान उनकी और उनके गनर की गोली लगने से मौत हो गई। उसके बाद उत्तर प्रदेश की योगी सरकार एक्शन में आ गई और माफिया पर पुलिस का एक्शन लगातार जारी है। हत्याकांड में एक और आरोपी का एनकाउंटर कर दिया गया है।

क्या बोले उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक:

उमेश पाल हत्याकांड पर उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि, "पुलिस STF लगातार लगी हुई है, कल की घटना जो हुई है उसमें पुलिस पर हमला किया गया जिसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में उसे मार गिराया। एक-एक अपराधी को सज़ा मिलेगी यही हमारी प्रतिबद्धता है।"

ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस वाट्सऐप चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। वाट्सऐप पर Raj Express के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।

SCROLL FOR NEXT