शाह, नड्डा ने शोभा के निधन पर जताया दु:ख
शाह, नड्डा ने शोभा के निधन पर जताया दु:ख Syed Dabeer Hussain - RE
पश्चिम बंगाल

शाह, नड्डा ने शोभा के निधन पर जताया दुख

Author : राज एक्सप्रेस

राज एक्सप्रेस। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जे पी नड्डा ने उत्तरी 24 परगना जिले के निमता निवास में पिछले माह कथित तौर पर तृणमूल समर्थकों के हमले में घायल 84 वर्षीय शोभा मजूमदार के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। भाजपा के दोनों नेताओं ने सोमवार को अलग-अलग ट्वीट कर इस आशय का बयान दिया। शोभा का आज सुबह निधन हो गया। शोभा और उनके बेटे गोपाल पर उत्तरी दमदम के निमता थाना इलाके में गत 27 फरवरी को कथित रूप से हमला किया गया था। उनकी मौत के कारण का अभी पता नहीं चल सका है।

सर्वश्री शाह और नड्डा ने ट्वीट किया, "उनके (शोभा के) परिवार का दर्द और जख्म लंबे समय तक ममता दीदी (मुख्मंत्री एवं तृणमूल प्रमुख) को परेशान करेगा।"

श्री शाह ने कहा, "बंगाल की बेटी शोभा मजूमदार जी के निधन की खबर सुनकर दुख हुआ जिन्हें तृणमूल के गुंडों ने बेरहमी से पीटा था। बंगाल हिंसा मुक्त राज्य के लिए लड़ेगा तथा बंगाल हमारी बहनों और माताओं के लिए एक सुरक्षित राज्य की लड़ाई लड़ेगा।" श्री शाह ने स्वर्गीय शोभा की अंत्येष्टि का फोटो भी पोस्ट किया है।

श्री नड्डा ने कहा, "ईश्वर, निमता की वृद्ध मां शोभा मजूमदार जी की आत्मा को शान्ति प्रदान करे। बेटे गोपाल मजूमदार के भाजपा कार्यकर्ता होने के कारण उनको अपनी जान गवानी पड़ी। उनके बलिदान को सदैव याद किया जाएगा। वे भी बंगाल की माँ थी, बंगाल की बेटी थी। भाजपा हमेशा मां और बेटी की सुरक्षा के लिए लड़ती रहेगी।"

इस बीच, तृणमूल के वरिष्ठ नेता एवं सांसद सौगत राय ने कहा कि "एक माह पहले भाजपा कार्यकर्ता गोपाल के घर के सामने किसी बात को लेकर गोपाल और तृणमूल समर्थकों के बीच वाद-विवाद हुआ। इस बीच गोपाल जमीन पर गिर गया और इसके बाद यह सोचकर उसकी मां उत्तेजित हो गयी कि उसके पुत्र पर हमला हुआ है तथा इसी क्रम में वह भी गिर पड़ी थीं।"

ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस वाट्सऐप चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। वाट्सऐप पर Raj Express के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।

SCROLL FOR NEXT