भाजपा ने आजमगढ़ को सिवा बदनामी के कुछ नहीं दिया : अखिलेश यादव
भाजपा ने आजमगढ़ को सिवा बदनामी के कुछ नहीं दिया : अखिलेश यादव Social Media
पॉलिटिक्स

भाजपा ने आजमगढ़ को सिवा बदनामी के कुछ नहीं दिया : अखिलेश यादव

News Agency

लखनऊ। समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आजमगढ़ की हमेशा ही उपेक्षा की है और बदनाम किया और अभी भी भाजपा सरकार धोखा देने से बाज नहीं आ रही है। श्री यादव ने रविवार को जारी बयान में कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सभी नेता अपनी बात झूठ से शुरू करते है और झूठ पर ही खत्म करते हैं। भाजपा ने हमेशा आजमगढ़ की उपेक्षा की और बदनाम किया। अभी भी भाजपा सरकार धोखा देने से बाज नहीं आ रही है। आजमगढ़ की जनता ने हमेशा भाजपा की साम्प्रदायिकता और विकास विरोधी ताकतों को नकारा है। समाजवादियों ने हमेशा आजमगढ़ और पूर्वांचल में विकास और जनता को सम्मान दिया है। आजमगढ़ की जनता ने भी हमेशा समाजवादियों का साथ दिया है। यह परस्पर भरोसा अटूट है।

उन्होने कहा कि भाजपा सरकार की जनविरोधी और गलत नीतियों का खामियाजा पूरा प्रदेश और देश भुगत रहा है। भाजपा की धोखे और झूठ की राजनीति ने समाज के हर वर्ग को तबाह कर दिया है। किसान, नौजवान, व्यापारी सभी भाजपा सरकार से नाराज और आक्रोशित है। उत्तर प्रदेश महंगाई, बेरोजगारी और अपराध की घटनाओं से झुलस रहा है।

सपा अध्यक्ष ने कहा कि सर्वविदित है कि समाजवादी पार्टी की सरकार ने आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे का निर्माण कराया। उसी की अगली कड़ी में आजमगढ को प्रदेश की राजधानी लखनऊ और देश की राजधानी नई दिल्ली से जोड़ने के लिए समाजवादी पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे की आधारशिला रखी गई थी। समाजवादी सरकार में समाजवादी पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के लिए जमीन अधिग्रहण हुआ। एलाइनमेंट हुआ लेकिन भाजपा सरकार बनने पर काम रोक दिया फिर समाजवादी पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे का नाम बदल दिया। समाजवादियों ने हमेशा आजमगढ़ और पूर्वांचल के विकास के लिए काम किया। आजमगढ़ में मेडिकल कालेज, चीनी मिल, पैरा मेडिकल कालेज, हॉस्पिटल और सड़के समाजवादी सरकार में बनी।

उन्होने कहा कि प्रदेश की जनता जानती है कि भाजपा राज में महंगाई, भ्रष्टाचार और बच्चियों के दुष्कर्म की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। सत्ता संरक्षित दबंगों ने भाजपा राज को जंगलराज में तब्दील कर दिया है। भाजपा ने एक यूनिट बिजली का उत्पादन नहीं किया। समाजवादी सरकार ने मरीजों के लिए 108 और 102 एम्बुलेंस सेवा, और महिला अपराध नियंत्रण के लिए 1090 तथा अपराध नियंत्रण के लिए यूपी डायल 100 की सुविधा दी थी जिसे भाजपा सरकार ने बर्बाद कर दिया।

श्री यादव ने कहा कि भाजपा सरकार के पास गिनाने को अपनी एक भी योजना नहीं है। समाजवादी सरकार के कामों को ही अपना बताकर वह पांच वर्ष से गुमराह करने का अपराध किया है। आर.एस.एस. और भाजपा झूठ-फरेब और नफरत फैला कर जनता को गुमराह कर राज कर रहे हैं। लेकिन जनता भी अब भाजपा की षडयंत्रकारी नीतियों की सब सच्चाई जानती है।

ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस वाट्सऐप चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। वाट्सऐप पर Raj Express के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।

SCROLL FOR NEXT