72nd Army Day
72nd Army Day Priyanka Sahu -RE
पॉलिटिक्स

सेना के जज्‍बे को सलामी देता "सेना दिवस", हस्तियों ने किया नमन

Author : Priyanka Sahu

राज एक्‍सप्रेस। देश आज अर्थात15 जनवरी को 72वां "सेना दिवस" (72nd Army Day) मना रहा है। यह तो जानते ही है कि, सेना देश का एक महत्वपूर्ण अंग होती है और आज का दिन देश की सीमाओं की रक्षा करने वाली भारतीय सेना के लिए एक ख़ास दिन है। भारत में हर वर्ष इस दिन को यानी 'इंडियन आर्मी डे' पर सैन्य परेडो, सैन्य प्रदर्शनियों व अन्य कार्यक्रमों के साथ नई दिल्ली व सभी सेना मुख्यालयों में मनाया जाता है। गर्व की बात तो यह है कि, भारत की सेना को पूरे दुनिया में चौथी सबसे ताकतवर सेना मानी जाती है।

क्‍यों मनाया जाता है आर्मी डे?

हर साल जनवरी की 15 तारीख को 'इंडियन आर्मी डे' मनाए जाने का कारण यह है कि, इस दिन पूरा देश ताकतवर व बहादुर भारतीय सैनिकों को उनकी वीरता, अदम्य साहस, शौर्य और उसकी कुर्बानी को याद करते हुए सेना के जज्बे को सलाम किया जाता है। आज के दिन भारतीय सेना अपनी गौरवशाली परंपरा का निर्वाह करते हुए अपने दम-खम का प्रदर्शन करने के साथ ही उस दिन को पूरी श्रद्धा से याद करती है, जब सेना की कमान पहली बार एक भारतीय के हाथ में आई थी।

क्‍या है 15 जनवरी को 'आर्मी डे' बनाने का कारण?

दरअसल, आज के दिन यानी 15 जनवरी को 'इंडियन आर्मी डे' बनाए जाने का कारण बेहद ही विशेष है, क्‍योंकि इस दिन ही फील्‍ड मार्शल केएम करियप्‍पा भारतीय सेना के पहले कमांडर-इन-चीफ बनाए गए थे, इन्‍हीं के सम्‍मान में यह 'सेना दिवस' मनाया जाता है।

केएम करियप्‍पा से जुड़ी कुछ दिलचस्‍प बातें-

  • केएम करियप्‍पा ने 1947 में हुए भारत-पाक युद्ध में पश्चिमी सीमा पर भारतीय सेना का नेतृत्व किया था।

  • वहीं, 15 जनवरी 1949 को उन्‍होंने सर फ्रांसिस बुचर से प्रभार लिया था।

  • इसके बाद 1986 में फील्ड मार्शल का खिताब प्राप्त करने वाले दूसरे अफसर थे। इससे पहले फील्ड मार्शल जनरल एसएफजे मानेकशॉ थे।

सेना दिवस की राष्ट्रपति ने दी बधाई :

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने ट्वीट करते हुए लिखा- ''सेना दिवस के अवसर पर भारतीय सेना के सभी फौजी भाई-बहनों, युद्धवीरों और उनके परिवारों को बधाई। आप हमारे राष्ट्र के गौरव हैं और हमारी आजादी के रखवाले। आपकी सर्वोच्च त्याग भावना ने हमारी संप्रभुता की रक्षा की है, देश का गौरव बढ़ाया है और लोगों की सुरक्षा की है। जय हिन्द!''

प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट कर कहीं यह बात :

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी ट्वीट में लिखा- ''भारत की सेना मां भारती की आन-बान और शान है। सेना दिवस के अवसर पर मैं देश के सभी सैनिकों के अदम्य साहस, शौर्य और पराक्रम को सलाम करता हूं।''

इसके अलावा PM मोदी ने एक अन्‍य ट्वीट भी किया, जिसमें उन्‍होंने लिखा है- ''हमारी सेना अपनी वीरता और व्यावसायिकता के लिए जानी जाती है। इसकी मानवीय भावना के लिए भी सम्मान किया जाता है। जब भी लोगों को मदद की जरूरत होती है, हमारी सेना मौके पर पहुंच गई है और हर संभव मदद की है! हमारी सेना पर गर्व है। मैं शमीमा और उनके बच्चे के अच्छे स्वास्थ्य के लिए प्रार्थना करता हूं।'' इसके साथ ही एक वीडियों भी शेयर किया है।

भारतीय सेना के सीमा पर तैनात होने पर ही हम देश में शांतिपूर्वक रह रहे हैं, चैन की नींद सो रहे हैं। "सेना दिवस" के इस मौके पर हमारी ओर से देश के प्रति अपने अदम्‍य साहस और शौर्य से 'मां भारती' की रक्षा करने वाले वीर सपूतों को सादर नमन! हर भारतीय को इस इस बात पर गर्व है कि, 'भारतीय सेना शक्तिशाली, आधुनिक, सर्वश्रेष्ठ एवं उच्च मनोबल के साथ सदैव तैयार है।'

ताज़ा ख़बर पढ़ने के लिए आप हमारे टेलीग्राम चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। @rajexpresshindi के नाम से सर्च करें टेलीग्राम पर।

ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस वाट्सऐप चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। वाट्सऐप पर Raj Express के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।

SCROLL FOR NEXT