सरकार आने पर बुंदेलखंड में लगाएंगे सरसों तेल का संयंत्र : अखिलेश
सरकार आने पर बुंदेलखंड में लगाएंगे सरसों तेल का संयंत्र : अखिलेश Syed Dabeer Hussain - RE
पॉलिटिक्स

सरकार आने पर बुंदेलखंड में लगाएंगे सरसों तेल का संयंत्र : अखिलेश

Author : News Agency

हमीरपुर। समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि सत्ता में आने पर उनकी सरकार बुंदेलखंड में तिल और सरसों के तेल का सरकारी संयंत्र लगाएगी। जिले के कुरारा कस्बे में विजय यात्रा के दौरान श्री यादव ने पत्रकारों से कहा कि बुंदेलखंड तिल और सरसों का अधिक उत्पादन करने में सक्षम है। उनकी सरकार सत्ता में आती है तो वह तिल और सरसों के तेल का सरकारी संयंत्र लगाएगी और इसको ब्रांड बनाएगी ताकि विदेश से सरसों के तेल में जो मिलावट आ रही है वह रोक कर अपनी गरीब जनता को शुद्ध सरसों का तेल मिल सके।

उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) किसानों को बरबाद करके पता नहीं किसके लिए दूध महंगा कर रही है। उन्होंने कहा कि पेट्रोल डीजल की बढ़ती कीमतें आम आदमी के साथ-साथ किसान और गरीब की जेब पर बोझ डाल रही है। आज पेट्रोल 102 रूपए लीटर पर मिल रहा है। यह क्या भाजपा सरकारों को दिखाई नहीं दे रहा है। वास्तव में उन्हे सब कुछ दिख रहा है मगर महंगाई से कराहती जनता की पुकार नहीं सुनाई दे रही है।

श्री यादव की विजय यात्रा आज भारी जनसमुदाय के बीच हमीरपुर से कुरारा होते हुए जालौन के कालपी के लिए रवाना हो गई। गौरतलब है कि समाजवादी विजय यात्रा मंगलवार को कानपुर के नौबस्ता क्षेत्र से शुरू हुई थी। यात्रा के पहले चरण में श्री यादव आज कालपी होते हुए कानपुर देहात के माती जायेंगे और इस दौरान भाजपा सरकार की नाकामियों और अपनी पार्टी के वादों से जनता को रूबरू कराएंगे। मंगलवार को श्री यादव ने प्रदेश की कानून व्यवस्था को लेकर सरकार को घेरा था जबकि आज वह महंगाई के मुद्दे पर चोट कर रहे हैं।

ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस वाट्सऐप चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। वाट्सऐप पर Raj Express के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।

SCROLL FOR NEXT