Commonwealth Games : भारत ने घाना पर दमदार जीत से की शुरुआत
Commonwealth Games : भारत ने घाना पर दमदार जीत से की शुरुआत Social Media
खेल

Commonwealth Games : भारत ने घाना पर दमदार जीत से की शुरुआत

News Agency

बर्मिंघम। भारतीय महिला हॉकी टीम ने राष्ट्रमंडल खेलों में शुक्रवार को घाना को मात देकर जीत के साथ शुरुआत की। भारत ने बर्मिंघम में खेले गये ग्रुप-ए के पहले मैच में घाना को 5-0 से हराया। भारत की और से गुरजीत कौर ने दो जबकि नेहा, संगीता कुमारी और सलीमा टेटे ने एक-एक गोल किया।

गुरजीत कौर ने पहले क्वार्टर में भारत को शानदार शुरुआत दिलाते हुए तीसरे मिनट में ही पहला गोल किया। उन्होंने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में तब्दील करने के लिये गेंद को नेट के ऊपरी कोने में पहुंचाया। दूसरे क्वार्टर में घाना ने लय हासिल करना शुरू कर दी। मैच के 27वें मिनट में घाना ने भारत के गोल पर निशाना साधा, लेकिन कप्तान और गोलकीपर सविता पूनिया ने शानदार खेल के साथ भारत की बढ़त को बरकरार रखा।

इसके फौरन बाद घाना को एक पेनल्टी कॉर्नर मिला, लेकिन सविता ने एक बार फिर गेंद को नेट तक नहीं पहुंचने दिया। घाना का एक और पेनल्टी कॉर्नर चूकने के बाद भारत हमलावर हुआ। भारत ने हाफ टाइम से सिर्फ तीन मिनट पहले एक और गोल किया। नेहा ने घाना के नेट सर्किल में पहुंचकर शॉट मारा जो घाना की डिफेंडर के स्टिक से छिटककर नेट तक पहुंच गया और भारत की बढ़त 2-0 हो गयी।

तीसरे और चौथे क्वार्टर में भारत ने घाना पर अपना शिकंजा और मजबूती से कस लिया। संगीता कुमारी ने जहां भारत के लिये दूसरा गोल किया, वहीं गुरजीत ने पेनल्टी स्ट्रोक को गोल में बदल कर भारत पर 4-0 की विशाल बढ़त दिला दी। अंत में सलीमा टेटे ने भारतीय वर्चस्व को 'फिनिशिंग टच' देते हुए टीम के लिये पांचवां गोल किया और भारत ने घाना पर 5-0 की दमदार जीत दर्ज की।

ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस वाट्सऐप चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। वाट्सऐप पर Raj Express के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।

SCROLL FOR NEXT