भारत के स्टार एथलीट नीरज चोपड़ा ने भाला फेंक में जीता स्वर्ण पदक
भारत के स्टार एथलीट नीरज चोपड़ा ने भाला फेंक में जीता स्वर्ण पदक Syed Dabeer Hussain - RE
खेल

भारत के स्टार एथलीट नीरज चोपड़ा ने भाला फेंक में जीता स्वर्ण पदक

Author : News Agency

टोक्यो। भारत के स्टार भाला फेंक एथलीट नीरज चोपड़ा ने शनिवार को अपने दूसरे प्रयास में 87.58 मीटर की थ्रो के साथ टोक्यो ओलम्पिक में भाला फेंक स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर नया स्वर्णिम इतिहास रच दिया। नीरज ने ओलम्पिक में भारत का पहला एथलेटिक्स पदक जीता और वह भी स्वर्ण पदक के रूप में। भारत ने इसके साथ ही ओलम्पिक में अपने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन का कीर्तिमान बना डाला और लंदन में छह पदक जीतने के अपने पिछले सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन को पीछे छोड़ दिया। भारत का इन खेलों में यह सातवां पदक था। भारत ने इससे पहले दो रजत और चार कांस्य पदक जीते थे।

स्वर्ण पदक विजेता नीरज चोपड़ा को कोविंद ने दी बधाई :

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने टोक्यो ओलंपिक में भाला फेंक स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने वाले एथलीट नीरज चोपड़ा को बधाई दी है। श्री कोविंद ने शनिवार को ट्वीट करके लिखा, '' नीरज चोपड़ा की अभूतपूर्व जीत! भाला फेंक में आपका विजयी सोना सभी बाधाओं को तोड़ता है और इतिहास रचता है।" उन्होंने कहा, '' आप अपने पहले ओलंपिक में भारत को पहली बार ट्रैक और फील्ड पदक दिलाते हैं। आपका करतब हमारे युवाओं को प्रेरणा देगा। भारत उत्साहित है। हार्दिक बधाई।"

नीतीश ने जैवलिन थ्रो में स्वर्ण पदक विजेता नीरज चोपड़ा को दी बधाई :

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने टोक्यो ओलंपिक की जैवलिन थ्रो प्रतियोगिता में भारत के लिए स्वर्ण पदक जीतने वाले नीरज चोपड़ा को बधाई और शुभकामनाएं दीं तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। श्री कुमार ने शनिवार को यहां अपने शुभकामना संदेश में कहा कि जैवलिन थ्रो में भारत के नीरज चोपड़ा ने स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रच दिया है। उनकी कड़ी मेहनत, जुनून और द्रढ़ संकल्प ने ही आज उन्हें इस मुकाम पर पहुंचाया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि श्री चोपड़ा ने स्वर्ण पदक जीतकर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है, जिस पर पूरा देश गौरवान्वित है। उन्होंने कहा कि वे निरंतर प्रगति के शीर्ष पर पहुंचें और देश का नाम रोशन करते हैं, ऐसी उनकी कामना है।

ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस वाट्सऐप चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। वाट्सऐप पर Raj Express के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।

SCROLL FOR NEXT