सुनील छेत्री जन्मदिन
सुनील छेत्री जन्मदिन Syed Dabeer Hussain - RE
खेल

सुनील छेत्री जन्मदिन : कभी कोच ने कहा था नालायक, आज उनके नाम हैं कई शानदार रिकॉर्ड

Vishwabandhu Pandey

राज एक्सप्रेस। भारतीय फुटबॉल टीम के कप्तान सुनील छेत्री अपना 37वां जन्मदिन मना रहे हैं। तेलंगाना में जन्मे सुनील छेत्री भारतीय फुटबॉल के सबसे सफल खिलाड़ी रहे हैं। वह भारत के लिए सर्वाधिक गोल करने वाले खिलाड़ी भी रहे हैं। छेत्री ने अपने अंतराष्ट्रीय करियर की शुरुआत साल 2007 में पाकिस्तान के खिलाफ की थी। अपने करियर के दौरान छेत्री ने कई उतार-चढ़ाव देखे हैं। एक समय ऐसा भी आया था जब कोच ने उन्हें टीम में रहने लायक भी नहीं माना था, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानते हुए फुटबॉल खेलना जारी रखा था। तो चलिए इस मौके पर हम सुनील छेत्री से जुड़े उस रोचक किस्से और उनके रिकॉर्ड के बारे में जानते हैं।

जब कोच ने कहा- तुम टीम में रहने लायक नहीं हो :

साल 2012 में सुनील छेत्री पुर्तगाल के क्लब स्पोर्टिंग लिस्बन से जुड़े थे। इस दौरान उनकी टीम के मुख्य कोच ने उनकी काबिलियत पर सवाल उठाते हुए कहा था कि, ‘तुम शीर्ष टीम में जगह बनाने के लायक नहीं हो। इसलिए तुम्हे बी टीम में चले जाना चाहिए।’ कोच की इस बात से सुनील छेत्री खासे निराश हुए थे और 3 साल का अनुबंध होने के बावजूद वह 9 महीने में ही भारत वापस आ गए थे। हालांकि इसके बाद सुनील छेत्री ने भारत के लिए शानदार खेल दिखाया था।

सुनील छेत्री के रिकॉर्ड :

  1. सुनील छेत्री ने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर में अब तक 84 गोल किए हैं और इस मामले में वह दुनिया में पांचवें स्थान पर हैं। अर्जेंटीना के सुपरस्टार लियोनेल मेस्सी (86 गोल) से वह सिर्फ 2 गोल पीछे हैं।

  2. छेत्री ने भारत के लिए सर्वाधिक 117 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं। उनके बाद बाइचुंग भूटिया का नंबर आता हैं, जिन्होंने 107 मैचों में हिस्सा लिया है।

  3. सुनील छेत्री ने रिकॉर्ड छह बार एआईएफएफ प्लेयर ऑफ द ईयर का पुरस्कार अपने नाम किया है। इस पुरस्कार को साल 1992 में शुरू किया गया था।

  4. सुनील छेत्री एकमात्र भारतीय खिलाड़ी हैं जो तीन अलग-अलग महाद्वीपों - उत्तरी अमेरिका, एशिया और यूरोप में खेल चुके हैं।

  5. भारत के लिए सबसे ज्यादा तीन हैट्रिक लगाने का रिकॉर्ड भी सुनील छेत्री के नाम है। सुनील छेत्री ने तजाकिस्तान, वियतनाम और चीनी ताइपे के खिलाफ हैट्रिक लगाईं है।

ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस वाट्सऐप चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। वाट्सऐप पर Raj Express के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।

SCROLL FOR NEXT