कैपिटल्स ने मुंबई को नौ विकेट से रौंदा
कैपिटल्स ने मुंबई को नौ विकेट से रौंदा Social Media
टूर्नामेंट्स

WPL 2023 : कैपिटल्स ने मुंबई को नौ विकेट से रौंदा

News Agency, राज एक्सप्रेस

मुंबई। दिल्ली कैपिटल्स ने गेंदबाजों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की बदौलत विमेंस प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) में सोमवार को मुंबई इंडियन्स को नौ विकेट से रौंदकर अंक तालिका में पहला स्थान हासिल कर लिया।

मुंबई ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 109 रन बनाये। कैपटिल्स ने मेग लैनिंग, शेफाली वर्मा और एलिसे कैपसी की ताबड़तोड़ बल्लेबाजी के दम पर 110 रन का लक्ष्य नौ ओवर में ही हासिल कर लिया।

सलामी बल्लेबाज शेफाली ने पहले ओवर में मुंबई की गेंदबाजी को बेअसर करते हुए 15 गेंद पर छह चौकों और एक छक्के के साथ 33 रन बनाये, जबकि उनकी जोड़ीदार लैनिंग ने 22 गेंद पर चार चौकों और एक छक्के की सहायता से नाबाद 32 रन की पारी खेली। कैपसी ने अंत में आतिशी बल्लेबाजी करते हुए 17 गेंद पर एक चौके और पांच छक्कों की मदद से 38 रन बनाये।

कैपिटल्स अब सात मैच में पांच जीत और दो हार के साथ डब्ल्यूपीएल तालिका में शीर्ष स्थान पर है, जबकि मुंबई एक पायदान फिसलकर दूसरे स्थान पर आ गयी है। दोनों टीमें प्लेऑफ के लिये पहले ही क्वालीफाई कर चुकी हैं।

कैपिटल्स ने टॉस जीतकर गेंदबाजी करने का फैसला किया और 10 रन के अंदर मुंबई को तीन झटके देकर रनगति पर लगाम कस दी।

मरिजाने काप ने यास्तिका भाटिया और नैट सिवर ब्रंट को एक ही ओवर में आउट किया, जबकि हेली मैथ्यूज चौथे ओवर में जेमिमा रोड्रिग्स के शानदार कैच की भेंट चढ़ गईं।अमेलिया केर ने पिच पर 16 गेंद का समय बिताया लेकिन इस दौरान वह आठ रन ही बना सकीं। चार विकेट गिरने के बाद क्रीज पर आयीं पूजा वस्त्राकर ने प्रत्याक्रामक रणनीति अपनाकर कैपिटल्स के गेंदबाजों पर प्रहार किया।

वस्त्राकर ने 19 गेंद पर तीन चौकों और एक छक्के की मदद से 26 रन बनाते हुए हरमनप्रीत कौर के साथ पांचवें विकेट के लिये 37 रन की साझेदारी की। जेस जॉनसन ने वस्त्राकर को आउट करके मुंबई से मैच में वापस आने का मौका छीन लिया। हरमनप्रीत भी लंबे संघर्ष के बाद 26 गेंद पर 23 रन बनाकर आउट हो गयीं।

अंतत:, इसी वॉन्ग ने आखिरी ओवरों में कुछ अच्छे शॉट खेलते हुए अमनजोत कौर के साथ 30 रन जोड़े, जिसकी मदद से मुंबई 109 रन के स्कोर तक पहुंच सकी। वॉन्ग ने 24 गेंद पर एक छक्के के साथ 23 रन बनाये, जबकि अमनजोत ने 16 गेंद पर दो चौकों की मदद से 19 रन की पारी खेली।

काप ने कैपिटल्स की गेंदबाजी की अगुवाई करते हुए चार ओवर में मात्र 13 रन देकर दो विकेट लिये। शिखा पांडे (चार ओवर, 21 रन) और जॉनसन (चार ओवर, 25 रन) को दो-दो विकेट हासिल हुए, जबकि अरुंधति रेड्डी (तीन ओवर, 10 रन) ने एक सफलता प्राप्त की।

ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस वाट्सऐप चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। वाट्सऐप पर Raj Express के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।

SCROLL FOR NEXT