WPL : दिल्ली कैपिटल्स ने बैंगलोर को छह विकेट से हराया
WPL : दिल्ली कैपिटल्स ने बैंगलोर को छह विकेट से हराया Social Media
खेल

WPL : दिल्ली कैपिटल्स ने बैंगलोर को छह विकेट से हराया

राज एक्सप्रेस, News Agency

मुंबई। एलिसे पेरी (67 नाबाद) के अर्द्धशतक और ऋचा घोष (37) के साथ उनकी विस्फोटक साझेदारी के बावजूद दिल्ली कैपिटल्स ने विमेंस प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) में सोमवार को रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर को छह विकेट से मात दी। पहली जीत की तलाश कर रहे बैंगलोर ने कैपिटल्स के सामने 151 रन का लक्ष्य रखा। कैपिटल्स ने यह लक्ष्य 19.4 ओवर में हासिल करके बैंगलोर को उसकी पांचवी हार सौंपी।

पेरी ने बैंगलोर की पारी को शुरू से अंत तक संबल देते हुए 52 गेंद पर चार चौकों और पांच छक्कों के साथ 67 रन बनाये। ऋचा ने 16 गेंद पर तीन चौकों और तीन छक्कों सहित 37 रन का योगदान दिया। बैंगलोर एक समय पर रन बनाने के लिये संघर्ष कर रहा था लेकिन पेरी-ऋचा ने अंतिम छह ओवर में 82 रन जोड़कर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचा दिया। बैंगलोर ने इस स्कोर की रक्षा करते हुए कैपिटल्स के चार विकेट 109 रन पर गिराकर मैच पर पकड़ बनायी, हालांकि मरिज़ाने काप (32 नाबाद) और जेस जॉनसन (29 नाबाद) ने पांचवें विकेट के लिये 45 रन की अविजित साझेदारी करके टीम को जीत दिला दी।

कैपिटल्स के लिये पारी की शुरुआत करने उतरीं शेफाली वर्मा पहली ही गेंद पर आउट हो गयीं लेकिन एलिस कैप्सी ने टीम के लिये तेज शुरुआत सुनिश्चित की। कैप्सी ने 24 गेंद पर आठ चौकों के साथ 38 रन बनाये और आउट होने से पहले कैपिटल्स को पांच ओवर में 45 रन तक पहुंचा दिया। कप्तान और सलामी बल्लेबाज मेग लैनिंग हालांकि 18 गेंद पर 15 रन ही बना सकीं। पेरी, श्रेयंका पाटिल और आशा शोभना ने रनों पर अंकुश लगाकर काप और जेमिमा रॉड्रिग्स पर दबाव बनाया। रॉड्रिग्स को 17 रन के स्कोर पर एक जीवनदान भी मिला, हालांकि वह इसका फायदा नहीं उठा सकीं और 32 (28) रन बनाकर आउट हो गयीं।

कैपिटल्स को अंतिम पांच ओवर में 37 रन की दरकार थी। पेरी, श्रेयंका और मेघन शूट की कसी हुई गेंदबाजी ने कैपिटल्स की राह मुश्किल की और अंतिम ओवर के शुरू होने से पहले वह जीत से नौ रन दूर था। रेणुका ने आखिरी ओवर की शुरुआती दो गेंद पर सिर्फ दो रन दिये, लेकिन तीसरी और चौथी गेंद पर जॉनसन ने एक छक्का और एक चौका जड़कर बैंगलोर को पहली जीत का स्वाद चखने से वंछित कर दिया। मंधाना की टीम अब अंक तालिका में अपना खाता खोलने के प्रयास में बुधवार को यूपी वॉरियर्स का सामना करेगी। कैपिटल्स का अगला मुकाबला गुरुवार को गुजरात जायंट्स से होगा।

ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस वाट्सऐप चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। वाट्सऐप पर Raj Express के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।

SCROLL FOR NEXT