ब्रिटेन में भिड़े भारतीय हिंदू और पाकिस्तानी मुस्लिम
ब्रिटेन में भिड़े भारतीय हिंदू और पाकिस्तानी मुस्लिम Syed Dabeer Hussain - RE
यूरोप

ब्रिटेन में भिड़े भारतीय हिंदू और पाकिस्तानी मुस्लिम, जानिए क्या है पूरा मामला?

Priyank Vyas

राज एक्सप्रेस। ब्रिटेन में भारतीय हिन्दू और पाकिस्तानी मुस्लिमों के बीच विवाद लगातार गहराता जा रहा है। भारत-पाकिस्तान मैच से शुरू हुआ यह बवाल अब धार्मिक स्थलों पर हमले करने तक पहुंच चुका है। फिलहाल ब्रिटेन के लीसेस्टर शहर में दोनों ही समुदायों के बीच भारी तनाव देखने को मिल रहा है। किसी भी तरह के टकराव की स्थिति को रोकने के लिए लीसेस्टर में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। अब तक 20 से ज्यादा लोगों को गिरफ्तार भी किया जा चुका है। तो चलिए जानते हैं कि आखिर यह पूरा मामला क्या है?

भारत-पाक मैच से शुरू हुआ विवाद :

दरअसल यह पूरा विवाद एशिया कप में हुए भारत-पाकिस्तान मैच से शुरू हुआ। इस मैच में भारत ने पाकिस्तान को हराया था। मैच के दौरान ब्रिटेन के लीसेस्टर में भारत और पाकिस्तान के क्रिकेट प्रशंसक आपस में भिड़ गए थे। ऐसे में उन्हें रोकने के लिए पुलिस को खासी मशक्कत करना पड़ी।

भारतीयों पर हमले :

भारत-पाक मैच से शुरू हुआ विवाद आगे और भी गहराता गया। इस घटना के बाद लीसेस्टर में रहने वाले भारतीयों को पाकिस्तानी मुस्लिमों की गैंग ने निशाना बनाना शुरू कर दिया। इससे भारतीयों में भी गुस्सा भड़क गया।

भारतीय उच्चायोग लंदन ने जारी किया बयान :

हम लीसेस्टर में भारतीय समुदाय के खिलाफ हुई हिंसा और हिंदू धर्म के परिसरों और प्रतीकों की तोड़फोड़ की कड़ी निंदा करते हैं। हमने ब्रिटेन के अधिकारियों के साथ इस मामले को मजबूती से उठाया है और इन हमलों में शामिल लोगों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की है। हम अधिकारियों से प्रभावित लोगों को सुरक्षा प्रदान करने का आह्वान करते हैं।

धार्मिक स्थल पर हमला :

शनिवार रात को भी भारत और पाकिस्तान के समुदायों के बीच कई बार झड़पें हुई। इस दौरान एक-दूसरे पर पत्थर और कांच की बोतलें फेंकी गईं। हिंदू समुदाय का आरोप है कि पाकिस्तानी मुस्लिमों ने उनके धार्मिक स्थल पर हमला करके झंडे को फाड़ दिया। सोशल मीडिया पर इस घटना का वीडियो भी वायरल हो रहा है।

एक-दूसरे पर फोड़ा ठीकरा :

इस मामले में मुस्लिम काउंसिल ऑफ ब्रिटेन ने धार्मिक स्थल पर हमले की निंदा जरूर की, लेकिन साथ ही तनाव के लिए भारत के दक्षिणपंथी समूहों को जिम्मेदार ठहरा दिया। वहीं भारतीय समुदाय का कहना है कि, ‘पाकिस्तानी साजिश के तहत भारतीयों पर हमले कर रहे हैं। हिंदुओं की आबादी वाले इलाके में सड़क पर नमाज पढ़ी जा रही है। मुस्लिमों की बड़ी आबादी वाले शहर बर्मिंघम से कुछ ग्रुप लीसेस्टर आए हैं।'

किसकी कितनी आबादी?

दरअसल ब्रिटेन के लीसेस्टर शहर में भारत और पाकिस्तान के लोग कई सालों से रह रहे हैं। यहां बड़ी संख्या में भारतीय और पाकिस्तानी लोगों के रेस्तरां है। वहीं अगर आबादी की बात करे तो साल 2011 की जनगणना के अनुसार लीसेस्टर शहर की कुल आबादी करीब 3.30 लाख है, जिसमें से एक लाख भारतीय जबकि 8 हजार पाकिस्तानी हैं। वहीं अगर धर्म की बात करें तो यहां 50 हजार हिंदू और 61 हजार मुस्लिम रहे हैं।

ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस वाट्सऐप चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। वाट्सऐप पर Raj Express के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।

SCROLL FOR NEXT