अंतरराष्ट्रीय नागरिक उड्डयन दिवस
अंतरराष्ट्रीय नागरिक उड्डयन दिवस Syed Dabeer Hussain - RE
दुनिया

अंतरराष्ट्रीय नागरिक उड्डयन दिवस : 1914 में उड़ा था दुनिया का पहला यात्री विमान, जानिए कितनी थी टिकट की कीमत?

Priyank Vyas

राज एक्सप्रेस। विमान सेवा आज के समय में हमारे लिये बहुत जरूरी हो गई है। इसके जरिए हम कुछ घंटों में ही एक जगह से दूसरी जगह पर पहुँच जाते हैं। यहीं कारण है कि हर साल करीब 4 बिलियन से अधिक लोग हवाई यात्रा करते हैं। ऐसे में दुनियाभर में सामाजिक और आर्थिक विकास के लिए सिविल एविएशन के महत्व के बारे में लोगों को जागरूक करने के लिए हर साल 7 दिसंबर को International Civil Aviation Day यानि अंतरराष्ट्रीय नागरिक उड्डयन दिवस मनाया जाता है। यह दिवस साल 1994 में इंटरनेशनल सिविल एविएशन ऑर्गनाइजेशन के 50वें स्थापना दिवस से मनाना शुरू किया गया था। वर्तमान में भले ही हजारों यात्री विमानों में करोड़ों लोग सफ़र करते हो लेकिन क्या आप दुनिया के पहले यात्री विमान के बारे में जानते हैं। अगर नहीं! तो चलिए हम आपको बताते हैं।

दुनिया का पहला यात्री विमान :

बता दें कि दुनिया का पहला यात्री विमान 1 जनवरी 1914 को अमेरिका के फ्लोरिडा में पीटर्सबर्ग से टाम्पा जाने के लिए उड़ा था। दोनों शहरों के बीच की हवाई दूरी करीब 34 किलोमीटर है। इस दूरी को तय करने में पहले यात्री विमान को करीब 23 मिनट का समय लगा था। इस विमान के पायलट का नाम टोनी जेनस था, जबकि इसे थॉमस बेनवा ने डिजाइन किया था।

कैसा था विमान?

थॉमस बेनवा द्वारा डिजाइन किया गया यह विमान 8 मीटर लंबा, 13 मीटर चौड़ा और करीब 567 किलोग्राम वजनी था। इस विमान में सिर्फ एक यात्री के बैठने की जगह थी। इस विमान में बैठने के लिए एक लकड़ी की चौड़ी सीट लगाईं गई थी। इसी सीट पर पायलट और यात्री अगल-बगल में बैठकर यात्रा करते थे।

कितना था विमान का किराया?

बता दें कि दुनिया के पहले यात्री विमान की पहली उड़ान की टिकट की नीलामी की गई थी। इस नीलामी में एकमात्र टिकट को फील नाम के बिजनसमैन ने 400 डॉलर में ख़रीदा था। हालांकि इसके बाद विमान का किराया 5 डॉलर तय कर दिया था। उस समय यह विमान हफ्ते के 6 दिन रोजाना दो बार उड़ान भरता था। यह विमान सेवा करीब 4 महीने तक चली, इस दौरान 1205 यात्रियों ने इसमें सफ़र किया था।

ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस वाट्सऐप चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। वाट्सऐप पर Raj Express के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।

SCROLL FOR NEXT