ब्लूमबर्ग बिलेनियर इंडेक्स में दुनिया के टाप अरबपतियों में 21 स्थान पर पहुंचे अडाणी, एलन मस्क को लगा झटका
राज एक्सप्रेस। लगता है अडाणी समूह पर से संकट के बादल छंटने लगे हैं। बीते दो सप्ताह से अडाणी समूह की कंपनियों के शेयरों में तेजी लौट आई है। अडाणी समूह के शेयर शेयर बाजारों में अच्छा कारोबार कर रहे हैं। अडाणी समूह के शेयरों में गुरुवार को मामूली झटके लगे, लेकिन कुल मिलाकर स्थिति अडाणी के पक्ष में रही। गुरुवार को भारतीय शेयर बाजारों में अडाणी की 10 में से 3 कंपनियों के शेयर लुढ़क गए। लेकिन, 7 कंपनियों के शेयरों में तेजी देखने को मिली है। अडाणी के शेयरों में तेजी का असर उनकी नेटवर्थ पर देखने को मिला। अडाणी की दौलत बीते दो हफ्तों में संतोषजनक इजाफा देखा गया है। अडाणी का समूह का मार्केट कैप बढ़ा है, तो गौतम अडाणी के नेटवर्थ भी उछल गई और दुनियाभर के अरबपतियों की सूची में उनकी रैंकिंग बढ़ गई है।
5.9 अरब डॉलर गिरी एलन मस्क की दौलत
दुनियाभर के अरबपतियों की संपत्ति में उठापटक जारी है। दुनिया के दूसरे सबसे अमीर कारोबारी एलन मस्क को गुरुवार को बड़ा झटका लगा। फोर्ब्स बिलेनियर सूची के मुताबिक एक ही दिन में उनकी दौलत 5.9 अरब डॉलर तक गिर गई। एलन मस्क को ताबड़तोड़ झटके लगे। टेस्ला किंग एलन मस्क गुरुवार को सबसे ज्यादा दौलत गंवाने वाले कारोबारी बन गए। उनकी संपत्ति गिरकर 175 अरब डॉलर रह गई। इस गिरावट के साथ वह दुनिया के सबसे दौलतमंद उद्योगपति बनने की रेस में और पीछे चले गए।
अडाणी के लिए खुशियां लेकर आया गुरुवार
गौतम अडाणी के लिए गुरुवार का दिन खुशियां लेकर आया। गौतम अडानी के नेटवर्थ में बढ़ोतरी देखी गई। फोर्ब्स बिलेनियर लिस्ट के मुताबिक गौतम अडाणी की संपति एक दिन में 133 करोड़ डॉलर बढ़ी। एक दिन में गौतम अडाणी ने 10,92,49,99,050 रुपए कमा लिए। उनकी संपत्ति में 0.29 फीसदी की बढ़ोतरी हुई और उनका नेटवर्थ 46.7 अरब डॉलर तक पहुंच गई। इसके साथ ही गौतम अडाणी फोर्ब्स रियल टाइम बिलेनियर इंडेक्स में 25वें नंबर पर पहुंच गए। जबकि ब्लूमबर्ग बिलेनियर इंडेक्स के मुताबिक गौतम अडाणी की नेटवर्थ बढ़कर 55.4 अरब डॉलर हो गई है। इस सूची में वह 21वें नंबर पर हैं। वर्तमान में अमेरिका के उद्योगपति सर्गे ब्रिन 83 अरब डॉलर के साथ इस सूची में 10वें स्थान पर हैं।
एक बयान से अडाणी के शेयरों ने पकड़ी तेजी
गुरुवार को कोटक महिंद्रा बैंक की ओर से खबर आई कि अडाणी ग्रुप को दिया गया कर्ज बैंक के नियमों के अनुरूप है। बैंक ने कहा कि कर्ज राशि भी मामूली है। बैंक ने कहा हमने अडाणी समूह को हमने जो कर्ज दिया है, वह कम है। वहीं अडाणी ग्रुप की कंपनी अडाणी पॉवर ने अपनी छह सब्सिडियरी कंपनियों का खुद में विलय कर लिया है। इस खबर के बाद अडाणी पॉवर के शेयरों में तेजी लौटी है। नेशनल कंपनी लॉ ट्रिब्यूनल ने फरवरी के महीने में इन कंपनियों के एपीएल में विलय को मंजूरी दी थी। अडाणी पॉवर ने अडाणी पॉवर महाराष्ट्र लिमिटेड (एपीएमएल), अडाणी पॉवर राजस्थान लि.(एपीआरएल), उडुपी पॉवर कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीसीएल), रायपुर एनर्जेन लिमिटेड (आरईएल), रायगढ़ एनर्जी जनरेशन लिमिटेड (आरईजीएल) और अडानी पावर (मुंद्रा) लिमिटेड का खुद में विलय कर लिया है।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस यूट्यूब चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। यूट्यूब पर @RajExpressHindi के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।