भारत ने साल 2022-23 में 85 देशों को निर्यात किए हथियार
भारत ने साल 2022-23 में 85 देशों को निर्यात किए हथियारSocial Media

भारत ने साल 2022-23 में 85 देशों को निर्यात किए 15,920 करोड़ के हथियार

भारत का रक्षा निर्यात वित्त वर्ष 2022-23 में रिकॉर्ड 15,920 करोड़ रुपये पर पहुंच गया है। इस बारे में जानकारी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रक्षा मंत्रालय को बधाई देते हुए दी।

राज एक्सप्रेस। आज भारत किसी भी देश से किसी भी मामले में कम नही है। चाहे वो टेक्नोलॉजी के मामले में हो या शक्तियों के मामले में। वहीँ, इसी बीच भारत की शक्ति को दर्शाने वाली खबर सामने आई है। खबर यह है कि, भारत का रक्षा निर्यात वित्त वर्ष 2022-23 में रिकॉर्ड 15,920 करोड़ रुपये पर पहुंच गया है। इस बारे में जानकारी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रक्षा मंत्रालय को बधाई देते हुए दी।

वित्त वर्ष 2022-23 में भारत का रक्षा निर्यात :

दरअसल, आज शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत की हथियार निर्यात की उपलब्धि को लेकर रक्षा मंत्रालय को बधाई दी। इससे इस बात का खुलासा हुआ कि, भारत का रक्षा निर्यात वित्त वर्ष 2022-23 में रिकॉर्ड 15,920 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। PM मोदी कहा कि 'डिफेंस एक्सपोर्ट का रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचना दर्शाता है कि पिछले कुछ वर्षों में इस क्षेत्र में किए गए सुधार अच्छे नतीजे दे रहे हैं। उन्होंने ट्वीट कर बताया कि, "केंद्र सरकार भारत को रक्षा उत्पादन केंद्र बनाने के प्रयासों का समर्थन करना जारी रखेगी।" हालांकि, यह बात उन्होंने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के ट्वीट पर यह प्रतिक्रिया दीत हुए लिखी। प्रधानमंत्री ने लिखा,

'शानदार! यह स्पष्ट रूप से भारत की प्रतिभा और 'मेक इन इंडिया' के प्रति उत्साह को दर्शाता है। इससे यह भी पता चलता है कि पिछले कुछ वर्षों में रक्षा क्षेत्र में किए गए सुधार अच्छे परिणाम दे रहे हैं। हमारी सरकार भारत को एक रक्षा उत्पादन केंद्र बनाने के प्रयासों का समर्थन करना जारी रखेगी।'

नरेंद्र मोदी, भारत के प्रधानमंत्री

रक्षा निर्यात में हुई बढ़ोतरी :

बताते चलें, PM मोदी के ट्वीट करने से पहले पहले रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बताया था कि, देश का रक्षा निर्यात वित्त वर्ष 2022-23 में 15,920 करोड़ रुपये पर पहुंच गया, जो अब तक सर्वाधिक है। उन्होंने इस वृद्धि को उल्लेखनीय उपलब्धि करार दिया। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, 2021-22 में देश का रक्षा निर्यात 12,814 करोड़ रुपये था। राजनाथ सिंह ने ट्विटर पर कहा, 'भारत का रक्षा निर्यात वित्त वर्ष 2022-23 में 15,920 करोड़ रुपये के सर्वाधिक स्तर पर पहुंच गया। यह देश के लिए उल्लेखनीय उपलब्धि है।'

साल-दर-साल बढ़ता गया डिफेंस एक्सपोर्ट :

राजनाथ सिंह ने कहा कि, PM मोदी के प्रेरणादायक नेतृत्व में हमारा रक्षा निर्यात तेजी से बढ़ता रहेगा। सिंह की ओर से उपलब्ध कराई गई जानकारी के अनुसार, भारत ने 2020-21 में 8,434 करोड़ रुपये, 2019-20 में 9,115 करोड़ रुपये और 2018-19 में 10,745 करोड़ रुपये के सैन्य हार्डवेयर का निर्यात किया था। 2017-18 में देश का कुल रक्षा निर्यात 4,682 करोड़ रुपये और 2016-17 में 1,521 करोड़ रुपये का था। केंद्र सरकार ने 2024-25 तक 1,75,000 करोड़ रुपये के रक्षा हार्डवेयर के उत्पादन के साथ ही रक्षा निर्यात को 35,000 करोड़ रुपये तक ले जाने का लक्ष्य तय किया है।

भारत करीब 85 देशों को कर रहा सप्लाई :

पिछले कुछ वर्षों में सरकार ने घरेलू रक्षा उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए कई कदम उठाए हैं। भारत फिलहाल करीब 85 देशों को मिसाइलों, एडवांस्ड लाइट हेलीकाप्टर (एएलएच), अपतटीय गश्ती जहाजों, निजी सुरक्षा गियर, सर्विलांस सिस्टम और विभिन्न प्रकार के रडार सहित सैन्य हार्डवेयर का निर्यात कर रहा है। निर्यात क्षमता वाले हथियारों और सिस्टम्स में हल्के लड़ाकू विमान तेजस, विभिन्न प्रकार के हेलीकॉप्टर, आर्टिलरी गन, एस्ट्रा बियॉन्ड-विजुअल-रेंज की हवा से हवा में मार करने वाली मिसाइल, आकाश सतह से हवा में मार करने वाली मिसाइल सिस्टम, टैंक और रडार शामिल हैं।

मिस्र, अर्जेंटीना और फिलीपींस के साथ हुए नए करार :

भारत एलसीए तेजस की बिक्री को लेकर मिस्र और अर्जेंटीना के साथ बातचीत कर रहा है। देश का फोकस विदेशी बाजारों में अपनी हिस्सेदारी बढ़ाने पर है। मिस्र को 20 विमानों और अर्जेंटीना को 15 नए लड़ाकू विमानों का निर्यात हो सकता है। वहीं, सार्वजनिक क्षेत्र की एयरोस्पेस और रक्षा कंपनी हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (HAL) भी फिलीपींस को एडवांस्ड लाइट हेलीकाप्टर (ALH) निर्यात करने पर विचार कर रही है। पिछले साल ब्रह्मोस एयरोस्पेस और फिलीपींस के बीच बड़ा करार हुआ था। फिलीपीन मरीन के लिए ब्रह्मोस सुपरसोनिक क्रूज मिसाइल की तीन बैटरी की खरीद के लिए लगभग 375 मिलियन डॉलर के सौदे पर हस्ताक्षर किया गया। साथ ही कल्याणी स्ट्रेटेजिक सिस्टम्स लिमिटेड ने 155 मिमी आर्टिलरी गन की सप्लाई के लिए 155.5 मिलियन डॉलर का निर्यात ऑर्डर लिया।

ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस वाट्सऐप चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। वाट्सऐप पर Raj Express के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।

Related Stories

No stories found.
logo
Raj Express | Top Hindi News, Trending, Latest Viral News, Breaking News
www.rajexpress.com