यात्री ने प्लेन का दरवाजा खोलने की कोशिश की, फीमेल क्रू को पीटा, एयर इंडिया ने लगाया दो साल का प्रतिबंध
राज एक्सप्रेस । टाटा समूह की कंपनी एयर इंडिया ने दो महिला केबिन क्रू मेंबर्स के साथ मारपीट करने वाले एक व्यक्ति पर कार्रवाई करते हुए 2 साल के लिए यात्रा प्रतिबंध लगा दिया है। इस व्यक्ति ने 10 अप्रैल को दिल्ली-लंदन फ्लाइट में 2 फीमेल केबिन क्रू मेंबर्स को शारीरिक क्षति पहुंचाई थी। एक सूत्र ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। एयर इंडिया के केबिन क्रू सुपरवाइजर की शिकायत पर दिल्ली पुलिस ने यात्री के खिलाफ मामला दर्ज किया था। यह यात्री पंजाब से 25 वर्षीय जसकीरत सिंह पड्डा है। इस घटना पर एयर इंडिया द्वारा गठित एक आंतरिक कमेटी ने सर्वसम्मति से फैसला लिया कि इस व्यक्ति को माफ नहीं किया जा सकता है। कमेटी ने उस पर दो साल के लिए फ्लाइंग बैन लगा दिया। सूत्र ने बताया कि यात्री का अपराध लेवल 3 कैटेगरी का पाया गया था। हालांकि, इस पर अभी तक विमानन कंपनी ने कोई टिप्पणी नहीं की है।
विमान यात्री ने लेवल 2 का किया अपराध
नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) के नियमों में यात्री के व्यवहार को तीन स्तरों में वर्गीकृत करने का प्रावधान किया गया है। ऐसे लोगों को अलग-अलग अवधि के लिए उड़ान प्रतिबंध का सामना करना पड़ सकता है। शारीरिक इशारों, मौखिक उत्पीड़न और अनियंत्रित शराब जैसा व्यवहार लेवल 1 में आता है। शारीरिक रूप से अपमानजनक व्यवहार जैसे धक्का देना, लात मारना या यौन उत्पीड़न लेवल 2 में आता है। जीवन के लिए खतरनाक व्यवहार जैसे कि विमान संचालन प्रणाली को नुकसान, शारीरिक हिंसा जैसे दम घुटने और जानलेवा हमले को लेवल 3 माना जाता है। यात्री के अपराध के हिसाब से संबंधित एयरलाइन की इंटरनल कमेटी कैटेगरी और फ्लाइंग बैन की अवधि तय करती है।
उड़ते विमान का दरवाजा खोलने की कोशिश
एयर इंडिया के केबिन क्रू सुपरवाइजर की शिकायत का हवाला देते हुए दिल्ली पुलिस ने 10 अप्रैल को कहा था कि एक घंटे की उड़ान के बाद अनियंत्रित यात्री को विमान का एक दरवाजा खोलने की कोशिश करते देखा गया। दिल्ली पुलिस ने अपने बयान में कहा था फीमेल केबिन क्रू मेंबर्स ने उसे रोकने की कोशिश की लेकिन उसने उन्हें मारने की धमकी दी और गाली-गलौज की। इसके बाद वह हिंसक हो गया और एक फीमेल क्रू मेंबर की गर्दन पर बहुत जोर से मारा जिससे वह फर्श पर गिर गई। इसके बाद उसने उसके बाल खींचे और एक दूसरी क्रू मेंबर के चेहरे पर मारा। इसके बाद चालक दल के दूसरे दसस्यों और यात्रियों की मदद से उसे रोका गया। इस घटना के बाद एयर इंडिया की दिल्ली-लंदन उड़ान डिपार्चर के लगभग तीन घंटे बाद दिल्ली लौट आई थी और अनियंत्रित यात्री को विमान से उतार दिया गया था।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस यूट्यूब चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। यूट्यूब पर @RajExpressHindi के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।