कोरोना से बचाव के लिए पाकिस्तान ने लगाई भारत की यात्राओं पर रोक
कोरोना से बचाव के लिए पाकिस्तान ने लगाई भारत की यात्राओं पर रोकSocial Media

कोरोना से बचाव के लिए पाकिस्तान ने लगाई भारत की यात्राओं पर रोक

पाकिस्तान ने कोरोना से बचाव के लिए कुछ गंभीर कदम उठाए हैं। इन कदमों के तहत कोरोना से बने हालातों पर काबू पाने के लिए पाकिस्तान ने भारत की यात्राओं पर रोक लगा दी है।

पाकिस्तान। आज सिर्फ भारत में ही नहीं अन्य देशों में भी कोरोना का कहर बरस रहा है। अन्य देशों में भी कोरोना के मामले और मौत की दर तेजी से बढ़ रही है। इसी के चलते लगभग सभी देशों में कोई न कोई उचित कदम उठाया जा रहा है। इन देशों में पाकिस्तान भी शामिल है। अनेक देशों की राह पर चल कर अब पाक ने भी कुछ गंभीर कदम उठाए हैं। इन्हीं कदमों के तहत कोरोना से बने हालातों पर काबू पाने के लिए पाकिस्तान ने भारत की यात्राओं पर रोक लगा दी है।

पाक ने लगाई यात्रा पर रोक :

दरअसल, भारत में कोरोना वायरस के नए लाखों मामले सामने आने से परेशान हो कर पाकिस्तान की इमरान सरकार ने मंगलवार को भारत से आने वाली इंटरनेशनल फ्लाइट्स को अस्थाई रूप से निलंबित करने का फैसला किया है। यह रोक दो सप्ताह के लिए लगाई गई है। यानी मंगलवार से दो सप्ताह तक के लिए अब भारत से कोई फ्लाइट पाक नहीं पहुंच सकेगी। न ही कोई भारत से पाक के लिए यात्रा कर सकेगा। बताते चलें इससे पहले हांगकांग ने भी भारत से आने वाली फ्लाइट्स पर रोक लगा दी है।

बैठक के बाद लिया गया फैसला :

खबरों की माने तो, पाकिस्तना ने यह रोक भारत से तेजी से सामने आरहे मामलों के चलते लगाई है। इतना ही नहीं इस रोक से पहले कोरोना के प्रसार पर काबू पाने के लिए पाकिस्तान के नेशनल कमांड एंड ऑपरेशन सेंटर (NCOC) के प्रमुख असद उमर की अध्यक्षता में एक बैठक की गई। इस बैठक के बाद ही भारत से यात्रा पर दो सप्ताह की रोक लगाने को लेकर फैसला किया गया। बताते चलें, भारत में कोरोना से संक्रमित एक्टिव मामलों की संख्या 19 लाख के पार पहुंच चुकी है और प्रति दिन 2 लाख से ज्यादा मामले सामने आरहे हैं।

पाकिस्तान का बयान :

बताते चलें, पाकिस्तान ने देशों को ग्रुप में विभाजित कर दिया है। पाक ने इस ग्रुप के बारे और भारत की यात्राओं पर रोक लगाने की जानकारी देने के लिए एक बयान जारी किया है। इस बयान में कहा गया है, 'NCOC ने भारत को दो सप्ताह के लिए ग्रुप 'C' देशों की सूची में रखने का फैसला किया। हवाई और जमीनी मार्ग से भारत से आने वाले यात्रियों पर रोक रहेगी। NCOC ने साथ ही ग्रुप 'C' की 21 अप्रैल को समीक्षा करने की घोषणा की, जिसके तहत इसमें किसी नए देश को जोड़ा जाएगा या इससे हटाया जाएगा।' बता दें, पहले से ही ग्रुप 'C' में दक्षिण अफ्रीका, बोत्सवाना, घाना, केन्या, कोमोरोस, मोजाम्बिक, जॉम्बिया, तंजानिया, रवांडा, ब्राजील, पेरू, कोलंबिया, चिली, एस्वातीनी, जिम्बाब्वे, लेसेथो, मलावी, सेशेल्स, सोमालिया, सूरीनाम, उरुग्वे और वेनेजुएला देश शामिल हैं।

पाक द्वारा विभाजित किये गए अन्य ग्रुप :

बता दें कि, पहले से ही 20 देश श्रेणी 'A' में हैं, जहां से आने वाले यात्रियों को पाकिस्तान में प्रवेश से पहले कोविड-19 जांच की आवश्यकता नहीं है। इन देशों में ऑस्ट्रेलिया, भूटान, चीन, फिजी, जापान, कजाकिस्तान, लाओस, मंगोलिया, मॉरिटानिया, मोरक्को, म्यांमा, नेपाल, न्यूजीलैंड, सऊदी अरब, सिंगापुर, दक्षिण कोरिया, श्रीलंका, ताजिकिस्तान, त्रिनिदाद और टोबैगो तथा वियतनाम शामिल हैं। इसके अलावा जिन देशों का नाम ग्रुप 'A' या 'C' में नहीं हैं, उन्हें ग्रुप 'B' में रखा गया है। साथ ही इन देशों से आने वाले यात्रियों को पाकिस्तान के लिए यात्रा शुरू करने से पहले कोविड-19 जांच कराना जरूरी है और यह जांच 72 घंटे से ज्यादा पुरानी नहीं होनी चाहिए।

ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस वाट्सऐप चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। वाट्सऐप पर Raj Express के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।

Related Stories

No stories found.
logo
Raj Express | Top Hindi News, Trending, Latest Viral News, Breaking News
www.rajexpress.com