रिटेल निवेशकों ने बनाई शेयर बाजार से दूरी, फरवरी में 3 माह के निचले स्तर पर पहुंची नए डीमैट खातों की संख्या

शेयर बाजारों में आई गिरावट के कारण रिटेल निवेशकों ने पिछले महीने इक्विटी में निवेश के प्रति अनिच्छा दिखाई। फरवरी में नए खातों की संख्या में कमी आई है, यह पिछले 3 महीनों के निचले स्तर पर चला गया है।
Share Market
Share MarketSocial Media

राज एक्सप्रेस, शेयर बाजारों में आई गिरावट के कारण रिटेल निवेशकों ने पिछले महीने इक्विटी में निवेश के प्रति अनिच्छा दिखाई। इस वजह से फरवरी माह में नए डीमैट खातों की संख्या में कमी आई है और यह पिछले 3 महीनों के निचले स्तर पर चला गया है। नए डीमैट खातों की संख्या में यह गिरावट ऐसे समय में हुई है, जब खाता खोलने की प्रक्रिया को बहुत ज्यादा सरल कर दिया गया है। सेंट्रल डिपॉजिटरी सर्विसेज और नेशनल सिक्योरिटीज डिपॉजिटरीज के आंकड़ों को मुताबिक, फरवरी में करीब 20.8 लाख नए डीमैट अकाउंट खोले गए। यह नंवबर 2022 के बाद से अब तक का सबसे कम आंकड़ा है। वहीं जनवरी महीने के मुकाबले नए डीमैट खातों की संख्या में फरवरी में 5 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई। इसके साथ ही में अब देश में कुल डीमैट अकाउंट की संख्या बढ़कर 11.25 करोड़ हो गई। यह इसके पिछले महीने के मुकाबले 1.88 फीसदी, जबकि एक साल पहले की तुलना में 30 फीसदी अधिक है। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज NSE ने हाल ही में सक्रिय खातों में गिरावट की सूचना दी है। इसके पीछे मुख्य वजह बाजार से मिला खराब रिटर्न और हाल के दिनों में एफडी पर रिटर्न बढ़ना है।

असहज महसूस कर रहे हैं नए निवेशक

लार्ज और मिड-कैप दोनों शेयरों ने पिछले छह महीनों में कमजोर रिटर्न दिया है। इसके पीछे ऊंची महंगाई दर, ग्लोबल लेवल पर ब्याज दरों में बढ़ोतरी, भू-राजनीतिक तनाव आदि कारण है। इसके चलते रिटेल निवेशक इस समय बाजार में खुद को असहज महसूस कर रहे हैं। नवंबर 2022 से अब तक, सेंसेक्स और निफ्टी में क्रमश: 0.9 प्रतिशत और 1.7 प्रतिशत की गिरावट आई है। वहीं BSE मिडकैप और स्मॉलकैप में क्रमशः 2.3 प्रतिशत और 2.5 प्रतिशत की गिरावट आई है।

SIP में कायम है निवेशकों का भरोसा

बाजार के विशेषज्ञों के अनुसार नए निवेशक इक्विटी मार्केट में प्रवेश करने से हिचकिचाते हैं। लेकिनलेकिन म्यूचुअल फंड के सिस्टमैटिक इन्वेस्टमेंट प्लान (SIP) के जरिए बाजार में रिटले निवेशकों की हिस्सेदारी लगातार बढ़ रही है। इससे ऐसा लगता है कि लंबी अवधि के नजरिए से इक्विटी में रिटेल निवेशकों का भरोसा बरकरार है, लेकिन निवेशक सीधे निवेश करते समय सावधानी बरत रहे हैं। जनवरी में मंथली SIP के जरिए बाजार में आने वाला निवेश 13,850 करोड़ रुपये के आंकड़ो पार कर गया, एक हेल्दी ट्रेंड दिखाता है।

ऐसा रहा पिछले 6 माह में नए खातों का ट्रेंड

पिछले 6 महीनों के दौरान नए डीमैट खातों का ट्रेंड कैसा रहा है, इसे आप नीचे दिए गए आंकड़ों से समझ सकते हैं। आंकड़ों के अनुसार अक्टूबर में 1.77 मिलियन यानी 17 लाख 70 हजार नए खाते खोले गए। इसके अगले माह नवंबर में इसमें 30 हजार खातों की बढ़ोतरी हुई। नवंबर में कुल 1.80 मिलियन यानी 18 लाख नए खाते खोले गए। दिसंबर में कुल 2.10 मिलियन यानी 21 लाख नए खाते खोले गए। इसके बाद चालू साल के जनवरी माह में 2.19 मिलियन यानी 21 लाख 90 हजार नए खाते खोले गए। फरवरी में 2.8 मिलियन यानी 20 लाख 80 हजार नए खाते खोले गए। यह पिछले माह से काफी कम हैं और पिछले कुछ दिनों से लगातार हो रही बढ़ोतरी का ट्रेंड रुकने का संकेत देते हैं।

ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस वाट्सऐप चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। वाट्सऐप पर Raj Express के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।

और खबरें

No stories found.
logo
Raj Express | Top Hindi News, Trending, Latest Viral News, Breaking News
www.rajexpress.com