टीकमगढ़ : एक दिन में 13 पॉजीटिव केस मिलने के बाद मचा हड़कंप

टीकमगढ़, मध्य प्रदेश। जिले में कोरोना पॉजीटिव मरीजों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। पिछले दो दिनों में 13 पॉजीटिव केस सामने आने के बाद शहर में हड़कंप मच गया है।
एक दिन में 13 पॉजीटिव केस मिलने के बाद मचा हड़कंप
एक दिन में 13 पॉजीटिव केस मिलने के बाद मचा हड़कंपRaj Express

हाइलाइट्स :

  • शनिवार को मिले थे 9 केस, रविवार को निकले 4 पॉजीटिव

  • नगर पालिका ने कन्टेनमेंट जोन को किया सेनेटाइज

  • प्रशासन ने फिर बढ़ाया 2 दिन का लॉकडाउन

टीकमगढ़, मध्य प्रदेश। जिले में कोरोना पॉजीटिव मरीजों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। पिछले दो दिनों में 13 पॉजीटिव केस सामने आने के बाद शहर में हड़कंप मच गया है। शनिवार को जहां 9 पॉजीटिव मामले सामने आए थे, वहीं रविवार को 4 नए केस पॉजीटिव निकले हैं। दो दिनों में 13 पॉजीटिव मामले आने के बाद जिला प्रशासन ने लॉकडाउन की अवधि 2 दिन बढ़ा दी है। पहले कलेक्टर सुभाष कुमार द्विवेदी ने शनिवार और रविवार को टोटल लॉकडाउन लागू किया था, लेकिन अब इसे दो दिन बढ़ाकर 8 जुलाई की सुबह 5 बजे तक कर दिया गया है। इस तरह लगातार 4 दिनों तक शहर पूरी तरह से लॉकडाउन रहेगा।

शनिवार को जतारा ब्लॉक के दो पॉजीटिव लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई थी। लगातार मरीजों की संख्या बढ़ने के चलते जिला प्रशासन ने चार दिनों के टोटल लॉकडाउन की घोषणा कर दी है। जिसके चलते रविवार को पुलिस ने सख्ती के साथ शहर में पालन कराया। 4 जुलाई को जारी किए गए जिले के हेल्थ बुलेटिन में कुल पॉजीटिव मरीजों की संख्या 54 बताई गई थी। जबकि 6 नए प्रकरणों का भी उल्लेख किया गया। इसके अलावा स्वस्थ्य हुए मरीजों की संख्या 23 और कुल एक्टिव केसों की संख्या 30 बताई गई थी। वहीं रविवार को 4 नए पॉजीटिव केस मिलने के बाद यह संख्या 64 के करीब पहुंच गई है। जिले में अब तक कोरोना संक्रमण से केवल 1 व्यक्ति की मृत्यु बताई गई है। जबकि उसकी कन्फर्म रिपोर्ट निगेटिव निकली है। वहीं जिले के 43 लोगों की रिपोर्ट आना अभी शेष है। इसके अलावा जिले में संक्रमित व्यक्तियों को क्वारंटीन करने के लिए 10 कंटटेनमेंट एरिया बनाए गए हैं। शनिवार और रविवार को 13 नए पॉजीटिव केस निकलने के बाद एक बार फिर प्रशासन की मुश्किलें बढ़ गई हैं। लगातार बढ़ते मामलों से आम आदमी भी दहशत में हैं। रविवार को लॉकडाउन का सख्ती के साथ पालन कराया गया। जिसके चलते पूरे शहर में सन्नाटा पसरा रहा।

इन स्थानों पर निकले नए केस :

रविवार को लॉकडाउन के पहले दिन पूरे शहर में जगह-जगह पुलिस जवान तैनात रहे। प्रमुख चौराहों पर हर आनेजाने वाले व्यक्तियों पर नजर रखी गई। शनिवार शाम 5:30 बजे प्रशासन की ओर से बताया गया कि टीकमगढ़ शहर के 4 लोगों की रिपोर्ट पॉजीटिव निकली है। जिसमें राजमहल रोड पर एक महिला की रिपोर्ट पॉजीटिव निकली है। इसके अलावा रौरैया मोहल्ला में कोरोना से मृत एक व्यक्ति के परिवार में एक युवक की रिपोर्ट भी पॉजीटिव आई है। वहीं नरैया मोहल्ला में एक व्यक्ति और एक महिला की रिपोर्ट पॉजीटिव निकली है। वहीं 7:30 बजे के हेल्थबुलेटिन में बताया गया कि कुल पॉजीटिव मरीजों की संख्या बढ़कर 9 हो गई है। वहीं रविवार को प्रशासन की ओर से बताया गया कि शहर के जामा मस्जिद के पास एक पुरुष पॉजीटिव निकला है। इसके अलावा बौरी दरवाजा में पूर्व से संक्रमित परिवार के एक महिला और पुरुष की रिपोर्ट पॉजीटिव आई है। इसके अलावा बल्देवगढ़ के एक पुरूष की रिपोर्ट पॉजीटिव आई है। इस तरह रविवार को कुल 4 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं।

आरक्षक ने वीडियो बनाकर गाना सुनाया :

कोतवाली थाने में पदस्थ दो आरक्षकों की रिपोर्ट पॉजीटिव निकली है। दोनों आरक्षकों को डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है। शनिवार को कोतवाली में पदस्थ एक आरक्षक ने अस्पताल के आईसोलेशन वार्ड में अपना वीडियो बनाया। जिसमें वे गाना गाते हुए नजर आ रहे हैं। चूंकि आईसोलेशन वार्ड में किसी के आनेजाने पर पाबंदी है। इसलिए आरक्षक ने वीडियो के बहाने अपने स्वस्थ्य होने की जानकारी अपने परिचितों तक पहुंचाई है। उनका वीडियो शनिवार को सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ। लोगों ने उनके जल्द स्वस्थ्य होने की प्रार्थना की।

नपा ने कन्टेनमेंट एरिया को किया सेनेटाइज :

कोरोना संक्रमण के बढ़ते खतरे को देखते हुए कलेक्टर के निर्देश पर शहर के कन्टेनमेंट एरिया को सेनेटाइज किया जा रहा है। रविवार को नगर पालिका अमले ने सभी कन्टेनमेंट जोन में जाकर कीटनाशक दवाओं का छिड़काव कर सेनेटाइज किया। साथ ही आस पड़ोस के लोगों को हिदायत दी गई कि कन्टेनमेंट जोन से दूरी बनाकर रखें। इसके अलावा बाजार में भी सेनेटाइजेशन अभियान चलाया जा रहा है। वहीं शहर के लोगों का कहना है कि गली-मोहल्लों में साफ-सफाई पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। कई इलाकों में कचरा वाहन तक नहीं भेजे जा रहे हैं।

ताज़ा ख़बर पढ़ने के लिए आप हमारे टेलीग्राम चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। @rajexpresshindi के नाम से सर्च करें टेलीग्राम पर।

ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस वाट्सऐप चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। वाट्सऐप पर Raj Express के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।

और खबरें

No stories found.
logo
Raj Express | Top Hindi News, Trending, Latest Viral News, Breaking News
www.rajexpress.co