इंदौर कोरोना बुलेटिन : इंदौर में 279 पाजिटिव, 5 मौत भी

इंदौर, मध्य प्रदेश : विधायक के बाद भाजपा के प्रवक्ता भी हुए कोरोना पॉजिटिव, विद्यावती धाम रेवती रेंज में 49 पाजिटिव निकले।
इंदौर कोरोना बुलेटिन
इंदौर कोरोना बुलेटिनRaj Express

इंदौर, मध्य प्रदेश। गुरुवार रात को जारी कोरोना हेल्थ बुलेटिन के मुताबिक इंदौर में गुरुवार को 3264 टेस्ट हुए, जिसमें 274 लोगों की रिपोर्ट पाजिटिव आई है। इस प्रकार कुल पाजिटिव मरीजों की संख्या 14 हजार 31हो गई है। वहीं 5 मौतों के साथ आंकड़ा बढ़कर 411 हो गया है। 163 मरीज विभिन्न अस्पतालों से डिस्चार्ज हुए, अब तक 9660 मरीज डिस्चार्ज हो चुके हैं। शहर में कोरोना का कहर लगातार जारी है। कोरोना का एक ओर जहां आमजन शिकार हो रहे हैं, वहीं अब खास वर्ग भी इसके चपेट में तेजी से आ रहा है। लगातार नेता एक के बाद एक पाजिटिव हो रहे हैं। प्रेमचंद गुड्डू, तुलसीराम सिलावट के बाद भाजपा विधायक महेंद्र हार्डिया के कोरोना पाजिटिव हो गए था।

अब पार्टी प्रवक्ता उमेश शर्मा भी संक्रमित हो गए। गुरुवार को शर्मा ने खुद सोशल मीडिया के जरिए यह जानकारी दी। शर्मा ने बताया कि कुछ दिन से तबीयत ठीक नहीं लग रही थी। जांच करवाने पर मेरी रिपोर्ट पाजिटिव आई। डॉक्टरों की सलाह पर मैंने खुद को आइसोलेट कर लिया। पिछले दिनों मेरे संपर्क में आए लोग अपनी जांच करवा लें। वहीं, महेश नगर स्थित बैंक में चार कोरोना मरीज मिलने से हड़कंप मच गया है। बैंक को अगले आदेश तक सील कर दिया गया। सांसद शंकर लालवानी ने भी कोविड टेस्ट कराया रिपोर्ट नेगेटिव आई है।

7 नए क्षेत्र में पहुंचा कोरोना संक्रमण :

गुरुवार सुबह सीएमएचओ कार्यालय से जारी क्षेत्रवार सूची के मुताबिक कोरोना संक्रमण 7 नए क्षेत्र में फैला है। नए क्षेत्र में बलाई बाखल 5, सेल टेक्स कालोनी, ग्राम जलोदिया पंत, परमवीर कालोनी, ग्राम हसनबाद देपालपुर में 1-1 पाजिटिव मरीज मिला है। विद्यावती धाम रेवती रेंज सांवेर रोड से तीसरे दिन भी पॉजिटिव मरीजों के निकलने का सिलसिला जारी है। 49 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। यहां अब तक लगभग सवा सौ से ज्यादा लोग कोरोना का शिकार हो चुके हैं। पुराने क्षेत्रों में सुकलिया में कोरोना का हमला जारी है, यहां फिर 7 पॉजिटिव मिले हैं। इसके साथ ही खजराना में भी एक दिन में 11 पाजिटिव मरीज मिले हैं। सेम्स में फिर तीन डॉटरों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। एमजीएम मेडिकल कॉलेज के बॉयज होस्टल में रहने वाले 3 पीजी डॉक्टर भी पॉजिटिव निकले हैं। बॉयज होस्टल में 10 से ज्यादा पॉजिटिव अब तक मिल चुके हैं, जो सभी पीजी के स्टूडेंट्स हैं। अन्य क्षेत्रों में अयोध्या नगरी में 7 पाजिटिव मिले हैं। हुकुमचंद मार्ग 6, रूप नगर, एयरपोर्ट रोड 6। भागीरथपुरा, सुदामा नगर, भोलेनाथ कालोनी, जूनी केसर बाखल में 5-5 पाजिटिव मरीज मिले हैं। इसी प्रकार तिलक नगर, कंचनबाग, संचार नगर एक्सटेंशन में 4-4 पाजिटिव मरीज मिले हैं। अन्य क्षेत्रों में कुंदना सांवेर, बिचौली मर्दना, श्याम नगर एनएक्स, कौशल्यापुरी, श्याम नगर, स्कीम नं. 54, मोती तबेला में 3-3 पाजिटिव मरीज मिले हैं। अन्य क्षेत्रों में इक्क-दुक्का मरीज मिले हैं। इस प्रकार कुल 114 क्षेत्रों में कुल 267 मरीजों की रिपोर्ट पाजिटिव आई है।

ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस वाट्सऐप चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। वाट्सऐप पर Raj Express के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।

और खबरें

No stories found.
logo
Raj Express | Top Hindi News, Trending, Latest Viral News, Breaking News
www.rajexpress.co