अंधे कत्ल का पर्दाफाश
अंधे कत्ल का पर्दाफाशसांकेतिक चित्र

अंधे कत्ल का पर्दाफाश : अवैध संबंधो में की गई थी चरवाहे की हत्या

भोपाल, मध्यप्रदेश : गुनगा पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर अंधे कत्ल की गुत्थी को सुलझा लिया है। हत्याकांड को नाजायज रिश्तों में बाधा बनने से नाराज होकर पत्नी और उसके प्रेमी ने अंजाम दिया था।

भोपाल, मध्यप्रदेश। गुनगा पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर अंधे कत्ल की गुत्थी को सुलझा लिया है। हत्याकांड को नाजायज रिश्तों में बाधा बनने से नाराज होकर पत्नी और उसके प्रेमी ने अंजाम दिया था। आरोपी युवक ने चरवाहे की कनपटी पर डंडे से वार कर बेहोश किया था। बाद में पत्नी ने रस्सी से गला घोंटकर उसे मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने आरोपी महिला पुरुष को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों ने अपने जुर्म को स्वीकार कर लिया है। मृतक को पत्नी और पड़ोसी के नाजायज संबंधों की जानकारी थी। वह पत्नी पर सख्ती करने लगा था। जिस कारण दोनों को मिलने में परेशानी होती थी। लिहाजा मृतक की पत्नी और उसके प्रेमी ने रघुवीर को रासते से हटाने का फैसला लिया और हत्याकांड को अंजाम दे दिया।

एसपी किरण लता किरकट्टा के अनुसार 35 वर्षीय रघुवीर मीणा ग्राम चंदेरी का रहने वाला था। वह मजदूरी करता था और संयुक्त परिवार में रहता था। मृतक के साथ उसकी पत्नी, तीन बच्चे, पिता और भाई रहते थे। शुक्रवार की सुबह वह जंगल में मवेशी चराने के लिए लेकर गया था। जब देर रात तक घर नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू कर दी। कुछ देर की खोजबीन के बाद परिजनों को उसकी लाश जंगल में मिली। उसके सिर और शरीर पर चोट के निशान थे। इसके बाद पुलिस ने शव बरामद कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पीएम रिपोर्ट में सिर में भारी चीज से वार कर गला घोंटकर हत्या करने की बात साफ हुई। जांच में सामने आया कि मृतक के पड़ोस में रहने वाले पप्पू यादव के उसकी पत्नी गीता से अवैध संबंध थे। इस बात की जानकारी रघुवीर को हो चुकी थी। जिसके चलते पति और पत्नी में आए दिन विवाद होते थे। पप्पू को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने बताया कि रघुवीर उसकी प्रेमिका गीता पर सख्ती करने लगा था। इसी बात से नाराज होकर दोनों ने हत्या की योजना बनाई, जंगल में रघुवीर की कनपटी पर पहले उसने डंडे से जोरदार वार किया। इसके बाद में अन्य कई प्रहार डंडे से किए गए। रघुवीर बेसुध हो गया तब गीता ने रस्सी से उसका गला घोंट दिया। पुलिस ने घेराबंदी कर रघुवीर की पत्नी गीता को भी हिरासत में ले लिया है। हत्या के बाद दोनेां शादी करना चाहते थे। वहीं पुलिस का कहना है कि आरेापी पप्पू के खिलाफ पूर्व में एक चोरी तथा अपहरण और बंधक बनाकर बलात्कार करने का प्रकरण दर्ज है।

इस हत्याकांड में 6 महीने बाद भी खाली हाथ पुलिस :

कोहेफिजा थाना इलाके में स्थित सैफिया कॉलेज ग्राउंड की बाउंड्री किनारे इसी साल तीस जनवरी को महिला का शव मिला था। उसकी सिर कुचलकर हत्या की गई थी। पुलिस हत्यारों को पकड़ना तो दूर, शव की शिनाख्त तक नहीं कर सकी। दावे किए जा रहे हैं कि इस मामले में अब तक करीब सौ से अधिक लोगों से पूछताछ की जा चुकी है। आस पास की बस्तियों में रहने वाले तमाम लोगों को महिला के फोटो दिखाए जा चुके हैं। प्रदेश भर के तमाम थानों में मृतका की फोटो भेजी जा चुकी है। इसके बाद भी उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी है और पुलिस हत्यारे के नाम पर खाली हाथ है। पुलिस का दावा है कि इस मामले में एक दर्जन से अधिक संदेहियों से पूछताछ की गई थी। घटना के समय के आस-पास कुछ संदेहियों की कार घटना स्थल के पास से गुजरी थी। इन कार चालकों सहित मोबाइल लोकेशन के आधार पर भी कई लोगों से पूछताछ की जा चकी है।

क्या था मामला :

कोहेफिजा थाना पुलिस ने 30 जनवरी की सुबह सैफि या कालेज के मैदान से एक महिला का शव बरामद किया था। महिला के सिर में चोट का गंभीर निशान पाया गया था। शव की तलाशी के दौरान पुलिस को ऐसा कुछ भी नहीं मिला था, जिससे उसकी पहचान हो सके। महिला के सीधे हाथ की कलाई में कन्नू-अनीता नाम लिखा था। कोहेफिजा थाना पुलिस के मुताबिक 30 जनवरी को सुबह करीब आठ बजे अहमदाबाद पैलेस के पास सैफि या कालेज के मैदान में एक महिला का शव पड़ा मिला था। शव एक दीवार के सहारे टिका हुआ था। महिला के सिर में गंभीर चोट लगने से काफी खून बह गया था। करीब 25-30 वर्ष की महिला का रंग सांवला था। उसने लाल, हरे, सफेद रंग की धारियों वाला हाफ स्वेटर पहना हुआ था। उसके ऊपर उसने लाल रंग की कपड़े की जैकेट भी पहन रखी थी।

हत्यारों का नहीं मिला कोई क्लू :

कोहेफिजा थाना प्रभारी विजय सिंह सिसोदिया ने बताया कि मृतका के फोटो और हुलिए की जानकारी राजधानी के अलावा आसपास के सभी जिलों के थानों को भेजी गई है। हालांकि तमाम प्रयास करने के बाद भी यह पता नहीं चल पाया है कि मरने वाली महिला कौन है और कहां की रहने वाली है। इस मामले में करीब सौ से अधिक लोगों से अब तक पूछताछ की जा चुकी है। आस पास की सभी बस्तियों में महिला का फोटो दिखाकर उसकी शिनाख्ती के प्रयास किए गए। मोबाइल लोकेशन के आधार पर भी कई लोगों से पूछताछ की गई थी। अब तक हत्यारों का कोई सुराग हाथ नहीं लगा है।

ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस वाट्सऐप चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। वाट्सऐप पर Raj Express के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।

Related Stories

No stories found.
logo
Raj Express | Top Hindi News, Trending, Latest Viral News, Breaking News
www.rajexpress.com