मुंबई की कारोबारी महिला से एमपी नगर की होटल में मारपीट व रेप
मुंबई की कारोबारी महिला से एमपी नगर की होटल में मारपीट व रेपसांकेतिक चित्र

Bhopal : मुंबई की कारोबारी महिला से एमपी नगर की होटल में मारपीट व रेप

भोपाल, मध्यप्रदेश : मुंबई की कारोबारी महिला के साथ एमपी नगर की होटल में मारपीट व दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है।

भोपाल, मध्यप्रदेश। मुंबई की कारोबारी महिला के साथ एमपी नगर की होटल में मारपीट व दुष्कर्म का मामला सामने आया है। दुष्कर्म करने वाला आरोपी मुंबई का ही प्रापर्टी ब्रोकर और एक प्रापर्टी बिकवाने का झांसा देकर महिला को भोपाल लाया था। घिनौने कृत्य को अंजाम देने से पहले आरोपी ने महिला के साथ मारपीट भी की थी। एमपी नगर पुलिस ने पीड़ित महिला की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ बलात्कार, मारपीट व जान से मारने की धमकी समेत अन्य धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है।

पुलिस के मुताबिक मूलरूप से अंधेरी मुंबई निवासी 47 साल की महिला केटरिंग का व्यवसाय करती हैं। जुलाई 2019 में पति की मौत के बाद महिला ने कारोबार खुद संभाल लिया था। मुंबई के ही एक प्रापर्टी ब्रोकर वकार सिद्दीकी का महिला के घर आना-जाना था। वकार ने महिला की मुंबई की एक प्रापर्टी का सौदा कराया था। करीब दो साल से वकार की महिला से घनिष्ठता बढ़ गई थी। उसी दौरान महिला ने वकार को बताया कि उत्तर प्रदेश के हापुड़ में उसकी प्रापर्टी है लेकिन उस पर ससुरालवालों ने कब्जा जमा रखा है। इस पर वकार ने कहा कि वह यूपी वाली प्रापर्टी भी बिकवा देगा। महिला उसके झांसे में आ गई। वकार ने विधवा महिला से कहा कि भोपाल में उसके कुछ परिचित हैं जो उत्तर प्रदेश में प्रापर्टी खरीदना चाहते हैं। लिहाजा वकार सिद्दीकी प्रापर्टी बिकवाने का झांसा देकर महिला को भोपाल ले आया। दोनों 16 नवंबर को भोपाल आए और एमपी नगर की एक होटल में अलग-अलग कमरा लेकर रुक गए।

खाना देने के बहाने कमरे में घुसकर किया दुष्कर्म :

पुलिस ने बताया कि विगत 16 नवंबर की रात ही आरोपी वकार बहाने से महिला के कमरे में पहुंचा और छेड़छाड़ शुरू कर दी। लेकिन महिला के विरोध करने पर वह अपने कमरे में लौट गया। इस बीच दोनों के बीच काफी बहस भी हुई। वकार ने तीन दिन महिला को होटल से बाहर नहीं जाने दिया। विगत 21 नवंबर की रात खाना देने के बहाने वकार सिद्दीकी एक बार फिर महिला के कमरे में घुस गया और अश्लील हरकतें शुरू कर दी। इस बार भी महिला ने विरोध किया और शोर मचाने की धमकी भी दी। लेकिन आरोपी अपनी हरकतों से बाज नहीं आया और महिला के साथ मारपीट कर दी। बाद में डरी-सहमी महिला के साथ आरोपी ने दुष्कर्म किया। आरोपी ने महिला को धमकी दी थी कि यदि इस बात का जिक्र किसी से किया तो वह उसे मरवा देगा। अगले दिन हिम्मत करके पीड़ित महिला ने डायल 100 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और आरोपी को हिरासत में ले लिया।

ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस वाट्सऐप चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। वाट्सऐप पर Raj Express के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।

Related Stories

No stories found.
logo
Raj Express | Top Hindi News, Trending, Latest Viral News, Breaking News
www.rajexpress.com