ग्वालियर : हलवाई ने हाथ बांधकर किया 60 वर्षीय पूड़ी बनाने वाली से दुष्कर्म
हाइलाइट्स :
साथी के साथ मोटर साइकल से महिला का पैर कुचला
सिर में चाकू भी मारे
आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार
ग्वालियर, मध्यप्रदेश। घर से एक समारोह में पूड़ियां बनवाने के लिए ले कर गए हलवाई ने साठ वर्षीय महिला को अपनी हवस का शिकार बना डाला। महिला रात में पूड़ियां बनाकर हलवाई के साथ घर आ रही थी, इसी दौरान वह उसे सुनसान जगह पर ले गया और उसके हाथ बांधकर उसके साथ दुष्कर्म कर डाला। इतना ही नहीं आरोपी ने अपने साथी के साथ मिलकर मोटर साइकल से महिला को कुचलने का प्रयास किया, जिससे महिला के पैर अथवा अन्य जगहों की हड्डियां टूट गईं हैं। आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से उस पर चाकुओं से भी हमला किया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। बाद में महिला को मृत समझ कर आरोपी फरार हो गए।
शहर के आपागंज निवासी 62 वृद्ध महिला हलवाई के यहां पूड़ी बेलने का काम करती है। हलवाई कल्लू पाल ने मंगलवार रात कहीं काम पर जाने के लिए महिला को बुलाया था। इसके बाद वह उसे गिरवाई में भगवानपुरा गांव के पास पहाड़ी पर ले गया। यहां उसने महिला पर चाकू अड़ाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। आरोपी ने अपनी हवस के चलते महिला के साथ कई बार हैवानियत की। आरोपी रात भर पहाड़ी पर जंगल में उसे बंधक बनाकर हैवानियत दिखाता रहा। इतना ही नहीं विरोध करने पर महिला के हाथों में चाकू भी मारे।
बाइक चढ़ाकर किया हत्या का प्रयास :
करीब 10 घंटे जंगल में बंधक बनाकर दुष्कर्म करने के बाद सुबह 5 बजे आरोपी ने अपने साथी को बुलाया। आरोपी ने साथी के साथ मिलकर महिला पर कई बार मोटर साइकल चढ़ाई। जिससे उसके शरीर की कई हड्डियां टूट गईं। बाद में आरोपी व उसका साथी मोटर साइकल को झाड़ियों में छिपाकर गोल पहाडिय़ा तक आ गए। जहां से वह एक टमटम गाड़ी में सवार होकर निकले।
क्षेत्रीय लोगों ने दी सूचना और महिला को पहनाए कपड़े :
घटना के बाद महिला बेहोश हो गई। इस पर आरोपी उसके शरीर से एक-एक कपड़ा उतारकर अपने साथ ले गए। सुबह जब भगवानपुरा गांव के लोग पहाड़ी पर पहुंचे तो महिला को निर्वस्त्र पड़ा देखा। तत्काल गांव से साड़ी लाकर महिला के ऊपर डाली और पुलिस को सूचना दी। इस पर सीएसपी लश्कर आत्माराम शर्मा अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। तत्काल महिला को अस्पताल पहुंचाया गया है। जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है। महिला के बयान पर गिरवाई थाना में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। इसके बाद आरोपी कल्लू को गिरफ्तार कर लिया है। पहले वह दुष्कर्म करने से मना करता रहा, लेकिन जब महिला के सामने अस्पताल में पेश किया गया। महिला ने उसे पहचान लिया है।
महिला का हाल जानने अस्पताल पहुंचे एसपी :
पीड़ित महिला को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां पर उसकी हालत स्थिर बताई गई है। अस्पताल पहुंचने के कुछ समय बाद पुलिस अधीक्षक अमित सांघी अस्पताल में पहुंचे। जहां पर एसपी ने महिला से बातचीत की और उसका हाल जाना। इस दौरान उन्होंने डॉक्टरों से भी महिला की हालत के बारे में बात की।
ताज़ा ख़बर पढ़ने के लिए आप हमारे टेलीग्राम चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। @rajexpresshindi के नाम से सर्च करें टेलीग्राम पर।