पिता के दोस्त ने किया 3 वर्षीय बच्चे का अपहरण
पिता के दोस्त ने किया 3 वर्षीय बच्चे का अपहरणRaj Express

Gwalior : पिता के दोस्त ने किया 3 वर्षीय बच्चे का अपहरण

माधवगंज थाना क्षेत्र के नादरिया की माता इलाके से शनिवार की शाम 7:30 बजे 3 साल के बच्चे का अपहरण हो गया। बच्चे का अपहरण किसी अपरिचित व्यक्ति ने नहीं बल्कि बच्चे के पिता के दोस्त ने ही किया था।

हाइलाइट्स :

  • रात भर अपने पास रखने के बाद बच्चे को झाड़ियों में छोड़कर भागा आरोपी

  • माधवगंज थाना क्षेत्र के नादरिया की माता इलाके से अपहरण किया था बच्चे का

  • रात में ही तीन थानों की पुलिस जुट गई थी बच्चे का पता लगाने में

ग्वालियर, मध्यप्रदेश। माधवगंज थाना क्षेत्र के नादरिया की माता इलाके से शनिवार की शाम 7:30 बजे 3 साल के बच्चे का अपहरण हो गया। बच्चे का अपहरण किसी अपरिचित व्यक्ति ने नहीं बल्कि बच्चे के पिता के दोस्त ने ही किया था। बाद में पुलिस उसकी तलाश में जुट गई। लेकिन रातभर तलाशी के बाद भी पुलिस के हाथ कुछ नहीं लगा, लेकिन पुलिस की सक्रियता से भयभीत होकर आरोपी बच्चे को घर से करीब 12 किलो मीटर दूर रविवार की सुबह 12 बजे नारायण बिहार क्षेत्र में कारसदेव मंदिर के पास झाड़ियों में छोड़कर भाग गया। आरोपी स्मैक का नशा करता है, इसलिए आशंका जताई जा रही है कि उसने फिरोती के लिए ही बच्चे का अपहरण किया था।

माधवगंज स्थित नादरिया की माता निवासी विवेक सिंह कुशवाह (28) निजी कंपनी में कर्मचारी है। परिवार में पत्नी माया और 3 साल का बेटा ऋषभ है। शनिवार शाम 7:30 बजे विवेक घर पर खाना खा रहा था। बेटा पास ही खेल रहा था, तभी बाहर से किसी ने आवाज लगाई। आवाज विवेक के पड़ोसी रहे पंकज तोमर की थी। ऋषभ खेलते हुए बाहर दरवाजे तक चला गया। उसने बोला भी था कि अंकल आए हैं। इसके बाद बच्चे की आवाज नहीं सुनी। विवेक ने सोचा खाना खाने के बाद बाहर जाता हूं। 15 मिनट बाद ऋषभ की मां उसके लिए दूध लेकर पहुंची। जब उसने बेटे के बारे में पूछा तो विवेक ने कहा कि पंकज के पास खेल रहा होगा। माया ने बाहर आकर देखा, तो वहां कोई नहीं था। इसके बाद विवेक को बताया। बच्चा नहीं मिलने पर हंगामा हो गया। बच्चा नहीं मिलने पर परिवार वालों ने छानबीन शुरू की तो कुछ लोगों ने बताया कि ऋ षभ को पंकज तोमर गोदी में लेकर भागते दिखा था। इसके बाद विवेक ने पंकज की तलाश की, लेकिन वह नहीं मिला। रात को माधवगंज थाना पुलिस से शिकायत की। थाना प्रभारी वर्षा सिंह ने मामले को गंभीरता से लिया। वरिष्ठ अफसरों को अवगत कराया। अफसरों ने भी तत्काल बच्चे का पता लगाने के निर्देश देकर नाइट गश्त पर निकले थाना प्रभारी गिरवाई रघुवीर मीणा व जनकगंज थाना प्रभारी संजीव नयन शर्मा की टीमें बनाकर सर्चिंग में लगाईं। पुलिस रात भर पंकज की तलाश में लगी रही। इस बीच पुलिस को पता लगा कि अपहरणकर्ता स्मैक पीता है। इसके बाद अफसरों की चिंता और बढ़ गई। रविवार सुबह सूचना मिली कि एक युवक ऐसे ही बच्चे के साथ गोला का मंदिर नारायण बिहार कॉलोनी में कारसदेव बाबा के मंदिर की ओर जाता दिखा है। पुलिस ने तत्काल घेराबंदी की। कुछ ही देर में पंकज को घेर लिया। पुलिस से सामना होते ही पंकज बच्चे को कच्चे रास्ते पर छोड़कर भाग गया। माधवगंज थाना प्रभारी वर्षा सिंह के मुताबिक पंकज की तलाश की जा रही है, जल्द ही पकड़ा जाएगा।

ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस वाट्सऐप चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। वाट्सऐप पर Raj Express के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।

Related Stories

No stories found.
logo
Raj Express | Top Hindi News, Trending, Latest Viral News, Breaking News
www.rajexpress.com