गांजा तस्कर गिरोह का भंडाफोड़, 17.5 लाख का गांजा बरामद, 6 आरोपी गिरफ्तार

पिपलानी पुलिस की बड़ी कार्रवाई। 1 क्विंटल 75 किलो गांजा, 2 कार, 1 स्कूटी समेत करीब 35 लाख रुपए का माल बरामद। आंध्र प्रदेश और उड़ीसा से हो रही थी तस्करी। चारपहिया वाहन में बना रखे थे गुप्त चैम्बर।
गांजा तस्कर गिरोह का भंडाफोड़
गांजा तस्कर गिरोह का भंडाफोड़Social Media

भोपाल, मध्य प्रदेश। पिपलानी पुलिस ने एक गांजा तस्कर गिरोह का भंडाफोड़ कर बड़ी मात्रा में अवैध गांजा बरामद किया है। पुलिस ने कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर एक क्विंटल 75 किलो गांजा और दो चारपहिया वाहन व एक स्कूटी बरामद की है। बरामद गांजे की कीमत करीब साढ़े 17 लाख रुपए आंकी गई है। शातिर गांजा तस्कर चारपहिया वाहनों में गुप्त चेंबर बनाकर आंध्र प्रदेश और उड़ीसा से अवैध गांजे की तस्करी कर रहे थे। सभी आरोपियों के खिलाफ नारकोटिक्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।

पुलिस अधीक्षक साई कृष्णा थोटा ने जानकारी देते हुए बताया कि विगत 16 सितम्बर को पिपलानी पुलिस ने आरोपी सुमित अहिरवार निवासी गुप्ता कालोनी पिपलानी को दो किलो गांजे के साथ गिरफ्तार किया था। आरोपी से पूछताछ में मिली जानकारी पर लगातार काम करने पर पता चला कि गांजा तस्कर चारपहिया वाहनों में गुप्त चेम्बर बनाकर आंध्रप्रदेश व उडीसा से गांजा लेकर आते हैं। इस बिंदु पर काम कर मुखबिर तंत्र मजबूत किया गया। गिरफ्तार आरोपियों के नम्बर मिले जिन पर लगातार सूचना के बाद विगत दो दिसम्बर 2020 को आरोपी प्रदीप पांडे निवासी छोला मंदिर व दिनेश कुशवाहा निवासी चांदबड बजरिया को गिरफ्तार कर 5 किलो गांजा और एक स्कूटी ज़ब्त की गई । इसी तारतम्य में विगत 3 दिसम्बर 20 को मुखबिर से सूचना मिली कि एक फोर्ड क्लासिक फिस्टा कार क्रमांक एमएच 04 जीडी 4341 और एक टाटा बोल्ट लाल रंग की एमएच 01 सीजे 3741 में आंध्रप्रदेश से गांजा की बड़ी खेप आ रही है। सूचना मिलते ही पिपलानी पुलिस की दो पार्टियां बनाकर नेटवर्क फैलाया गया। दोनों टीमों ने घेराबंदी कर एनसीसी ग्राउंड में एक फोर्ड क्लासिक फिस्टा सफेद रंग की कार को पकड़ लिया। कार में सवार सईद खान निवासी मदर इंडिया कालोनी शाहजाहानाबाद और अतीक निवासी अहाता रूस्तम खां श्यामला हिल्स को हिरासत में लिया गया। कार की बारीकी से तलाशी लेने पर कार की पिछली सीट के पीछे एक गुप्त चेम्बर मिला। चैम्बर में करीब एक क्विंटल गांजा छिपा रखा मिला। लगातार तीन माह के सतत प्रयास के बाद पिपलानी पुलिस ने अभी तक तीन क्विंटल गांजा और 12 आरोपी खऱीददार व विक्रेताओं को गिरफ्तार कर सीहोर, भोपाल, राजगढ़ के गांजा तस्करो के नेटवर्क को तोड़ा गया। इसी कडी मे मुखबिर की सूचना पर जम्बूरी मैदान एसओएस के पास एक तरफ टाटा वोल्ट लाल रंग की कार मिली। तलाशी लेने पर पीछे डिग्गी में 75 किलो गांजा मिला। गांजा ज़ब्त कर गाडी मे सवार लखन लाल गौर निवासी शेखपुरा चांदबड मंडी सीहोर और रामबाबू मेवाडा निवासी मगरखेडा श्यामपुरा सीहोर को गिरफ्तार किया गया।

नगर पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के नाम प्रदीप पांडे, उम्र 50, निवासी 103 न्यू शिव शक्ति नगर छोला मंदिर, दिनेश कुशवाहा, उम्र 48, निवासी 481 विजय नगर चाँदबड स्टेशन बजरिया, मोण्सईद शाह, उम्र 40, निवासी 987 मदर इंडिया कालोनी ईदगाह हिल्स शाहजहानाबाद, अतीक खान, उम्र 40, निवासी 273 अहाता रूस्तम खां श्यामला हिल्स, लखन लाल गौर, उम्र 50, निवासी ग्राम शेखपुरा चाँदबड तहसील सीहोर थाना मंडी जिला सीहोर व रामबाबू मेवाडा, उम्र 26, निवासी ग्राम मगरखेडा चांदबड थाना श्यामपुर जिला सीहोर हैं। आरोपियों से कुल 175 किलो गांजा, फोर्ड कार, बोल्ट कार, स्कूटी बरामद की है। बरामद गांजे की कीमत करीब साढ़े 17 लाख रुपए व ज़ब्त वाहनों की कीमत साढ़े 17 लाख रुपए बताई गई है।

ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस वाट्सऐप चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। वाट्सऐप पर Raj Express के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।

और खबरें

No stories found.
logo
Raj Express | Top Hindi News, Trending, Latest Viral News, Breaking News
www.rajexpress.com