सिरफिरे आशिक ने वरमाला के बाद कमरे में बैठी दुल्हन की गोली मारकर हत्या, छाया मातम
राज एक्सप्रेस। उत्तर प्रदेश (UP) के मथुरा (Mathura) जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक सिरफिरे आशिक ने वरमाला के बाद कमरे में बैठी दुल्हन की गोली मारकर हत्या कर दी। बता दें, दुल्हन जैसे ही जयमाल के बाद स्टेज से उतरकर अपनी सहेलियों के साथ अपने कमरे में पहुंची, तो गांव के ही रहने वाले एक सिरफिरे युवक ने गोली मारकर उसकी हत्या कर दी।
बता दें कि, यह मामला मथुरा के नौहझील थाना क्षेत्र के मुबारकपुर गांव का है। खूबीराम प्रजापति की बेटी काजल की गुरुवार को शादी थी और बारात नोएडा से आई थी। रात करीब एक बजे वरमाला की रस्म हुई। काजल ने दूल्हे को वरमाला पहनाई। इसके बाद दुल्हन को उसकी बहन और सहेलियां वापस कमरे में ले गईं। दो महिलाओं के साथ दुल्हन घर के बाहरी कमरे में बैठी थी, तभी एक युवक अचानक वहां पहुंचा और काजल को गोली मार दी। मौके पर ही दुल्हन की मौत हो गई। दुल्हन की हत्या करने के बाद युवक वहां से भाग गया।
काजल की आंख के पास गोली लगी है, जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई। दुल्हन की हत्या करने के बाद युवक वहां से भाग गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। बताया गया है कि, आरोपी युवक ने दुल्हन की हत्या से पहले अपने साथियों के संग बारातियों को खूब धमकाया। वहीं, इस घटना के बाद दुल्हन के घर ही नहीं पूरे गांव में मातम का माहौल है।
मृतक बेटी के पिता ने बताया:
मृतक बेटी के पिता खुशी राम ने बताया कि, "मेरी बेटी की शादी थी। जयमाला पड़ने के बाद मेरी बेटी घर गई और घर पर कमरे में बैठी थी, जिसके बाद एक अज्ञात व्यक्ति आया और उसने मेरी बेटी को आंख के पास गोली मार कर भाग गया। मैं बेटी को पकड़ कर लाया पर उसकी मृत्यु हो चुकी थी।"
ताज़ा ख़बर पढ़ने के लिए आप हमारे टेलीग्राम चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। @rajexpresshindi के नाम से सर्च करें टेलीग्राम पर।