पांढुर्णा : एरोमा सिगरेट फैक्ट्री में डकैती का आरोप

कंपनी प्रबंधन ने किया तीन करोड़ की लूट का दावा : लुटेरों नें कंपनी के अंदर रखी गई 300-350 सिगरेट के बॉक्स वाहनो में लादकर फरार, विश्व प्रसिद्ध सिगरेट वन एण्ड ऑनली का निर्माण किया जाता है।
पांढुर्णा: एरोमा सिगरेट फैक्ट्री में लुटेरों नें चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
पांढुर्णा: एरोमा सिगरेट फैक्ट्री में लुटेरों नें चोरी की वारदात को अंजाम दिया। रवि सोलंकी।

पांढुर्णा, मध्य प्रदेश। नगर मुख्यालय सें नागपुर मार्ग पर सिवनी व राजना के बीच संचालित होने वाली एरोमा सिगरेट कंपनी में मंगलवार व बुधवार की दरमियानी रात अज्ञात 8-10 नकाबपोश द्वारा सिक्योरिटी गार्ड को बांधकर 300 से अधिक सिगरेट के बॉक्स जबरन ले जाने का मामला सामने आया है।

कंपनी प्रबंधन द्वारा पुलिस थाने में की गई शिकायत के अनुसार मंगलवार रात को 8 बजें के बाद अज्ञात लुटेरो ने कंपनी में कार्यरत सिक्योरिटी गार्ड प्रेमलाल धारपूरे व उसके एक अन्य सहयोगी को बंधक बनाते हुए अंदर घुस गए, जिसमें लुटेरों ने दोनो ही कर्मचारियों की आंखों पर पट्टी बांधी और हाथपैर बांध के कंपनी के अंदर लेकर गए। बाद में लगभग 12 सें 1 बजे तक लुटेरो द्वारा कंपनी के अंदर रखी गई 300-3 50 सिगरेट के बॉक्स वाहनो में लादकर फरार होने की जानकारी दी गई।

बताया जा रहा है की एरोमा सिगरेट कंपनी गत कुछ माह सें कोविड के समय से बंद बताई जा रही है, जिसमें विश्व प्रसिद्ध सिगरेट वन एण्ड ऑनली का निर्माण किया जाता है। जानकारी मिलने पर पांढुर्णा पुलिस के अलावा जिला पुलिस अधिक्षक विवेक अग्रवाल और अन्य टीमें मौके पर जांच करने पहुंच गई। समाचार लिखे जाने तक कंपनी प्रबंधन से जुड़े लोग बुधवार को कंपनी के भीतर दिन भर जांच होने के बाद शाम को थाने में शिकायत दर्ज करा रहे थे। इस दौरान जिले से आयी साइबर टीम, फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट सहित अन्य एक्सपर्ट जांच कें लिए पहुंचे थे, जांच लगातार जारी रही।

इस सनसनीखेज घटना में 3 करोड़ से अधिक के सिगरेट बॉक्स लुटेरो द्वारा ले जाने का दावा किया जा रहा है। लेकिन इस घटनाक्रम में कंपनी प्रबंधन के लोग प्रारंभिक जांच में शक के दायरे में हैं। क्षेत्र में चल रही चर्चाओ के अनुसार इस घटना केा अंजाम देने वाली पार्टी बहुत बड़े स्तर की है, जो इसी व्यवसाय से जुड़ी हुई है। चूंकी सोने चांदी या वाहन को चुराकर बेचना आसान है। सिगरेट को वही व्यक्ति बेच सकता है, जो इस व्यवसाय से जुड़ा हो। दूसरा एंगल यह भी चर्चाओ में है कि एरोमा प्रबंधन के ही लोगों ने सिगरेट के इंश्योरेंस कें लिए लूट की कहानी रची हो। घटना का खुलसा जल्द ही होने का दावा पुलिस अधिक्षक द्वारा किया गया।

विवादोx में रही है कंपनी :

पांढुर्णा के सिवनी- राजना में संचालित होने वाली एरोमा सिगरेट कंपनी शुरूआती दिनों से ही विवादों से जुड़ी रही है। चाहे मामला पूना की जीएसटी टीम सें जांच कें दौरान मारपीट का हो या पांढुर्णा पुलिस सें असहयोग का रहा हो। कंपनी की कार्यशैली शुरुआत से ही संदिग्ध रही है। इसी कारण हर साल कोई ना कोई विवाद सामने आता रहता है।

वर्तमान में घटी 300 से अधिक सिगरेट बॉक्स की घटना किसी के भी गले नहीं उतर रही है। क्योंकि कंपनी लगातार 5-6 महिने से बंद बताई जा रही है। जिसमें इतनी बड़ी मात्रा में सिगरेट का जखीरा कैसे हो सकता है? जानकारों के अनुसार 300-350 सिगरेट के बॉक्स जो लूटे गए हैं, उसके अलावा भी सैकड़ों और भी सिगरेट के बॉक्स कंपनी परिसर के भीतर मौजूद बताए जा रहे हैं। शुरूआत सें ही कंपनी कुछ माह शुरू व कुछ बंद प्रबंधन द्वारा बताई जाती रही। लेकिन कंपनी के भीतर देर रात लगातार वन एण्ड ऑनली सिगरेट निर्माण की जानकारीयां मिलती रहती हैं। कई बार जीएसटी, सेंट्रल एक्साइज द्वारा इस घटनाक्रम का खुलासा किया जा चुका है। जिसमें मारपीट से लेकर कई विवाद प्रबंधन के साथ हुए हैं।

भले ही एरोमा कंपनी के द्वारा लूटे गए सिगरेट के बॉक्स एक्सपायरी बताए जा रहे हैं, लेकिन इसकी सच्चाई केवल उन्हें ही पता है। सबसे रोचक बात यह है कि बंद बताई जा रही कंपनी के भीतर सिगरेट के बॉक्स है या नहीं यह केवल कंपनी प्रबन्धन के लोगों को ही मालूम रहता है और यदि वास्तव में सिक्योरिटी गार्ड को बंधक बनाकर 3 करोड़ से अधिक सिगरेट बॉक्स की लूट हुई है तो उसमें निश्चित रूप से कंपनी के भीतर के लोगों पर ही जानकारी लीक करने का संदेह बना हुआ है। रात 8 बजे से 12-1 बजे तक इतनी लंबी लूट एनएच पर स्थित कंपनी में सिक्योरिटी गार्ड को बंधक बनाकर असंभव है। एरोमा सिगरेट प्रोडक्ट कंपनी प्रबंधन से जुड़ी खिंचतान शुरूआत सें ही किसी सें छुपी नहीं है। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है, जांच के दौरान पुलिस अधिक्षक विवेक अग्रवाल, एसडीओपी रोहित लखारे, थाना प्रभारी राकेश भारती के अलावा बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहे।

लगातार बढ़ रही चोरी व लूट की घटनाएं :

गत कुछ माह सें पांढुर्णा क्षेत्र में घरों में हो रही चोरियां, मोटरसाइकिल चोरी और वर्तमान में घटी डकैती व लूट जैसी घटनाएं निरंतर बढ़ रही हैं। हर एक-दो दिन में ऐसी घटनाएं सामने आ रही हैं। यकीन करें तो एरोमा प्रोडक्ट कंपनी में कथित रूप से हुई डकैती या लूट के अलावा नपा के भीतर चौकीदार पर हमला करके नकाबपोशों द्वारा नपा कार्यालय में भी दिन दहाड़े पुलिस थाने के बाजू में डकैती का प्रयास करते हुए जानलेवा हमला किया था। ऐसी घटनाओं से क्षेत्रवासी दहशत में हैं, लेकिन पांढुर्णा में अपर्याप्त पुलिस बल और पुलिस प्रशासन की लचर कार्यप्रणाली सें चोरों के हौसले बुलंद हैं। मुलताई में घरों व प्रतिष्ठानों में हुई चोरी की घटनाओं में पांढुर्णा कें एक शातिर चोर को पुलिस ने रंगेहाथ गिरफ्तार किया व कुछ अन्य चोर फरार चल रहे हैं। लेकिन छिंदवाड़ा पुलिस पांढुर्णा में ही घट रही इन चोरी व लूट की वारदातों पर अंकुश नहीं लगा पा रही हैं।

ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस वाट्सऐप चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। वाट्सऐप पर Raj Express के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।

और खबरें

No stories found.
logo
Raj Express | Top Hindi News, Trending, Latest Viral News, Breaking News
www.rajexpress.com