महिला कांस्टेबल के साथ सात साल तक सब-इंस्पेक्टर करता रहा दुष्कर्म
महिला कांस्टेबल के साथ सात साल तक सब-इंस्पेक्टर करता रहा दुष्कर्मसांकेतिक चित्र

ग्वालियर में पदस्थ महिला कांस्टेबल के साथ सात साल तक सब-इंस्पेक्टर करता रहा दुष्कर्म

मध्य प्रदेश के ग्वालियर से एक प्यार प्रसंग और रेप का मामला सामने आया है। इस मामले के तहत एक सब इंस्पेक्टर प्यार-मोहब्बत और शादी का झांसा देकर महिला कांस्टेबल का रेप करता रहा।

ग्वालियर, मध्य प्रदेश। दुनियाभर में पुलिस कर्मी अपराधियों को पकड़ कर लोगों की सुरक्षा का काम करते हैं। इस कोरोना काल में वॉरियर्स के रूप में चिकित्सकों के अलावा अगर कोई सामने आया है तो, वो पुलिस कर्मी ही थे। वहीं, रक्षक ही अगर भक्षक बन जाये तो, जनता किसके पास जाएगी। दरअसल, मध्य प्रदेश के ग्वालियर से ऐसा ही एक मामला सामने आया है। जहां,एक पुलिस सब इंस्पेक्टर ही दरिंदा बन बैठा और एक महिला कांस्टेबल की इज्जत से खेल गया।

क्या है मामला :

दरअसल, मध्य प्रदेश के ग्वालियर से एक प्रेम प्रसंग और रेप का मामला सामने आया है। इस मामले के तहत एक सब इंस्पेक्टर प्यार-मोहब्बत और शादी का झांसा देकर महिला कांस्टेबल का रेप करता रहा। बता दें, यह सब इंस्पेक्टर दतिया में पदस्थ था। उसने पहले महिला कांस्टेबल से दोस्ती की फिर उसे शादी का झांसा दिया और उसके साथ सात साल तक दुष्कर्म करता रहा। इस मामले में पीड़ित महिला कांस्टेबल ने दतिया थाने में शिकायत करते हुए मामला दर्ज कराया है। हालांकि, दतिया पुलिस ने इस मामले की केस डायरी ग्वालियर भेज दी है। महिला कांस्टेबल ने अपनी शिकायत में पूरा मामला बताया।

भोपाल में हुई थी पहचान :

महिला कांस्टेबल द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, महिला कांस्टेबल की पहचान 7 साल पहले इस सब इंस्पेक्टर से भोपाल में हुई थी। महिला पुलिसकर्मी परेड में शामिल होने के लिए भोपाल आई थी, तब महिला सब इंस्पेक्टर धर्मेंद्र कुशवाहा से मिली और दोनों की दोस्ती हो गई। धर्मेंद्र कुशवाहा ने पीड़िता से मीठी-मीठी बातें की और उसने बताया कि, वह तलाकशुदा है। इस प्रकार धीरे-धीरे दोनों का प्यार परवान चढ़ने लगा और दोनों के बीच नजदीकियां आने लगी। इसके बाद धर्मेंद्र ग्वालियर आता रहा और यहां वह पीड़िता को शादी का झांसा देकर उसके साथ लगातार कई साल तक शारीरिक संबध बनाता रहा। महिला भी शादी का सोचकर चुपचाप सब इंस्पेक्टर की शारीरिक प्रताड़ना बर्दाश्त करती रही, लेकिन जब भी वह शादी का बोलती धर्मेंद्र बात घुमा देता।

सब इंस्पेक्टर की पत्नी ने किया खुलासा :

जानकारी के अनुसार, एक दिन सब इंस्पेक्टर धर्मेंद्र की पत्नी ने अचानक पीड़िता महिला कांस्टेबल को फोन लगा कर पूरी बात बताते हुए बताया कि, उसका पति महिला को धोखा दे रहा है। इस बारे में जानकारी मिलने पर महिला कांस्टेबल हैरान रह गई, उसने समझदरी दिखाते हुए धर्मेंद्र से दूरियां बना ली और साल 2019 में शादी कर ली, लेकिन सब इंस्पेक्टर धर्मेंद्र इस महिला कांस्टेबल की शादी हो जाने के बाद भी उसके साथ दुष्कर्म करता रहा। वह महिला कांस्टेबल को ब्लैकमेल करता और उसके साथ दुष्कर्म करता। यह सिलसिला कुछ ही समय चला। इतना ही नहीं वह महिला के साथ मारपीट भी करता था। इस बात की जानकारी जब महिला कांस्टेबल के पति को लगी तो पीड़िता के पति ने उसे तलाक देने का फैसला कर लिया। इसके बाद महिला कांस्टेबल ने सब इंस्पेक्टर के खिलाफ दतिया पहुंच कर मामला दर्ज कराया।

दतिया में पदस्थ है सब इंस्पेक्टर :

बताते चलें, वर्तमान समय में सब इंस्पेक्टर धर्मेंद्र दतिया जिले में पदस्थ हैं इसलिए, महिला ने दतिया जाकर मामला दर्ज कराया, लेकिन केस डायरी ग्वालियर भेजने के बाद यहां इस मामले की जांच महाराज थाने में शुरू कर दी गई है।

ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस वाट्सऐप चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। वाट्सऐप पर Raj Express के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।

Related Stories

No stories found.
logo
Raj Express | Top Hindi News, Trending, Latest Viral News, Breaking News
www.rajexpress.com