मनोरंजन जगत के लिए साल 2020 बहुत बुरा रहा। मनोरंजन जगत ने कई दिग्गज कलाकारों को खो दिया। हाल ही में फिल्म इंडस्ट्री को एक और तगड़ा झटका लगा है। अब बॉलीवुड और टीवी इंडस्ट्री के जाने-माने अभिनेता आसिफ बसरा के निधन की खबर आ रही है। 53 वर्षीय दिग्गज अभिनेता आसिफ बसरा ने हिमाचल प्रदेश की धर्मशाला में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। ये खबर फैंस के साथ-साथ इंडस्ट्री से जुड़े लोगों के लिए भी चौंका देने वाली है।
मौके पर पहुँची पुलिस:
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। कांगड़ा के एसएसपी विमुक्त रंजन ने मामले की पुष्टि की है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि, आसिफ डिप्रेशन में थे। एसएसपी ने बताया कि, आसिफ बसरा पिछले 5 सालों से मैक्लोडगंज में एक किराए के मकान में रह रहे थे। उनके साथ उनकी एक विदेशी महिला मित्र भी रहती थी।
सूत्रों के मुताबिक, अभिनेता आसिफ बसरा बुधवार रात 10:30 बजे से गायब थे। वे अपने पालतू कुत्ते के साथ निकले थे। उनका कुत्ता अभी भी लापता है। गुरुवार को मैक्लोडगंज स्थित कैफे के पीछे उनका शव पाया गया। एसएसपी विमुक्त रंजन ने बताया कि, पुलिस सभी एंगल पर जांच कर रही है।
हंसल मेहता ने जताया शोक:
आसिफ का जाना बॉलीवुड के लिए एक बड़ा झटका है। फिल्म डायरेक्टर हंसल मेहता आसिफ के जाने की खबर से शॉक्ड हैं। हंसल ने अपने ट्विटर अकाउंट पर ट्वीट करते हुए आसिफ के निधन पर दुख ज़ाहिर करते हुए लिखा है, "आसिफ बसरा! ये सच नहीं हो सकता...ये बहुत ज्यादा दुख की बात है।"
कौन हैं आसिफ बसरा:
वहीं अगर आसिफ बसरा के बारे में बात करें, तो आसिफ बसरा बॉलीवुड का जाना-माना चेहरा था, उनकी उम्र सिर्फ 53 साल थी। एक्टर ने अपने करियर की शुरुआत 1998 में फिल्म 'वो' से की थी। इसके बाद एक्टर ने 'ब्लैक फ्राइडे', 'परजानियां', 'जब वी मेट', 'वन्स अपॉन अ टाइम' जैसे कई बेहतरीन फिल्मों में काम किया था। आसिफ, सुशांत सिंह राजपूत की फिल्म 'काई पो चे' में नज़र आ चुके थे।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस वाट्सऐप चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। वाट्सऐप पर Raj Express के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।