विवेक ओबेरॉय के घर पर छापेमारी, फरार चल रहे हैं उनके साले आदित्य अल्वा

जाने-माने अभिनेता विवेक ओबरॉय के घर पर बंगलूरू पुलिस ने छापेमारी की है। दोपहर 1 बजे पुलिस के दो इंस्पेक्टर विवेक ओबेरॉय के घर पहुंचे और छापेमारी की शुरुआत की।
विवेक ओबेरॉय के घर पर छापेमारी
विवेक ओबेरॉय के घर पर छापेमारीSyed Dabeer Hussain - RE

बॉलीवुड के जाने-माने अभिनेता विवेक ओबरॉय के घर पर बंगलूरू पुलिस ने छापेमारी की है। दोपहर 1 बजे बंगलूरू पुलिस के दो इंस्पेक्टर विवेक ओबेरॉय के घर पहुंचे और छापेमारी की शुरुआत की। यह छापेमारी विवेक ओबरॉय के साले आदित्य अल्वा के मामले में की जा रही है। बेंगलुरु पुलिस तलाशी का वारंट लेकर विवेक ओबरॉय के जुहू स्थित घर पर पहुंची। पुलिस का कहना है कि, आदित्य अल्वा नाम का शख्स विवेक ओबेरॉय का रिश्तेदार है। आदित्य के खिलाफ केस दर्ज होने के बाद से वह फरार हैं। सीसीबी ने कोर्ट वॉरंट लेकर विवेक के घर की तलाशी ली।

पुलिस अधिकारी ने कही यह बात:

एक पुलिस ऑफिसर ने इस छापेमारी को लेकर बताया कि, "आदित्य अल्वा फरार है। विवेक ओबेरॉय उनके रिश्तेदार हैं और हमें जानकारी मिली है कि, अलवा उनके घर में छुपा है, तो हम चेक करना चाहते थे। इसी के लिए कोर्ट से वॉरेंट लिया गया और हमारी क्राइम ब्रांच की टीम बेंगलुरु से मुंबई में उनके घर गई। आदित्य अल्वा के बेंगलुरु वाले घर की तलाशी भी पुलिस ने ली है।"

आपको बता दें कि, ड्रग मामले में आरोपी आद‍ित्य अल्वा पूर्व मंत्री दिवंगत जीवराज अल्वा के बेटे हैं और उनकी बहन प्रियंका अल्वा अभिनेता विवेक ओबरॉय की पत्नी हैं। उल्लेखनीय है कि, कॉटनपेट पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज होने के बाद से आदित्य अल्वा फरार हैं। उन्हें दिवंगत मुख्यमंत्री रामकृष्ण हेगड़े का दाहिना हाथ माना जाता था।

आदित्य अल्वा पर कन्नड़ फिल्म इंडस्ट्री के कलाकारों को कथित तौर पर ड्रग्स सप्लाई करने के आरोप हैं। इस केस में क्राइम ब्रांच की टीम कन्नड़ अभिनेत्री रागिनी द्विवेदी सहित कुछ ड्रग पेडलर्स को गिरफ्तार कर चुकी है।

रिपोर्ट के अनुसार, रागिनी द्विवेदी के घर पर छापेमारी के बाद से ही विवेक ओबरॉय के साले आदित्य अल्वा लगातार फरार चल रहे हैं। इस मामले में पुलिस ने रागिनी द्विवेदी की न्यायिक हिरासत मांगी थी और वो फिलहाल जेल में बंद हैं। सेंट्रल क्राइम ब्रांच के मुताबिक, आदित्य अल्वा को इस केस में पांचवा आरोपी बनाया गया है।

बता दें, सैंडलवुड इंडस्ट्री ड्रग स्कैंडल उस समय सामने आया था, जब कन्नड़ फिल्म निर्माता और पत्रकार गौरी लंकेश के भाई इंद्रजीत लंकेश ने कन्नड़ फिल्म सेलिब्रिटीज पर ड्रग्स लेने का आरोप लगाया था।

ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस वाट्सऐप चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। वाट्सऐप पर Raj Express के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।

और खबरें

No stories found.
logo
Raj Express | Top Hindi News, Trending, Latest Viral News, Breaking News
www.rajexpress.co