बॉलीवुड अभिनेत्री करीना कपूर खान और सनी लियोनी जैसी बड़ी सेलेब्स के फैशन डिजाइनर स्वप्निल शिंदे ने अपनी पहचान को लेकर दुनिया के सामने बड़ा खुलासा किया है। स्वप्निल शिंदे ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर पोस्ट शेयर किया है। उन्होंने खुद के ट्रांसवुमन होने का खुलासा सोशल मीडिया पर कर दिया है। अपने सोशल मीडिया पर ट्रांसजेंडर बनने का ऐलान करके स्वप्निल शिंदे ने सबको दंग कर दिया है। उनका ये पोस्ट सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है।
डिजाइनर ने सोशल मीडिया पर एक लंबी पोस्ट के जरिए अपनी जिंदगी की एक बड़ी सच्चाई बताई है। डिजाइनर ने सोशल मीडिया पर अपनी नई फोटोज भी शेयर की हैं, जिनमें वे लड़की के लुक में हैं। स्वप्निल ने इसके साथ ही अपना नाम बदलकर सायशा शिंदे कर लिया है। सोशल मीडिया पर अपने ट्रांसवुमन होने की घोषणा करते हुए सायशा ने अपनी इमोशनल कहानी भी शेयर की है। उन्होंने अपने पोस्ट शेयर करते हुए कैप्शन में अपने नाम सायशा का अर्थ समझाते हुए लिखा, "सायशा का अर्थ है एक सार्थक जीवन। मेरा प्लान भी अपनी लाइफ को सार्थक बनाने का है।"
स्वप्निल ने शेयर किया नोट:
अपने इंस्टाग्राम पर स्वप्निल शिंदे ने एक नोट भी शेयर किया। नोट में उन्होंने लिखा है, "स्कूल और कॉलेज के दिनों में सभी लड़के मुझसे दूर रहते थे। वह मुझे दूर कर देते थे, क्योंकि मैं अलग थी। लेकिन मेरे भीतर का दर्द इससे कहीं ज्यादा था। मैं एक ऐसे सत्य को जी रही थी, जो मेरा नहीं था। मुझे घुटन महसूस होती थी। एक ऐसा जीवन मुझे हर दिन जीना पड़ता था, जिसमें सामाजिक अपेक्षाओं और मानदंडों को निभाना पड़ता था। वह NIFT में मेरे शुरुआती दिन थे। उम्र के 20वें पड़ाव पर मुझे अपनी सच्चाई स्वीकार करने का साहस मिला, मैं सचमुच खिल गई।"
सायशा ने अपने पोस्ट में आगे लिखा है, "मैंने शुरुआत के कुछ साल खुद को गे मानते हुए बिताए, क्योंकि मैं पुरुषों के प्रति आकर्षित थी। लेकिन आज से 6 साल पहले मुझे खुद के बारे में पता चला कि, मैं गे नहीं, ट्रांसवुमन हूं। तब मैंने इस सच को स्वीकार किया। अब मैं आप सभी को यह बताना चाहती हूं की मैं गे नहीं हूं, मैं एक ट्रांसवुमन हूं।"
सायशा ने जबसे अपने ट्रांसवुमन होने का खुलासा किया है, तब से उन्हें सोशल मीडिया पर कई बॉलीवुड सेलेब्स का प्यार और समर्थन भी मिल रहा है। बता दें कि, स्वप्निल शिंदे उर्फ सायशा करीना-दीपिका के अलावा सनी लियोन, कियारा आडवाणी, श्रद्धा कपूर, कैटरीना कैफ और अनुष्का शर्मा जैसी कई बॉलीवुड एक्ट्रेस के भी डिजाइनर हैं।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस वाट्सऐप चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। वाट्सऐप पर Raj Express के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।