
राज एक्सप्रेस। आज बॉलीवुड की खूबसूरत अभिनेत्री दीपिका पादुकोण अपना 37वां जन्मदिन मना रही हैं। बॉलीवुड की कई सुपरहिट फिल्मों में काम कर चुकीं दीपिका पादुकोण का जन्म 5 जनवरी 1986 को हुआ था। दीपिका पादुकोण के पिता का नाम प्रकाश पादुकोण है जो कि एक मशहूर बैडमिंटन खिलाड़ी रह चुके हैं। दीपिका पादुकोण वर्तमान में बॉलीवुड की सबसे सफल अभिनेत्रियों में से एक हैं। देश-दुनिया में उनके करोड़ो चाहने वाले हैं जो दीपिका से जुड़ी हर चीज पर नजर रखते हैं। हालांकि आज हम आपको दीपिका पादुकोण से जुड़ी कुछ ऐसी बातें बताएंगे, जिनके बारे में बहुत कम लोगों को जानकारी है।
दीपिका पादुकोण का जन्म :
हम में से कई लोग यह सोचते हैं कि दीपिका पादुकोण का जन्म मुंबई या फिर बेंगलुरु में हुआ होगा। हालांकि यह सच नहीं है। असल में उनका जन्म भारत में नहीं हुआ है। दीपिका पादुकोण का जन्म डेनमार्क की राजधानी कोपेनहैगन में हुआ था।
दीपिका पादुकोण की डेब्यू फिल्म :
ज्यादातर लोग यही मानते हैं कि दीपिका पादुकोण की डेब्यू फिल्म ‘ओम शांति ओम’ है। इसका कारण यह भी है कि ज्यादातर लोगों ने दीपिका पादुकोण को पहली बार इसी फिल्म में देखा था। हालांकि ‘ओम शांति ओम’ दीपिका पादुकोण की पहली फिल्म नहीं थी। दीपिका पादुकोण ने कन्नड़ फिल्म ‘ऐश्वर्या’ से डेब्यू किया था।
सांवरिया से होता बॉलीवुड में डेब्यू :
बहुत कम लोग जानते होंगे कि दीपिका पादुकोण बॉलीवुड में अपना डेब्यू रणबीर कपूर और सोनम कपूर की मुख्य भूमिका वाली फिल्म ‘सांवरियां’ से करने वाली थीं। हालांकि किन्हीं कारणों से दीपिका संजय लीला भंसाली की फिल्म में काम नहीं कर पाई। हालांकि यह फिल्म फ्लॉप साबित हुई थी।
म्यूजिक वीडियो से की करियर की शुरुआत :
बता दें कि दीपिका पादुकोण ने अपने अभिनय करियर की शुरुआत किसी फिल्म नहीं बल्कि एक म्यूजिक वीडियो से की थी। वह पहली बार हिमेश रेशमिया की म्यूजिक वीडियो ‘नाम है तेरा’ में नजर आई थीं।
बैडमिंटन प्लेयर :
दीपिका पादुकोण एक अच्छी अभिनेत्री होने के अलावा एक शानदार बैडमिंटन प्लेयर भी है। उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर बैडमिंटन भी खेला है।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस यूट्यूब चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। यूट्यूब पर @RajExpressHindi के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।