राज एक्सप्रेस। साउथ फिल्मों के स्टार और मेगास्टार चिरंजीवी के बेटे राम चरण तेजा (Ram Charan Teja) का आज जन्मदिन है। राम चरण तेजा ने कई ब्लॉकबस्टर फिल्मों में काम किया है। अपनी स्टाइल और एक्शन के दम पर आज एक्टर ने जिस मुकाम को हासिल किया है, वहां तक पहुंच पाना आसान नहीं है। उनके जन्मदिन से कुछ दिन पहले ही उनकी फिल्म 'आरआरआर' (RRR) सिनेमाघरों में रिलीज हुई हैं। ये फिल्म बॉक्स ऑफिस पर खूब धमाल मचा रही है।
फिल्मी करियर:
राम चरण तेजा का जन्म 27 मार्च, 1985 को चेन्नई में हुआ था। राम चरण ने अपने फिल्मी करियर की शुरुआत 2007 में रिलीज हुई तेलुगू फिल्म 'चिरुथा' से की थी। इसके बाद उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा। एक के बाद एक कई सुपरहिट फिल्मों से एक्टर ने अपने फैंस के दिलों में जगह बना ली है। इस फिल्म के लिए उन्हें अवार्ड से सम्मानित भी किया गया था। इसके अलावा उन्होंने 'मगाधीरा', 'येवदु', 'रंगस्थलम' जैसी फिल्मों में काम किया है। तेलुगू फिल्म इंडस्ट्री के सुपरस्टार राम चरण अपने दमदार रोल के लिए जाने जाते हैं। रामचरण फिल्म एक्टर के अलावा एक सफल बिजनेसमैन भी हैं।
जानवरों से प्यार करते हैं राम चरण:
बता दें कि, साउथ के सुपरस्टार राम चरण उनकी दमदार एक्टिंग, सुपरहिट फिल्में और डैशिंग अंदाज जाने जाते हैं। इसके साथ ही वो जानवरों से बहुत प्यार करते हैं। हाल ही में उनकी सुपरहिट फिल्म 'आरआरआर' के प्रमोशन के दौरान वह अपने डॉग 'रहाइम' के साथ नजर आए थे। राम चरण और उनकी पत्नी जानवरों से जुड़ी कई तरह की चैरिटी भी करते रहते हैं। राम चरण के पास खुद का एक फार्म हॉउस है, जहां घोड़े और पक्षियों के साथ कई पालतू जानवर हैं।
राम चरण और उपासना की लव स्टोरी:
राम चरण ने 14 जून, 2012 को अपोलो हॉस्पिटल्स के एग्जीक्यूटिव चेयरमैन प्रताप सी. रेड्डी की पोती उपासना कमिनेनी से शादी की। राम चरण अपनी पत्नी उपासना कमिनेनी से बेहद प्यार करते हैं और इसकी झलक अक्सर सोशल मीडिया पर देखने को मिलती रहती है।
बता दें, राम चरण और उपासना की पहली मुलाकात कॉलेज में हुई थी। कॉलेज में ही राम चरण और उपासना के बीच दोस्ती हुई। कॉलेज की पढ़ाई के बाद जब एक्टर राम चरण अपने आगे की पढ़ाई के लिए विदेश गए, उस वक्त इन दोनों को एक दूसरे के लिए प्यार का अहसास हुआ। पढ़ाई के बाद राम ने एक्टिंग में अपना करियर बनाने की तैयारी की। फिल्म 'मगधीरा' के हिट होने के बाद दोनों एक-दूसरे को लेकर और सीरियस हो गए। दोनों ने फिर अपने-अपने घरवालों को रिलेशन के बारे में बताया और फिर घरवालों ने दोनों की शादी करवा दी।
आपको बता दें कि, इस समय फैंस के ऊपर राम चरण की फिल्म 'आरआरआर' का खुमार चढ़ा हुआ है। मगर इससे भी राम चरण की कई फिल्में बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचा चुकी हैं।
'चिरुथा': पुरी जगंनाध द्वारा निर्देशित एक्टर राम चरण की फिल्म 'चिरुथा' एक एक्शन थ्रिलर फिल्म है। इस फिल्म को अमेजन प्राइम वीडियो पर हिंदी में देखा जा सकता है। इसमें एक्टर ने एक गाइड की भूमिका निभाई थी। फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर अच्छी कमाई की थी।
'मगधीरा': फिल्म 'मगधीरा' रामचरण की सुपरहिट फिल्मों में से एक है। फिल्म में उनके साथ अभिनेत्री काजल अग्रवाल मुख्य भूमिका में हैं। ये फिल्म साल 2009 में रिलीज हुई थी और फिल्म ने बॉक्स ऑफीस पर जबरदस्त कमाई की थी।
'बेटिंग राजा': रामचरण की फिल्म 'बेटिंग राजा' साल 2012 में रिलीज हुई थी। ये एक एक्शन थ्रिलर फिल्म है, जिसे निर्देशक संपत नंदी द्वारा निर्देशित किया गया है। फिल्म में उनके साथ अभिनेत्री तमन्ना भाटिया भी हैं।
'येवडु': रामचरण की फिल्म 'येवडु' को साल 2014 में सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। फिल्म में ऐक्शन और रोमांस का जबरदस्त डोज देखने को मिला था। फिल्म में उनके साथ एक्टर अल्लू अर्जुन (Allu Arjun) भी लीड रोल में नजर आए थे।
'ध्रुवा': रामचरण की फिल्म 'ध्रुवा' साल 2016 में रिलीज हुई थी। फिल्म में उनके साथ अभिनेत्री रकुल प्रीत सिंह मुख्य भूमिका में हैं। फिल्म में उन्होंने आईपीएस ऑफिसर के रूप में मुख्य किरदार निभाया है। ये फिल्म ओटीटी के साथ यूट्यूब चैनल पर भी उपलब्ध है।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस वाट्सऐप चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। वाट्सऐप पर Raj Express के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।