अरविंद त्रिवेदी के निधन की अफवाह, 'लक्ष्मण' सुनील लहरी ने बताई सच्चाई

बीते दिन सोशल मीडिया पर अचानक से अरविंद त्रिवेदी के निधन की खबरें वायरल होने लगीं, जिसके बाद सुनील लहरी ने एक पोस्ट शेयर कर कहा कि, अरविंद त्रिवेदी बिल्कुल ठीक हैं।
अरविंद त्रिवेदी के निधन की अफवाह
अरविंद त्रिवेदी के निधन की अफवाहSocial Media

बीते दिन रामानंद सागर के सीरियल 'रामायण' में रावण का किरदार निभाकर मशहूर हुए एक्टर अरविंद त्रिवेदी के निधन की खबर चारों ओर आग की तरह फैल गई। जिसके बाद 'रामायण' में लक्ष्मण का किरदार निभाने वाले सुनील लहरी ने इसका खंडन करते हुए कोरी अफवाह बताया। एक्टर सुनील लहरी ने इंस्टाग्राम पर दो फोटो शेयर किए हैं। एक में रामायण के दिनों के अरविंद की फोटो है तो एक में हालिया फोटो अरविंद और सुनील की है।

सुनील लहरी ने बताई सच्चाई:

अभिनेता सुनील लहरी ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर दो तस्वीरें शेयर की थीं, जिनमें से एक अरविंद त्रिवेदी की रावण वाले लुक की थी। दूसरी तस्वीर में सुनील, अरविंद त्रिवेदी के साथ दिख रहे हैं। यह तस्वीर एक-दो साल ही पुरानी है। उन्होंने इस तस्वीर को शेयर करते हुए लिखा है, "आजकल कोई ना कोई बुरी खबर सुनने को मिलती है कोरोना की वजह से, ऊपर से अरविंद त्रिवेदी जी (रावण) की झूठी खबर, मेरी प्रार्थना है झूठी अफवाह फैलाने वालों से कृपया करके इस तरह की खबर ना फैलाए... भगवान की दया से अरविंद जी ठीक हैं और प्रार्थना करता हूं कि भगवान उन्हें सदैव स्वस्थ रखें।"

दीपिका चिखलिया ने भी शेयर किया पोस्ट:

वहीं सीता का किरदार निभाने वाली अभिनेत्री दीपिका चिखलिया ने भी इस पर प्रतिक्रिया देते हुए प्रणाम की इमोजी बनायी। उन्होंने अपने सोशल मीडिया साइट इंस्टाग्राम स्टोरी में उन्होंने भी लिखा कि, "ईश्वर की अनुकम्पा से अरविंद त्रिवेदी जी बिल्कुल ठीक हैं।"

पिछले साल भी उड़ी थी निधन की खबर:

मालूम हो कि, पिछले साल 3 मई को भी अरविंद त्रिवेदी के निधन की ख़बर उड़ी थी, जिसके बाद उनके भतीजे कौस्तुभ बी त्रिवेदी ने ट्विटर पर इसका खंडन किया था। उन्होंने लिखा था, "मेरे अंकल अरविंद त्रिवेदी लंकेश पूरी तरह स्वस्थ और सुरक्षित हैं। गुज़ारिश है, फ़र्ज़ी ख़बरें उड़ाना बंद कीजिए। अब कृपया, इसे फैलाइए।"

मध्यप्रदेश में हुआ है अरविंद त्रिवेदी का जन्म:

रामानंद सागर के सीरियल ‘रामायण’ में अरविंद त्रिवेदी ने रावण का जो किरदार प्ले किया था वो आज भी लोगों के जहन में है। दूरदर्शन पर 1986 में शुरू हुए इस सीरियल में रावण की भूमिका ने अरविंद त्रिवेदी को देश और दुनिया भर के टीवी दर्शकों का चहेता बना दिया। अरविंद त्रिवेदी का जन्म मध्यप्रदेश के उज्जैन शहर में हुआ। लेकिन उनका करियर गुजराती रंगमंच से शुरू हुआ। उनके भाई उपेंद्र त्रिवेदी गुजराती सिनेमा के चर्चित नाम हैं और गुजराती फिल्मों में एक्टिंग कर चुके हैं। आपको जानकर आश्चर्य होगा कि लंकेश यानी अरविंद त्रिवेदी ने लगभग 300 फिल्मों में काम किया है। गुजराती भाषा की धार्मिक और सामाजिक फिल्मों से उन्हें गुजराती दर्शकों में पहचान मिली।

ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस वाट्सऐप चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। वाट्सऐप पर Raj Express के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।

और खबरें

No stories found.
logo
Raj Express | Top Hindi News, Trending, Latest Viral News, Breaking News
www.rajexpress.com