
राज एक्सप्रेस। बॉलीवुड अभिनेत्री सुप्रिया पाठक आज किसी पहचान की मोहताज नहीं रह गई हैं। उन्होंने अपने अभिनय के दम पर ही यह मुकाम हासिल किया है। आज उनका नाम हिंदी फिल्म इंडस्ट्री की सबसे बड़ी अभिनेत्रियों में शुमार है। वे पर्दे पर जिस भी किरदार को निभाती हैं उसे देखकर ऐसा लगता है जैसे वे उस किरदार को जी रही हैं। फ़िल्मी दुनिया में कई किरदार निभाने वाली सुप्रिया की निजी जिंदगी भी काफी उलझी रही है। आज सुप्रिया पाठक का 62वां जन्मदिन है। उनका जन्म आज ही के दिन यानि 7 जनवरी 1961 को सपनों के शहर मुंबई में हुआ था। आज इस खास मौके पर चलिए उनकी पर्सनल लाइफ के बारे में आपको बताते हैं।
सुप्रिया पाठक की पहली शादी :
सुप्रिया का फ़िल्मी सफर साल 1981 के दौरान शुरू हुआ था। इसके कुछ समय बाद जब उनकी उम्र 22 की हुई, तब उन्हें अपनी मां की सहेली के बेटे से प्यार हो गया। इस प्यार का नशा कुछ इस कदर उन पर चढ़ा की जल्दी ही उन्होंने शादी भी कर ली। लेकिन शादी के थोड़े समय बाद ही उन्हें इस बात का अहसास होने लगा कि यह रिश्ता उनके लिए ठीक नहीं है। इसलिए शादी के महज 1 साल के भीतर ही उन्होंने अपनी रजामंदी से तलाक ले लिया।
पंकज कपूर से हुई मुलाकात :
शादी के बंधन से आजाद होने के बाद सुप्रिया पाठक फिर एक बार अपने काम की तरफ मुड़ गईं। इस दौरान ही उनकी मुलाकात बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता पंकज कपूर से हुई। हालांकि वे जिस फिल्म की शूटिंग कर रहे थे वह तो कभी रिलीज नहीं हो पाई। लेकिन इन दोनों के बीच प्यार परवान चढ़ने लगा।
पंकज और सुप्रिया की शादी :
एक तरफ जहां सुप्रिया अकेली थीं तो वहीँ उस वक्त तक पंकज भी अपनी पहली पत्नी नीलिमा अजीम से अलग हो चुके थे। इसके बाद कुछ समय तक दोनों ने एकदूजे को डेट किया। हालांकि यह रिश्ता सुप्रिया पाठक की माँ को बिलकुल पसंद नहीं था, लेकिन सुप्रिया ने उनकी एक नहीं सुनी और आखिरकार पंकज के साथ शादी के बंधन में बंध गईं। आज इस कपल के दो बच्चे सना और रूहान हैं। वहीं पंकज कपूर और नीलिमा के बेटे शाहिद कपूर हैं, लेकिन वे भी सुप्रिया से अपनी माँ की तरह प्यार करते हैं।
ताज़ा समाचार और रोचक जानकारियों के लिए आप हमारे राज एक्सप्रेस यूट्यूब चैनल को सब्स्क्राइब कर सकते हैं। यूट्यूब पर @RajExpressHindi के नाम से सर्च कर, सब्स्क्राइब करें।